महाभारत आदि पर्व अध्याय 2 श्लोक 1-20

द्वितीय (2) अध्‍याय: आदि पर्व (पर्वसंग्रह पर्व)

Prev.png

महाभारत: आदि पर्व: द्वितीय अध्याय: श्लोक 1-20 का हिन्दी अनुवाद


समन्तपंचक क्षेत्र का वर्णन, अक्षौहिणि सेना का प्रमाण, महाभारत में वर्णित पर्वों और उनके संक्षिप्त विषयों का संग्रह तथा महाभारत के श्रवण एवं पठन का फल

ऋषि बोले- सूतनन्दन! आपने अपने प्रवचन के प्रारम्भ में जो समन्तपंचक (कुरुक्षेत्र) की चर्चा की थी, अब हम उस देश (तथा वहाँ हुए युद्ध) के सम्बन्ध में पूर्ण रूप से सब- कुछ यथावत सुनना चाहते हैं। उग्रश्रवा जी ने कहा- साधुशिरोमणि विप्रगण! अब मैं कल्याणदायिनी शुभ कथाएँ कह रहा हूँ; उसे आप लोग सावधान चित्त से सुनिये और इसी प्रसंग में समन्तपंचकक्षेत्र का वर्णन भी सुन लीजि‍ये। त्रेता और द्वापर की सन्धि के समय शस्त्रधारियों में श्रेष्ठ परशुराम जी ने क्षत्रियों के प्रति क्रोध से प्रेरित होकर अनेकों बार क्षत्रिय राजाओं का संहार किया। अग्नि के समान तेजस्वी परशुराम जी ने अपने पराक्रम से सम्पूर्ण क्षत्रियवंश का संहार करके समन्तपंचकक्षेत्र में रक्त के पाँच सरोवर बना दिये।

क्रोध से आविष्ट होकर परशुराम जी ने उन रक्त रूप जल से भरे हुए सरोवरों में रक्तांजलि के द्वारा अपने पितरों का तर्पण किया, यह बात हमने सुनी है। तदनन्तर, ऋचीक आदि पितृगण परशुराम जी के पास आकर बोले- महाभारत राम! सामर्थ्‍यशाली भृगुवंशभूषण परशुराम! तुम्हारी इस पितृभक्ति और पराक्रम से हम बहुत ही प्रसन्न हैं। महाप्रतापी परशुराम! तुम्हारा कल्याण हो। तुम्हें जिस वर की इच्छा हो हमसे माँग लो।'

परशुराम जी ने कहा- यदि आप सब हमारे पितर मुझ पर प्रसन्न हैं और मुझे अपने अनुग्रह का पात्र समझते हैं तो मैंने जो क्रोधवश क्षत्रियवंश का विध्वंस किया है, इस कुकर्म के पाप से मैं मुक्त हो जाऊँ और ये मेरे बनाये हुए सरोवर पृथ्वी में प्रसिद्ध तीर्थ हो जायें। यही वर मैं आप लोगों से चाहता हूँ। तदनन्तर ‘ऐसा ही होगा’ यह कहकर पितरों ने वरदान दिया। साथ ही ‘अब बचे खुचे क्षत्रिय वंश को क्षमा कर दो’- ऐसा कहकर उन्हें क्षत्रियों के संहार से भी रोक दिया।

इसके पश्चात परशुराम जी शान्त हो गये। उन रक्त से भरे सरोवरों के पास जो प्रदेश है उसे ही समन्तपंचक कहते हैं। यह क्षेत्र बहुत ही पुण्यप्रद है। जिस चिह्न से जो देश युक्त होता है और जिससे जिसकी पहचान होती है, विद्वानों का कहना है कि उस देश का वही नाम रखना चाहिये। जब कलियुग और द्वापर की सन्धि का समय आया, तब उसी समन्तपंचक क्षेत्र में कौरवों और पाण्डवों की सेनाओं का परस्पर भीषण युद्ध हुआ। भूमि सम्बन्धी दोषों से[1] रहित उस परम धार्मिक प्रदेश में युक्त करने की इच्छा से अठारह अक्षौहिणी सेनाएँ इकट्ठी हुई थी।

ब्राह्मणों! वे सब सेनाएँ वहाँ इकट्ठी हुईं और वहीं नष्ट हो गयीं। द्विजवरों! इसी से उस देश का नाम समन्तपंचक[2] पड़ गया। वह देश अत्यन्त पुण्यमय एवं रमणीय कहा गया है। उत्तम व्रत का पालन करने वाले श्रेष्ठ ब्राह्मणों! तीनों लोकों में जिस प्रकार उस देश की प्रसिद्धि हुई थी, वह सब मैंने आप लोगों से कह दिया।

ऋषियों ने पूछा- सूतनन्दन! अभी-अभी आपने जो अक्षौहिणी शब्द का उच्चारण किया है, इसके सम्बन्ध में हम लोग सारी बातें यथार्थ रूप से सुनना चाहते हैं। अक्षौहिणी सेना में कितने पैदल, घोड़े, रथ और हाथी होते हैं? इसका हमें यथार्थ वर्णन सुनाइये, क्योंकि आपको सब कुछ ज्ञात है।

उग्रश्रवा जी ने कहा- एक रथ, एक हाथी, पाँच पैदल सैनिक और तीन घोड़े- बस, इन्हीं को सेना के सर्मज्ञ विद्वानों ने ‘पत्ति’ कहा है। इसी पत्ति की तिगुनी संख्या को विद्वान पुरुष ‘सेनामुख’ कहते हैं। तीन ‘सेनामुखों’ को एक ‘गुल्म’ कहा जाता है।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. अधिक नीचा-ऊँचा होना, कांटेदार वृक्षों से व्याप्त होना तथा कंकड़ पत्थरों की अधिकता का होना आदि भूमि सम्बन्धी दोष माने गये हैं।
  2. समन्त नामक क्षेत्र में पाँच कुण्ड या सरोवर होने से उस क्षेत्र और उसके समीपवर्ती प्रदेश का भी समन्तपंचक नाम हुआ। परंतु उसका समन्त नाम क्यों पड़ा, इसका कारण इस श्लोक में बता रहे हैं- ‘समेतानाम अन्तो यस्मिन् स समन्तः’ -समागम सेनाओं का अन्त हुआ हो जिस स्थान पर, उसे समन्त कहते हैं। इसी व्युत्पत्ति के अनुसार वह क्षेत्र समन्त कहलाता है।

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः