द्विषष्ट्यधिकशततम (162) अध्याय: द्रोण पर्व (घटोत्कचवध पर्व)
महाभारत: द्रोणपर्व: द्विषष्ट्यधिकशततम अध्याय: श्लोक 1-21 का हिन्दी अनुवाद
वर्षा करने वाले मेघ की भाँति बाण समूहों की वृष्टि करते हुए सोमदत्त ने जैसे बादल सूर्य को ढक लेता है, उसी प्रकार शिनि पौत्र सात्यकि को आच्छादित कर दिया। भरतश्रेष्ठ! उस समरागंण में सम्भ्रमरहित सात्यकि ने भी अपने बाण समूहों द्वारा सब ओर से कुरुप्रवर सोमदत्त को आच्छादित कर दिया। राजन! फिर सोमदत्त ने सात्यकि की छाती में साठ बाण मारे और सात्यकि ने भी उन्हें तीखे बाणों से क्षत-विक्षत कर दिया। वे दोनों नरश्रेष्ठ एक दूसरे के बाणों से घायल होकर वसन्त ऋतु में सुन्दर पुष्प वाले दो विकसित पलाश वृक्षों के समान शोभा पा रहे थे। कुरुकुल और वृष्णि वंश के यश बढ़ाने वाले उन दोनों वीरों के सारे अंग खून से लथपथ हो रहे थे। वे नेत्रों द्वारा एक दूसरे को जलाते हुए से देख रहे थे। रथ मण्डल के मार्गों पर विचरते हुए वे दोनों शत्रुमर्दन वीर वर्षा करने वाले दो बादलों के समान भयंकर रूप धारण किये हुंए थे। राजेन्द्र! उनके शरीर बाणों से क्षत-विक्षत होकर सब ओर से खण्डित से हो बाणविद्ध हिंसक पशुओं के समान दिखायी दे रहे थे। राजन! सुवर्णमय पंख वाले बाणों से व्याप्त होकर वे दोनों योद्धा वर्षकाल में जुगनुओं से व्याप्त हुए दो वृक्षों के समान सुशोभित हो रहे थे। उन दोनों महारथियों के सारे अंग उन बाणों से उद्भासित हो रहे थे, इसीलिये वे दोनों, रणक्षेत्र में उल्काओं से प्रकाशित एवं क्रोध में भरे हुए दो हाथियों के समान दिखायी देते थे। महाराज! तदनन्तर युद्धस्थल में महारथी सोमदत्त ने अर्धचन्द्राकार बाण से सात्यकि के विशाल धनुष को काट दिया और तत्काल ही उन पर पच्चीस बाणों का प्रहार किया। शीघ्रता के अवसर पर शीघ्रता करने वाले सोमदत्त ने सात्यकि को पुनः दस बाणों से घायल कर दिया। तदनन्तर सात्यकि ने अत्यन्त वेगशाली दूसरा धनुष हाथ में लेकर तुरंत ही पाँच बाणों से सोमदत्त को बींध डाला। राजन! फिर सात्यकि ने हँसते हुए से रणभूमि में एक दूसरे भल्ल के द्वारा वाह्लीकपुत्र सोमदत्त के सुवर्णमय ध्वज को काट दिया। ध्वज को गिराया हुआ देख सम्भ्रमरहित सोमदत्त ने सात्यकि के शरीर में पच्चीस बाण चुन दिये। तब रणक्षेत्र में कुपित हुए सात्यकि ने भी तीखे क्षुरप्र नामक भल्ल से धनुर्धर सोमदत्त के धनुष को काट दिया। राजन! तत्पश्चात उन्होंने झुकी हुई गाँठ और सुवर्णमय पंख वाले सौ बाणों से टूटे दाँत वाले हाथी के समान सोमदत्त के शरीर को अनेक बार बींध दिया। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज