महाभारत अनुशासन पर्व अध्याय 79 श्लोक 1-17

एकोनाशीतितम (79) अध्‍याय: अनुशासन पर्व (दानधर्म पर्व)

Prev.png

महाभारत: अनुशासन पर्व: एकोनाशीतितम अध्याय: श्लोक 1-17 का हिन्दी अनुवाद


गौओं को तपस्‍या द्वारा अभीष्‍ट वर की प्राप्ति तथा उनके दान की महिमा, विभिन्‍न प्रकार के गौओं के दान से विभिन्‍न उत्तम लोकों में गमन का कथन

वसिष्ठ जी कहते हैं- मानद परंतप! प्राचीन काल में जब गौओं की सृष्टि हुई थी, तब उन गौओं ने एक लाख वर्षों तक बड़ी कठोर तपस्या की थी। उनकी तपस्या का उद्देश्‍य यह था कि हम श्रेष्ठता प्राप्त करें। इस जगत में जितनी दक्षिणा देने योग्य वस्तुऐं हैं, उन सब में हम उत्तम समझी जायें। किसी दोष से लिप्त न हों। हमारे गोबर से स्नान करने पर सदा सब लोग पवित्र हों। देवता और मनुष्‍य पवित्रता के लिये हमेशा हमारे गोवर का उपयोग करें। समस्त चराचर प्राणी भी हमारे गोबर से पवित्र हो जायें और हमारा दान करने वाले मनुष्य हमारे ही लोक (गोलोक धाम) में जायें। जब उनकी तपस्या समाप्त हुई, तब साक्षात भगवान ब्रह्मा ने उन्हें वर दिया- "गौओं! ऐसा ही हो- तुम्हारे मन में जो संकल्प है, वह परिपूर्ण हो। तुम सम्पूर्ण जगत के जीवों का उद्धार करती रहो।"

इस प्रकार अपनी समस्त कामनाऐं सिद्ध हो जाने पर गौएँ तपस्या से उठीं। वे भूत, भविष्य और वर्तमान- तीनों कालों की जननी हैं, अतः प्रतिदिन प्रातःकाल उठकर गौओं को प्रणाम करना चाहिये। इससे मनुष्यों को पुष्टि प्राप्त होती है। महराज! तपस्या समाप्त होने पर गौऐं सम्पूर्ण जगत का आश्रय बन गयीं; इसलिये वे महान सौभाग्यशालिनी गौऐं परम पवित्र बताई जाती हैं। यह समस्त प्राणियों के मस्तक पर स्थित हैं (अर्थात सबसे श्रेष्ठ एवं वंदनीय हैं)। जो मनुष्य दूध देने वाली सुलक्षिणा कपिला गौ को वस़्त्र ओढ़ाकर कपिल रंग के बछड़े सहित दान करता है, वह ब्रह्मलोक में सम्मानित होता है। जो मनुष्य दूध देने वाली सुलक्षिणा लाल रंग की गौ को वस्त्र ओढ़ाकर लाल रंग के बछड़े सहित दान करता है, वह सूर्यलोक में सम्मानित होता है।

जो पुरुष दूध देने वाली सुलक्षिणा चितकबरी गौओं को वस्त्र ओढ़ाकर चितकबरे बछड़े सहित दान करता है, वह चन्द्रलोक में पूजित होता है। जो मानव दूध देने वाली सुलक्षिणा श्वेत वर्ण की गौओं को वस्त्र ओढ़ाकर श्वेत वर्ण के बछड़े सहित दान करता है, उसे इन्द्रलोक में सम्मान प्राप्त होता है। जो मनुष्य दूध देने वाली सुलक्षिणा कृष्ण वर्ण की गौओं को वस्त्र ओढ़ाकर कृष्ण वर्ण के बछड़े सहित दान करता है, वह अग्निलोक में प्रतिष्ठित होता है। जो पुरुष दूध देने वाली सुलक्षिणा धूऐं जैसे रंग की गौ को वस्त्र ओढ़ाकर धूऐं के समान रंग के बछड़े सहित दान करता है, वह यमलोक में सम्मानित होता है।

जो जल के फेन के समान रंग वाली गौ को वस्त्र ओढ़ाकर बछड़े और कांस्य के दुग्धपात्र सहित दान करता है, वह वरुणलोक को प्राप्त होता है। जो हवा से उड़ी हुई धूल के समान रंग वाली गौ को वस्त्र ओढ़ाकर बछड़े और कांस्य के दुग्धपात्र सहित दान करता है, उसकी वायुलोक में पूजा होती है। जो सुवर्ण के समान रंग तथा पिंगल वर्ण के नेत्र वाली गौ को वस्त्र ओढ़ाकर बछड़े और कांस्य के दुग्धपात्र सहित दान करता है, वह कुबेरलोक को प्राप्त होता है। जो पुआल के धूऐं के समान रंग वाली बछड़े सहित गौ को वस्त्र से आच्छादित करके कांस्य के दुग्धपात्र सहित दान करता है, वह पितृलोक में प्रतिष्ठित होता है।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः