महाभारत अनुशासन पर्व अध्याय 65 श्लोक 1-20

पंचषष्टितम (65) अध्‍याय: अनुशासन पर्व (दानधर्म पर्व)

Prev.png

महाभारत: अनुशासन पर्व: पंचषष्टितम अध्याय: श्लोक 1-20 का हिन्दी अनुवाद


सुवर्ण और जल आदि विभिन्‍न वस्‍तुओं के दान की महिमा

भीष्म जी कहते हैं- युधिष्ठिर! ब्रह्मा जी के पुत्र भगवान अत्रि का प्राचीन वचन है कि ‘जो सुवर्ण का दान करते हैं, वे मानो याचक की सम्पूर्ण कमानाऐं पूर्ण कर देते हैं। राजा हरिश्चंद्र ने कहा है कि ‘सुवर्ण परम पवित्र, आयु बढ़ाने वाला और पितरों को अक्षय गति प्रदान करने वाला है’। मनु जी ने कहा है कि ‘जल का दान सब दानों से बढ़कर है।’ इसलिये कुएँ, बाबड़ी और पोखरें खोदवाने चाहिये। जिसके खोदवाये हुए कुएँ में अच्छी तरह पानी निकल कर यहाँ सदा सब लोगों के उपयोग में आता है, वह उस मनुष्य के पाप कर्म का आधा भाग हर लेता है। जिसके खोदवाये हुए जलाशय में गौ, ब्राह्मण तथा श्रेष्ठ पुरुष सदा जल पीते हैं, वह जलाशय उस मनुष्य के समूचे कुल का उद्धार कर देता है। जिसके बनवाये हुए तालाब में गर्मी के दिनों में भी पानी मौजूद रहता है, कभी घटता नहीं है, वह पुरुष कभी अत्यन्त विषम संकट में नहीं पड़ता।

घी दान करने से भगवान बृहस्पति, पूषा, भग, अश्विनीकुमार और अग्निदेव प्रसन्न होते हैं। घी सबसे उत्तम औषध और यज्ञ करने की सर्वश्रेष्ठ वस्तु है। वह रसों में उत्तम रस है और फलों में सर्वोत्तम फल है। जो सदा फल, यश और पुष्टि चाहते हों, वह पुरुष पवित्र हो मन को वश में करके द्विजातियों को घृत दान करे। जो आश्विन मास में ब्राह्मणों को घृत दान करता है, उस पर दैववैद्य अश्विनीकुमार प्रसन्न होकर यहाँ उसे रूप प्रदान करते हैं। जो ब्राह्मणों को घृत मिश्रित खीर देता है, उसके घर पर कभी राक्षसों का आक्रमण नहीं होता। जो पानी से भरा हुआ कमण्डलू दान करता है, वह कभी प्यास से नहीं मरता। उसके पास सब प्रकार की आवश्‍यक सामग्री मौजूद रहती है और वह संकट में नहीं पड़ता। जो पुरुष सदा एकाग्रचित्त हो ब्राह्मण के आगे बड़ी श्रद्धा के साथ विनययुक्त व्यवहार करता है, वह पुरुष सदा दान के छठे भाग का पुण्य प्राप्त कर लेता है।

राजेन्द्र! जो मनुष्य सदाचार-सम्पन्न ब्राह्मणों को भोजन बनाने और तापने के लिये सदा लकड़ियाँ देता है, उसकी सभी कामनाऐं तथा नाना प्रकार के कार्य सदा ही सिद्ध होते रहते हैं और वह शत्रुओं के ऊपर-ऊपर रहकर अपने तेजस्वी शरीर से देदीप्तमान होता है। इतना ही नहीं, उसके ऊपर सदा भगवान अग्निदेव प्रसन्न रहते हैं। उसके पशुओं की हानि नहीं होती तथा वह संग्राम में विजयी होता है। जो पुरुष छाता दान करता है, उसे पुत्र और लक्ष्मी की प्राप्ति होती है। उसके नेत्र में कोई रोग नहीं होता और उसे सदा यज्ञ का भाग मिलता है। जो गर्मी और बरसात के महिने में छाता दान करता है, उसके मन में कभी संताप नहीं होता। वह कठिन-से-कठिन संकट से शीघ्र ही छुटकारा पा जाता है। प्रजानाथ! महाभाग भगवान शाण्डिल्य ऋषि ऐसा कहते हैं कि 'शकट (बैलगाड़ी) का दान उपर्युक्त सब दानों के बराबर है।'


इस प्रकार श्रीमहाभारत अनुशासन पर्व के अन्‍तर्गत दानधर्म पर्व में पैंसठवाँ अध्‍याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः