सप्ताधिकशततम (107) अध्याय: भीष्म पर्व (भीष्मवध पर्व)
महाभारत: भीष्म पर्व: सप्ताधिकशततम अध्याय: श्लोक 1-15 का हिन्दी अनुवाद
महान बल और पराक्रम से सम्पन्न भीष्म को हम किस प्रकार जीत सकेंगे, यही सोचते हुए राजा युधिष्ठिर ने अपने शिविर में जाने का विचार किया। इसके बाद महाराज युधिष्ठिर ने अपनी सेना को पीछे लौटा दिया। इसी प्रकार अपनी सेना भी उस समय युद्धस्थल से शिविर की ओर लौट चली। कुरुश्रेष्ठ! इस प्रकार संग्राम में क्षत-विक्षत हुए वे सब महारथी सेना को लौटाकर शिविर में विश्राम करने लगे। पाण्डव भीष्म के बाणों से अत्यन्त पीड़ित हो रहे थे। उन्हें समरांगण में भीष्म के पराक्रम का चिन्तन करके तनिक भी शान्ति नहीं मिलती थी। भारत भीष्म भी समरभूमि में सृंजयों तथा पाण्डवों को जीतकर आपके पुत्रों द्वारा प्रशंसित और अभिवन्दित हो अत्यन्त हर्ष में हुए कौरवों के साथ शिविर में गये। तत्पश्चात सम्पूर्ण भूतों को मोहमयी निद्रा में डालने वाली रात्री आ गयी उस भंयकर रात्री के आरम्भ काल में वृष्णिवंशियों सहित दुर्धर्ष सृंजय और पाण्डव गुप्त मन्त्रणा के लिए एक साथ बैठे। उस समय वे समस्त महाबली वीर समयानुसार अपनी भलाई के प्रश्न पर स्वस्थचित्त से विचार करने लगे। वे सभी लोग मन्त्रणा कर के किसी निश्चय पर पहुँच जाने में कुशल थे। उनमें यह विचार होने लगा कि हम भीष्म को कैसे मार सकेंगे और किस प्रकार इस पृथ्वी पर विजय प्राप्त करेंगे। नरेश्वर! उस समय राजा युधिष्ठिर ने दीर्घकाल तक गुप्त मन्त्रणा करने के पश्चात् वसुदेवनन्दन भगवान श्रीकृष्ण की ओर देखकर यह बात कही- 'श्रीकृष्ण! देखिए, भयंकर पराक्रमी महात्मा भीष्म हमारी सेना का उसी प्रकार विनाश कर रहे हैं, जैसे हाथी सरकंडों के जंगलों को रौंद डालते हैं। माधव! इनके द्वारा जब हमारी सेनाएँ मारी जा रही हैं, उस अवस्था में इन दुर्धर्ष वीर भीष्म के साथ हम लोग कैसे युद्ध करगे। यहाँ जिस प्रकार हमारा भला हो, वह उपाय कीजिए। माधव! आप ही हमारे आश्रय हैं। हम दूसरे किसी का सहारा नहीं लेते। हमें भीष्म जी के साथ युद्ध करना अच्छा नहीं लगता हैं। इधर महावीर भीष्म युद्ध स्थल में हमारी सेना का संहार करते चले जा रहे हैं। ये प्रज्वलित अग्नि समान बाणों की लपटों से हमारी सेना में सबको चाटते (भस्म करते) जा रहे हैं, हम लोग इन महात्मा की ओर देख भी नहीं पा रहे हैं। जैसे महानाग तक्षक अपने प्रचण्ड विष के कारण भयंकर प्रतीत होता है, उसी प्रकार क्रोध में भरे हुए प्रतापी भीष्म युद्धस्थल में जब हाथ में धनुष लेकर पैने बाणों की वर्षा करने लगते है, उस समय अपने तीखे अस्त्र-शस्त्रों के कारण बड़े भयानक जान पड़ता है।' |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज