महाभारत अनुशासन पर्व अध्याय 118 श्लोक 1-15

अष्टादशाधिकशततम (118) अध्याय: अनुशासनपर्व (दानधर्म पर्व)

Prev.png

महाभारत: अनुशासन पर्व: अष्टादशाधिकशततम अध्याय: श्लोक 1-15 का हिन्दी अनुवाद


कीड़े का क्रमशः क्षत्रिय योनि में जन्म लेकर व्यास जी का दर्शन करना और व्यास जी का उसे ब्राह्मण होने तथा स्वर्गसुख और अक्षय सुख की प्राप्ति होने का वरदान देना

व्यास जी ने कहा- कीट! तुम जिस शुभ कर्म के प्रभाव से तिर्यग योनि में जन्म लेकर भी मोहित नहीं हुए हो, वह मेरा ही कर्म है। मेरे दर्शन के प्रभाव से ही तुम्हें मोह नहीं हो रहा है। मैं अपने तपोबल से केवल दर्शन मात्र देकर तुम्हारा उद्धार कर दूँगा; क्योंकि तपोबल से बढ़कर दूसरा कोई श्रेष्ठ बल नहीं है।

कीट! मैं जानता हूँ, अपने पूर्वकृत पापों के कारण तुम्हें कीट योनि में आना पड़ा है। यदि इस समय तुम्हारी धर्म के प्रति श्रद्धा है तो तुम्हें धर्म अवश्य प्राप्त होगा। देवता, मनुष्य और तिर्यग योनि में पड़े हुए प्राणी कर्मभूमि में किये हुए कर्मों का ही फल भोगते हैं। अज्ञानी मनुष्य का धर्म कामना को लेकर ही होता है तथा वे कामना सिद्धि के लिये ही गुणों को अपनाते हैं। मनुष्य मूर्ख हो या विद्वान, यदि वह वाणी, बुद्धि और हाथ-पैर से रहित होकर जीवित है तो उसे कौन-सी वस्तु त्यागेगी, वह तो सभी पुरुषार्थों से स्वयं ही परित्यक्त है।

कीट! एक जगह एक श्रेष्ठ ब्राह्मण रहते हैं। वे जीवन में सदा सूर्य और चन्द्रमा की पूजा किया करते हैं तथा लोगों को पवित्र कथाएँ सुनाया करते हैं। उन्हीं के यहाँ तुम (क्रमशः) पुत्र रूप में जन्म लोगे। वहाँ विषयों को पंचभूतों का विकार मानकर अनासक्त भाव से उपभोग करोगे। उस समय मैं तुम्हारे पास आकर ब्रह्मविद्या का उपदेश करूँगा तथा तुम जिस लोक में जाना चाहोगे, वहीं तुम्हें पहुँचा दूँगा।

व्यास जी के इस प्रकार कहने पर उस कीड़े ने बहुत 'अच्छा कहकर' उनकी आज्ञा स्वीकार कर ली और बीच रास्ते में जाकर वह ठहर गया। इतने ही में वह विशाल छकड़ा अकस्मात वहाँ आ पहुँचा और उसके पहिये से दबकर चूर-चूर हो कीड़े ने प्राण त्याग दिये। तत्पश्चात वह क्रमशः साही, गधा, सूअर, मृग, पक्षी, चाण्डाल, शूद्र और वैश्य की योनि में जन्म लेता हुआ क्षत्रिय जाति में उत्पन्न हुआ। अन्य सारी योनियों में भ्रमण करने के बाद अमित तेजस्वी व्यास जी की कृपा से क्षत्रिय कुल में उत्पन्न होकर वह उन महर्षि का दर्शन करने के लिये उनके पास गया। वह कीट योनि में उन सत्यवादी महर्षि वेदव्यास जी के साथ बातचीत करके जो इस प्रकार उन्नतिशील हुआ था, उसकी याद करके उस क्षत्रिय ने हाथ जोड़कर ऋषि के चरणों में अपना मस्तक रख दिया।

कीट (क्षत्रिय) ने कहा- भगवन! आज मुझे वह स्थान मिला है, जिसकी कहीं तुलना नहीं है। इसे मैं दस जन्मों से पाना चाहता था। यह आप ही की कृपा है कि मैं अपने दोष से कीड़ा होकर भी आज राजकुमार हो गया हूँ। अब सोने की मालाओं से सुशोभित अत्यन्त बलवान गजराज मेरी सवारी में रहते हैं। उत्तम जाति के काबुली घोड़े मेरे रथों में जोते जाते हैं। ऊँटों और खच्चरों से जुती हुई गाड़ियाँ मुझे ढोती हैं। मैं भाई-बन्धुओं और मन्त्रियों के साथ मांस-भात खाता हूँ।

महाभाग! श्रेष्ठ पुरुषों में रहने योग्य अपने निवासभूत सुन्दर महलों के भीतर सुखद शय्याओं पर मैं बड़े सम्मान के साथ शयन करता हूँ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः