महाभारत आश्‍वमेधिक पर्व अध्याय 7 श्लोक 1-18

सप्तम (7) अध्याय: आश्‍वमेधिक पर्व (अश्वमेध पर्व)

Prev.png

महाभारत: आश्‍वमेधिक पर्व: सप्तम अध्याय: श्लोक 1-18 का हिन्दी अनुवाद
संवर्त और मरुत्त की बातचीत, मरुत्त के विशेष आग्रह पर संवर्त का यज्ञ कराने की स्वीकृति देना


संवर्त बोले- राजन! तुमने मुझे कैसे पहचाना है? किसने तुम्हें मेरा परिचय दिया है? यदि मेरा प्रिय चाहते हो तो यह सब मुझे ठीक-ठीक बताओ। यदि सच-सच बता दोगे तो तुम्हारे सारे मनोरथ पूर्ण होंगे और यदि झूठ बोलोगे तो तुम्हारे मस्तक के सैकड़ों टुकड़े हो जायँगे।

मरुत्त ने कहा- मुने! भ्रमणशील नारद जी ने रास्ते में मुझे आपका परिचय दिया और पता बताया। आप मेरे गुरु अंगिरा के पुत्र हैं, यह जानकर मुझे प्रसन्नता हुई है। संवर्त बोले- राजन! ठीक कहते हो, नारद को यह मालूम है कि यज्ञ कराना जानता हूँ और गुप्त वेष में घूम रहा हूँ। मरुत्त ने कहा- मुने! मुझे आपका परिचय और पता बताकर देवर्षिशिरोमणि नारद मुझे जाने की आज्ञा दे स्वयं अग्नि में प्रवेश कर गये थे।

व्यास जी कहते हैं- राजन! राजा की यह बात सुनकर संवर्त को बड़ी प्रसन्नता हुई और बोले- ‘इतना तो मैं भी कर सकता हूँ।' राजन! वे उन्मत वेषधारी ब्राह्मण देवता मरुत्त को अपनी रूखी वाणी द्वारा बारंबार फटकारते हुए-से बोले। ‘नरेश्वर! मैं तो वायु-प्रधान-बावला हूँ, अपने मन की मौज से ही सब काम करता हूँ, मेरा रूप भी विकृत है। अत: मुझ-जैसे व्यक्ति से तुम क्यों यज्ञ कराना चाहते हो? मेरे भाई बृहस्पति इस कार्य में पूर्णत: समर्थ हैं। आजकल इन्द्र के साथ उनका मेल जोल बढ़ा हुआ है। वे उनके यज्ञ कराने में लगे रहते हैं। अत: उन्हीं से अपने सारे यज्ञकर्म कराओ। घर-गृहस्थी का सारा, सामान, यजमान तथा गृह देवताओं के पूजन आदि कर्म- इन सबको इस समय मेरे बड़े भाई ने अपने अधिकार में कर लिया है। मेरे पास तो केवल मेरा एक शरीर ही छोड़ रखा है। अविक्षितकुमार! मैं उनकी आज्ञा प्राप्त किये बिना कभी किसी तरह भी तुम्हारा यज्ञ नहीं करा सकता क्योंकि वे मेरे परम पूजनीय भाई हैं। अत: तुम बृहस्पति के पास जाओ और उनकी आज्ञा लेकर आओ। उस दशा में यदि तुम यज्ञ कराना चाहो तो मैं यज्ञ करवा दूँगा।'

मरुत्त ने कहा- संवर्त जी! मैं पहले बृहस्पति जी के ही पास गया था। वहाँ का समाचार बताता हूँ, सुनिये। वे इन्द्र को प्रसन्न रखने की इच्छा से अब मुझे अपना यजमान बनाना नहीं चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट कह दिया है कि अमर यजमान पाकर अब मैं मरणधर्मा मनुष्य का यज्ञ नहीं कराऊँगा। साथ ही इन्द्र ने मना भी किया है कि आप मरुत्त का यज्ञ न कराइयेगा, क्योंकि ब्रह्मन! वह राजा सदा मेरे साथ ईर्ष्या रखता है। इन्द्र की इस बात को आपके भाई ने ‘एवमस्तु’ कहकर स्वीकार कर लिया है। मुनिप्रवर! मैं बड़े प्रेम से उनके पास गया था, परंतु वे देवराज इन्द्र का आश्रय लेकर मुझे अपना यजमान बाना ही नहीं चाहते है। अत: मेरी इच्छा यह है कि मै सर्वस्व देकर भी आप से ही यज्ञ कराऊँ और आपके द्वारा सम्पादित गुणों के प्रभाव से इन्द्र को भी मात कर दूँ। ब्रह्मन! अब बृहस्पति के पास जाने का मेरा विचार नहीं है क्योंकि बिना अपराध के ही उन्होंने मेरी प्रार्थना अस्वीकृत कर दी है।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः