महाभारत आदि पर्व अध्याय 69 श्लोक 1-18

एकोनसप्ततितम (69) अध्‍याय: आदि पर्व (सम्भव पर्व)

Prev.png

महाभारत: आदि पर्व: एकोनसप्ततितम अध्‍याय: श्लोक 1-18 का हिन्दी अनुवाद

दुष्यन्त का शिकार के लिये वन में जाना और विविध हिंसक वन-जन्तुओं का वध करना

जनमेजय बोले- ब्रह्मन! मैं परमबुद्धिमान् भरत की उत्पत्ति और चरित्र को तथा शकुन्तला की उत्पत्ति के प्रसंग को भी यथार्थ रूप से सुनना चाहता हूँ। भगवन्! वीरवर दुष्यन्त ने शकुन्तला को कैसे प्राप्त किया? मैं पुरुषसिंह दुष्यन्त के उस चरित्र को विस्तारपूर्वक सुनना चाहता हूँ। तत्त्वज्ञ मुने! आप बुद्धिमानों में श्रेष्ठ हैं। अतः ये सब बातें बताइये।

वैशम्पायन जी ने कहा- एक समय की बात है, महाबाहु राजा दुष्यन्त बहुत-से सैनिक और सवारियों को साथ लिये सैकड़ों हाथी-घोड़ों से घिरकर परम सुन्दर चतुरंगिणी सेना के साथ एक गहन वन की ओर चले। जब राजा ने यात्रा की, उस समय खड्ग, शक्ति, गदा, मुसल, प्रास और तोमर हाथ में लिये सैकड़ों योद्वा उन्हें घेरे हुए थे। महाराज दुष्यन्त के यात्रा करते समय योद्वाओं ने सिंहनाद, शंक और नगाड़ों की आवाज, रथ के पहियों की घरघराहट, बड़े-बड़े गजराजाओं की चिग्घाड़, घोड़ों की हिनहिनाहट, नाना प्रकार के आयुध तथा भाँति-भाँति के वेश धारण करने वाले योद्धाओं द्वारा की हुई गर्जना और ताल ठोंकने की आवाजों से चारों ओर भरी कोलाहल मच गया था। महल के श्रेष्ठ शिखर पर बैठी हुई स्त्रियां उत्तम राजोचित शोभा से सम्पन्न शूरवीर दुष्यन्त को देख रही थीं। वे अपने यश को बढ़ाने वाले, इंद्र के समान पराक्रमी और शत्रुओं का नाश करने वाले थे।

शत्रुरूपी मतवाले हाथी को रोकने के लिये उनमें सिंह के समान शक्ति थी। वहाँ देखती हुई स्त्रियों ने उन्हें वज्रपाणि इन्द्र के समान समझा और आपस में वे इस प्रकार बातें करने लगीं- ‘सखियों! देखो तो सही, ये ही वे पुरुषसिंह महाराज दुष्यन्त हैं, जो संग्राम भूमि में वसुओं के समान पराक्रम दिखाते हैं, जिनके बाहुबल में पड़कर शत्रुओं का अस्तित्व मिट जाता है’। ऐसी बातें करती हुई वे स्त्रियां बड़े प्रेम से महाराज दुष्यन्त की स्तुति करतीं और उनके मस्तक पर फूलों की वर्षा करती थीं। यत्र-तत्र खड़े हुए श्रेष्ठ ब्राह्मण सब ओर उनकी स्तुति-प्रशंसा करते थे। इस प्रकार महाराज वन में हिंसक पशुओं का शिकार खेलने के लिये बड़ी प्रसन्नता के साथ नगर से बाहर निकले। वे देवराज इन्द्र के सामन पराक्रमी थे। मतवाले हाथी की पीठ पर बैठकर यात्रा करने वाले उन महाराज दुष्यन्त के पीछे-पीछे ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्‍य और शूद्र सभी वर्णों के लोग गये और सब आशीर्वाद एवं विजयसूचक वचनों द्वारा उनके अभ्युदय की कामना करते हुए उनकी ओर देखते रहे।

नगर और जनपद के लोग बहुत दूर तक उनके पीछे-पीछे गये। फिर महाराज की आज्ञा होने पर लौट आये। उनका रथ गरुड़ के समान वेगशाली था। उसके द्वारा यात्रा करने वाले नरेश ने घरघराहट की आवाज से पृथ्वी और आकाश को गुंजा दिया। जाते-जाते बुद्धिमान् दुष्यन्त ने एक नन्दन वन के समान मनोहर वन देखा, जो बेल, आक, खैर, कैथ और घव (वाकली) आदि वृक्षों से भरपूर था। पर्वत की चोटी से गिरे हुए बहुत-से शिलाखण्ड वहाँ इधर-उधर पड़े थे। ऊंची-नीची भूमि के कारण वह वन बड़ा दुर्गम जान पड़ता था। अनेक योजन तक फैले हुए उस वन में कही जल या मनुष्य का पता नहीं चलता था।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः