महाभारत आश्वमेधिक पर्व अध्याय 21 श्लोक 1-16

एकविंश (21) अध्‍याय: आश्वमेधिक पर्व (अनुगीता पर्व)

Prev.png

महाभारत: आश्वमेधिक पर्व: एकविंश अध्याय: श्लोक 1-16 का हिन्दी अनुवाद


दस होताओं से सम्पन्न होने वाले यज्ञ का वर्णन तथा मन और वाणी की श्रेष्ठता का प्रतिपादन

ब्राह्मण कहते हैं- प्रिये! इस विषय में विद्वान पुरुष इस प्राचीन इतिहास का उदाहरण दिया करते हैं। दस होता मिलकर जिस प्रकार यज्ञ का अनुष्ठान करते हैं, वह सुनो। भामिनि! कान, त्वचा, नेत्र, जिह्वा (वाक् और रसना), नासिका, हाथ, पैर, उपस्थ और गुदा- ये दस होता है। शब्द, स्पर्श, रूप, रस, गन्ध, वाणी, क्रिया, गति, वीर्य, मूत्र का त्याग और मल त्याग- ये दस विषय ही दस हविष्य हैं।

भामिनि! दिशा, वायु, सूर्य, चन्द्रमा, पृथ्वी, अग्नि, विष्णु, इन्द्र, प्रजापति और मित्र- ये दस देवता अग्नि हैं। भाविनि! दस इन्द्रियरूपी होता दस देवतारूपी अग्नि में दस विषयरूपी हविष्य एवं समिधाओं का हवन करते हैं (इस प्रकार मेरे अन्तर में निरन्तर यज्ञ हो रहा है, फिर मैं अकर्मण्य कैसे हूँ?)। इस यज्ञ में चित्त ही स्त्रुवा पवित्र एवं उत्तम ज्ञान ही धन है। यह सम्पूर्ण जगत पहले भली-भाँति विभक्त था, ऐसा सुना गया हैं। जानने में आने वाला यह सारा जगत चित्तरूप ही है, वह ज्ञान की अर्थात प्रकाश की अपेक्षा रखता है तथा वीर्यजनित शरीर समुदाय में रहने वाला शरीरधारी जीव उसको जानने वाला है। वह शरीर का अभिमानी जीव गार्हपत्य अग्नि है। उससे जो दूसरा पावक प्रकट होता है, वह मन है। मन आहवनीय अग्नि है। उसी में पूर्वोक्त हविष्य की आहुति दी जाती है। उससे वाचस्पति (वेदवाणी) का प्राकट्य होता है। उसे मन देखता है। मन के अनन्तर रूप का प्रादुर्भाव होता है, जो नील, पीत आदि वर्णों से रहित होता है। वह रूप मन की ओर दौड़ता है।

ब्राह्मणी बोली- प्रियतम! किस कारण से वाक की उत्पत्ति पहले हुई और क्यों मन पीछे हुआ? जबकि मन से सोचे-विचारे वचन को ही व्यहार में लाया जाता है। किस विज्ञान के प्रभाव से मति चित्त के आश्रित होती है? वह ऊँचे उठायी जाने पर विषयों की ओर क्यों नहीं जाती? कौन उसके मार्ग में बाधा डालता है?

ब्राह्मण ने कहा- प्रिये! अपान पति रूप होकर उस मति को अपान भाव की ओर ले जाता है। वह अपान भाव की प्राप्ति मन की गति बतायी गयी है, इसलिये मन उसकी अपेक्षा रखता है। परंतु तुम मुझ से वाणी और मन के विषय में ही प्रश्न करती हो, इसलिये मैं तुम्हें उन्हीं दोनों का संवाद बताऊँगा। मन और वाणी दोनों ने जीवात्मा के पास जाकर पूछा- ‘प्रभो! हम दोनों में कौन श्रेष्ठ है? यह बताओ और हमारे संदेह का निवारण करो’। तब भगवान आत्मदेव ने कहा- ‘मन ही श्रेष्ठ है।’ यह सुनकर सरस्वती बोलीं- ‘मैं ही तुम्हारे लिये कामधेनु बनकर सब कुछ देती हूँ।’ इस प्रकार वाणी ने स्वयं ही अपनी श्रेष्ठता बतायी। ब्राह्मण देवता कहते हैं- प्रिये! स्थावर और जंगम ये दोनों मेरे मन हैं। स्थावर अर्थात बाह्य इन्द्रियों से गृहित होने वाला जो यह जगत है, वह मेरे समीप है और जंगम अर्थात इन्द्रियातीत जो स्वर्ग आदि है, वह तुम्हारे अधिकार में है।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः