महाभारत सभा पर्व अध्याय 26 श्लोक 1-16

षड्विंश अध्‍याय: सभा पर्व (दिग्विजय पर्व)

Prev.png

महाभारत: सभा पर्व: षड्विंश अध्याय: श्लोक 1-16 का हिन्दी अनुवाद


अर्जुन के द्वारा अनेक देशों, राजाओं तथा भगदत्त की पराजय

जनमेजय बोले- ब्रह्मन्! दिग्विजय का विस्तारपूर्वक वर्णन कीजिये। अपने पूर्वजों के इस महान् चरित्र को सुनते सुनते मेरी तृप्ति नहीं हो रही है। वैशम्पायन जी कहते हैं- राजन! यद्यपि कुन्ती के चारों पुत्रों ने एक ही समय इन चारों दिशाओं की पृथ्वी पर विजय प्राप्त की थी, तो भी पहले तुम्हें अर्जुन का दिग्विजय वृत्तान्त सुनाऊँगा। महाबाहु धनंजय ने अत्यन्त दु:सह पराक्रम प्रकट किये बिना ही पहले पुलिन्द देश के भूमिपालों को अपने वश में किया। कुलिन्दों के साथ-साथ कालकूट और आनर्त देश के राजाओं को जीतकर सेना सहित राजा सुमण्डल को भी जीत लिया। राजन्! तदनन्तर शत्रुओं को संताप देने वाले सव्यसाची अर्जुन ने सुमण्डल को साथी बना लिया और उनके साथ जाकर शाकलद्वीप तथा राजा प्रतिविन्ध्य पर विजय प्राप्त की। शाकलद्वीप तथा अन्य द्वीपों में जो राजा रहते थे, उनके साथ अर्जुन के सैनिकों का घमासान युद्ध हुआ। भरत कुलभूषण जनमेजय! अर्जुन ने उन महान् धनुर्धरों को भी जीत लिया और उन सबको साथ लेकर प्राग्ज्योतिषपुर पर धावा किया।

महाराज! प्राग्ज्योतिषपुर के प्रधान राजा भगदत्त थे। उनके साथ महात्मा अर्जुन का बड़ा भारी युद्ध हुआ। प्राग्ज्योतिषपुर के नरेश किरात, चीन तथा समुद्र के टापुओं में रहने वाले अन्य बहुतेरे योद्धाओं से घिरे हुए थे। राजा भगदत्त ने अर्जुन के साथ आठ दिनों तक युद्ध किया, तो भी उन्हें युद्ध से थकते न देख वे हँसते हुए बोले- ‘महाबाहु कौरवनन्दन! तुम इन्द्र के पुत्र और संग्राम में शोभ पाने वाले शूरवीर हो। तुममें ऐसा बल और पराक्रम उचित ही है। मैं देवराज इन्द्र का मित्र हूँ और युद्ध में उनसे तनिक भी कम नहीं हूँ, बेटा! तो भी मैं संग्राम में तुम्हारे सामने खड़ा नहीं हो सकूँगा। पाण्डुनन्दन! तुम्हारी इच्छा क्या है, बताओ? मैं तुम्हारा कौन सा प्रिय कार्य करूँ? वत्स! महाबाहो! तुम जो कहोगे, वही करूँगा'।

अर्जुन बोले- महाराज! धर्मज्ञ सत्यप्रतिज्ञ कुरुकुलरत्न धर्मपुत्र राजा युधिष्ठिर बहुत दक्षिणा देकर राजसूय यज्ञ करने वाले हैं। मैं चाहता हूँ वे चक्रवर्ती सम्राट हों। आप उन्‍हें कर दीजिये। आप मेरे पिता के मित्र हैं और मुझसे भी प्रेम रखते हैं, अत: मैं आपको आज्ञा नहीं दे सकता। आप प्रेमभाव से ही उन्हें भेंट दीजिये। भगदत्त ने कहा- कुन्तीकुमार! मेरे लिये जैसे तुम हो वैसे राजा युधिष्ठिर हैं, मैं यह सब कुछ करूँगा। बोलो, तुम्हारे लिये और क्या करूँ?


इस प्रकार महाभारत सभापर्व के अन्तर्गत दिग्विजय पर्व में अर्जुनदिग्विजय प्रसंग में भगदत्त-पराजय सम्बन्धी छब्बीसवाँ अध्याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः