महाभारत उद्योग पर्व अध्याय 102 श्लोक 1-15

द्व्यधिकशततम (102) अध्‍याय: उद्योग पर्व (भगवादयान पर्व)

Prev.png

महाभारत: उद्योग पर्व: द्व्यधिकशततम अध्याय: श्लोक 1-15 का हिन्दी अनुवाद
सुरभि और उसकी संतानों के साथ रसातल के सुख का वर्णन
  • नारद जी बोले- मातले! यह पृथ्वी का सांतवा तल है, जिसका नाम रसातल है। यहाँ अमृत से उत्पन्न हुई गोमाता सुरभि निवास करती हैं। (1)
  • ये सुरभि पृथ्वी के सारतत्त्व से प्रकट, छ: रसों के सारभाग से संयुक्त एवं सर्वोत्तम, अनिर्वचनीय एकरसरूप क्षीर को सदा अपने स्तनों से प्रवाहित करती रहती है। (2)
  • पूर्वकाल में जब ब्रह्मा अमृतपान करके तृप्त हो उसका सारभाग अपने मुख से निकाल रहे थे, उसी समय उनके मुख से अनिंदिता सुरभि का प्रादुर्भाव हुआ था। (3)
  • पृथ्वी पर निरंतर गिरती हुई उस सुरभि के क्षीर की धारा से एक अनंत हृद बन गया, जिसे 'क्षीरसागर' कहते हैं। वह परम पवित्र है। (4)
  • क्षीरसागर से जो फेन उत्पन्न होता है, वह पुष्प के समान जान पड़ता है। वह फेन क्षीरसमुद्र के तट पर फैला रहता है, जिसे पीते हुए फेनपसंज्ञक बहुत-से मुनिश्रेष्ठ इस रसातल में निवास करते हैं। (5)
  • मातले! फेन का आहार करने के कारण वे महर्षिगण 'फेनप' नाम से विख्यात हैं। वे बड़ी कठोर तपस्या में संलग्न रहते हैं। उनसे देवता लोग भी डरते हैं। (6)
  • मातले! सुरभि की पुत्रिस्वरूपा चार अन्य धेनुएँ हैं, जो सब दिशाओं में निवास करती हैं। वे दिशाओं का धारण पोषण करने वाली हैं। (7)
  • सुरुपा नाम वाली धेनु पूर्व दिशा को धारण करती है तथा उससे भिन्न दक्षिण दिशा का हंसिका नाम वाली धेनु धारण-पोषण करती है। (8)
  • मातले! महाप्रभावशालिनी विश्वरूपा सुभद्रा नाम वाली सुरभि कन्या के द्वारा वरुणदेव की पश्चिम दिशा धारण की जाती है। (9)
  • चौथी धेनु का नाम सर्वकामदूधा है। मातले! वह धर्मयुक्त कुबेर संबंधिनी उत्तर दिशा का धारण-पोषण करती है। (10)
  • देवसारथे! देवताओं ने असुरों से मिलकर मंदराचल को मथानी बनाकर इन्हीं धेनुओं के दूध से मिश्रित क्षीरसागर की दुग्धराशि का मंथन किया और उससे वारुणी, लक्ष्मी एवं अमृत को प्रकट किया। तत्पश्चात उस समुद्र मंथन से अश्वराज उच्चेश्र्वा तथा मणिरत्न कौस्तुभ का भी प्रादुर्भाव हुआ था। (11-12)
  • सुरभि अपने स्तनों से जो दूध बहाती है, वह सुधाभोजी लोगों के लिए सुधा, स्वधाभोजी पितरों के लिए स्वधा तथा अमृतभोजी देवताओं के लिए अमृतरूप है। (13)
  • यहाँ रसातल निवासियों ने पूर्वकाल में जो पुरातन गाथा गायी थी, वह अब भी लोक में सुनी जाती है और मनीषी पुरुष उसका गान करते हैं। (14)
  • वह गाथा इस प्रकार है- 'नागलोक, स्वर्गलोक तथा स्वर्गलोक के विमान में निवास करना भी वैसा सुखदायक नहीं होता, जैसा रसातल में रहने से सुख प्राप्त होता है।' (15)

इस प्रकार श्रीमहाभारत उद्योगपर्व के अंतर्गत भगवदयानपर्व में मातलि के द्वारा वर की खोज विषयक एक सौ दोवाँ अध्याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः