अष्टपंचाशत्तम (58) अध्याय: भीष्म पर्व (भीष्मवध पर्व)
महाभारत: भीष्म पर्व: अष्टपंचाशत्तम अध्याय: श्लोक 1-21 का हिन्दी अनुवाद
तब शत्रुओं को संताप देने वाल सात्यकि उस समय छिड़े हुए भयंकर संग्राम में अपने टूटे हुए रथ को त्यागकर तुरन्त ही अभिमन्यु के रथ पर जा बैठे। फिर एक ही रथ पर बैठे हुए वे दोनों वीर झुकी हुई गांठ वाले पैने बाणों से तुरंत ही सुबलपुत्र शकुनि की सेना का संहार करने लगे। इसी प्रकार एक ओर से आकर युद्ध के लिये सदा उद्यत रहने वाले द्रोणाचार्य और भीष्म ने कंकड़ पक्षी के पंखों से युक्त तीखे बाणों द्वारा धर्मराज युधिष्ठिर की सेना का विनाश आरम्भ कर दिया। तब धर्मपुत्र राजा युधिष्ठिर तथा माद्रीकुमार पाण्डुनन्दन नकुल-सहदेव ने समस्त सेनाओं के देखते-देखते द्रोणाचार्य की सेना पर धावा किया। जैसे पूर्वकाल में अत्यन्त भयंकर देवासुर-संग्राम हुआ था, उसी प्रकार वहाँ अत्यन्त भयानक रोमांचकारी युद्ध होने लगा। दूसरी ओर भीमसेन और घटोत्कच ने महान पराक्रम का परिचय देते हुए दुर्योधन की विशालवाहिनी को खदेड़ना आरम्भ किया। उस समय दुर्योधन ने सामने आकर उन दोनों को रोक दिया। भारत! वहाँ हमने हिडिम्बापुत्र घटोत्कच का अद्भुत पराक्रम देखा। वह रणक्षेत्र में पिता से भी बढ़कर पुरुषार्थ प्रकट करते हुए युद्ध कर रहा था। क्रोध में भरे हुए पाण्डुनन्दन भीमसेन ने हंसते हुए से एक बाण मारकर अमर्षशील दुर्योधन की छाती छेद डाली। तब उस बाण के गहरे आघात से पीड़ित हो राजा दुर्योधन रथ की बैठक में बैठ गया और उसे मूर्छा आ गयी। राजन! उसे संज्ञाशून्य जानकर उसका सारथी बड़ी उतावरी के साथ उसे रणभूमि से बाहर ले गया। फिर तो उसकी सेना में भगदड़ मच गयी। तब चारों ओर भागती हुई उस कौरव सेना पर तीखे बाणों का प्रहार करते हुए भीमसेन उसे पीछे से खदेड़ने लगे। दूसरी ओर से रथियों में श्रेष्ठ द्रुपदकुमार धृष्टद्युम्न तथा धर्मपुत्र युधिष्ठिर शत्रुसेना का विनाश करने वाले तीखे बाणों द्वारा द्रोणाचार्य और भीष्म के देखते-देखते कौरव सेना को पीड़ित करते हुए उसका पीछा करने लगे। महाराज! उस युद्ध स्थल में आपके पुत्र की भागती हुई सेना को महारथी द्रोण और भीष्म भी रोक न सके। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज