महाभारत भीष्म पर्व अध्याय 49 श्लोक 1-18

एकोनपंचाशत्तम (49) अध्याय: भीष्म पर्व (भीष्‍मवध पर्व)

Prev.png

महाभारत: भीष्म पर्व: एकोनपंचाशत्तम अध्याय: श्लोक 1-18 का हिन्दी अनुवाद

शंख का युद्ध, भीष्म का प्रचण्ड पराक्रम तथा प्रथम दिन के युद्ध की समाप्ति

धृतराष्ट्र ने पूछा- तात! जब सेनापति श्वेत के शत्रुओं द्वारा युद्धस्थल में मारे जाने पर महान् धनुर्धर पांचालों और पाण्डवों ने क्या किया? संजय! सेनापति श्वेत युद्ध में मारे गये। उनकी रक्षा के लिये प्रयत्न करने पर भी शत्रुओं को पलायन करना पड़ा तथा अपने पक्ष की विजय हुई ये सब बातें सुनकर मेरे मन में बड़ी प्रसन्नता हो रही है। शत्रुओं के प्रतीकार का उपाय सोचते हुए मुझे अपने पक्ष के द्वारा की गयी अनीति का स्मरण करके भी लज्जा नहीं आती है। वे वृद्ध एवं वीर कुरुराज भीष्म हम पर सदा अनुराग रखते हैं (इस कारण ही उन्होंने श्वेत के साथ ऐसा व्यवहार किया होगा)। उस बुद्धिमान विराटपुत्र श्वेत ने अपने पिता के साथ वैर बांध रखा था, इस कारण पिता के द्वारा प्राप्त होने वाले उद्वेग एवं भय से श्वेत ने पहले ही पाण्डवों की शरण ले ली थी। पहले तो वह समस्त सेना का परित्याग करके (अकेला ही) दुर्ग में छिपा रहता था। फिर पाण्डवों के प्रताप से दुर्गम प्रदेश में रहकर निरन्तर शत्रुओं को बाधा पहचाते हुए सदाचार का पालन करने लगा। क्योंकि पूर्वकाल में अपने साथ विरोध करने वाले उन राजाओं के प्रति उसकी बुद्धि में दुर्भाव था पर संजय! आश्चर्य तो यह है कि ऐसा शूरवीर श्वेत, जो युधिष्ठिर का बड़ा भक्त था, मारा कैसे गया?

मेरा पुत्र दुर्योधन क्षुद्र स्वभाव का है। वह कर्ण आदि का प्रिय तथा चंचल बुद्धि वाला है। मेरी दृष्टि में वह समस्त पुरुषों में अधम है (इसीलिये उनके मन में युद्ध के लिये आग्रह है)। संजय! मै, भीष्म, द्रोणाचार्य, कृपाचार्य तथा गान्धारी- इनमें से कोई भी युद्ध नहीं चाहता था। वृष्णिवंशी भगवान वासुदेव, पाण्डुपुत्र धर्मराज युधिष्ठिर, भीमसेन, अर्जुन तथा पुरुषरत्न नकुल-सहदेव भी युद्ध नहीं पसंद करते थे। मैंने, गान्धारी ने और विदुर ने तो सदा ही उसे मना किया है, जमदग्निपुत्र परशुराम ने तथा महात्मा व्यास जी ने भी उसे युद्ध से रोकने का प्रयत्न किया है तथापि, कर्ण, शकुनि, तथा दुःशासन के मत में आकर पापी दुर्योधन सदा युद्ध का ही निश्चय रखता आया है। उसने पाण्डवों को कभी कुछ नहीं समझा।

संजय! मेरा तो विश्वास है कि दुर्योधन पर घोर संकट प्राप्त होने वाला है। श्वेत के मारे जाने और भीष्म की विजय होने से अत्यन्त क्रोध में भरे श्रीकृष्ण सहित अर्जुन ने युद्ध स्थल में क्या किया? तात! अर्जुन से मुझे अधिक भय बना रहता है और वह भय कभी शांत नहीं होता क्योंकि कुन्तीपुत्र अर्जुन शूरवीर तथा शीघ्रतापूर्वक अस्त्र संचालन करने वाला है। मै समझता हूँ कि वह अपने बाणों द्वारा शत्रुओं के शरीरों को मथ डालेगा। इन्द्रकुमार अर्जुन भगवान विष्णु के समान पराक्रमी और महेन्द्र के समान बलवान है। उसका क्रोध और संकल्प कभी व्यर्थ नहीं होता। उसे देखकर तुम लोगों के मन में क्या विचार उठा था? अर्जुन वेदज्ञ, शौर्य सम्पन्न, अग्नि और सूर्य के समान तेजस्वी, इन्द्रस्त्र का ज्ञाता, अमेय आत्मबल से सम्पन्न, वेगपूर्वक आक्रमण करने वाला और बड़े-बड़े संग्रामों में विजय पाने वाला है। वह ऐसे-ऐसे अस्त्रों का प्रयोग करता है, जिसका हल्का सा स्पर्श भी वज्र के समान कठोर है। महारथी अर्जुन अपने हाथ में सदा तलवार खींचे ही रहता है और उसका प्रहार करके विकट गर्जना करता है।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः