महाभारत शान्ति पर्व अध्याय 177 श्लोक 1-15

सप्‍तसप्‍तत्‍यधिकशततम (177) अध्याय: शान्ति पर्व (मोक्षधर्म पर्व)

Prev.png

महाभारत: शान्ति पर्व: सप्‍तसप्‍तत्‍यधिकशततम अध्याय: श्लोक 1-15 का हिन्दी अनुवाद

मङिक्‍गीता- धन की तृष्‍णा से दुख और उसकी माकना के त्‍याग से परम सुख की प्राप्ति

युधिष्ठिर ने पूछा- दादाजी! यदि कोई मनुष्‍य धन की तृष्‍णा से ग्रस्‍त होकर तरह–तरह के उद्योग करने पर भी धन न पा सके तो वह क्‍या करे, जिससे उसे सुख की प्राप्ति हो सके? भीष्‍म जी ने कहा- भारत! सब में समता का भाव, व्‍यर्थ परिश्रम का अभाव, सत्‍यभाषण, संसार से वैराग्‍य और कर्मासक्ति का अभाव- ये पांचों जिसे मनुष्‍य में होते है, वह सुखी होता है। ज्ञानवृद्ध पुरुष इन्‍हीं पांच वस्‍तुओं को शांति का कारण बताते हैं। यहीं स्‍वर्ग है, यही धर्म है और यही परम उत्‍तम सुख माना गया है। युधिष्ठिर, इस विषय में जानकार पुरुष एक प्राचीन इतिहास का उदाहरण दिया करते हैं। मङिक नामक मुनि ने भोगों से विरक्‍त होकर जो उद्गार प्रकट किया था, वही इस इतिहास में वर्णित है। उसे बताता हूँ, सुनो।

मङिक धन के लिये अनेक प्रकार की चेष्‍टाएँ करते थे, परंतु हर बार उनका प्रयत्‍न व्‍यर्थ हो जाता था। अंत में जब बहुत थोड़ा धन शेष रह गया तो उसे देकर उन्‍होंने दो नये बछड़े खरीदे। एक दिन उन दोनों बछड़ों को परस्‍पर जोड़कर वे हल चलाने की शिक्षा देने के लिये ले जा रहे थे। जब वे दोनों बछड़े गांव से बाहर निकले तो बैठे हुए एक ऊंट को बीच में करके सहसा दौड़ पड़े। जब वे उसकी गर्दन के पास पहुँचे तो ऊंट के लिये यह असहृय हो उठा। वह रोष में भरकर खड़ा हो गया और उन दोनों बछड़ों को ऊपर लटकाये बड़े जोर से भागने लगा। बलपूर्वक अपहरण करने वाले उस ऊंट के द्वारा उन दोनों बछड़ों को अपहर्त होते और मरते देख मङिक ने इस प्रकार कहा- ‘मनुष्‍य कैसा ही चतुर क्‍यों न हो, जो उसके भाग्‍य नहीं है, उस धन को वह श्रद्धापूर्वक भलीभाँति प्रयत्‍न करके भी नहीं पा सकता।

‘पहले मैंने जो प्रयत्‍न किया था उसमें अनेक प्रकार के अनर्थ खड़े हो गये थे। उन अनर्थों से युक्‍त होने पर भी मैं धनोपार्जन की ही चेष्‍टा में लगा रहा, परंतु देखों, आज इन बछड़ों की संगति से मुझ पर कैसा दैवी उपद्रव आ गया? ‘यह ऊंट मेरे बछड़ों को उछाल–उछालकर विषम मार्ग से ही जा रहा है। काकतालीयन्‍याय[1] से (अर्थात देवसंयोग से) इन्‍हें गर्दन पर उठाकर बुरे मार्ग से ही दौड़ रहा है। इन ऊंट के में मेरे दोनों प्‍यारे बछड़े दो मणियों के समान लटक रहे हैं। यह केवल दैव की ही लीला है। हठपूर्वक किये हुए पुरुषार्थ से क्‍या होता है?

‘यदि कभी कोई पुरुषार्थ सफल होता दिखायी देता है तो वहाँ भी खोज करने पर दैव का ही सहयोग सिद्ध होता है। ‘अत: सुख की इच्‍छा रखने वाले पुरुष को धन आदि की ओर से वैराग्‍य का ही आश्रय लेना चाहिये। धनोपार्जन की चेष्‍टा से निराश होकर जो विरक्‍त हो जाता है, वह सुख की नींद सोता है। ‘अहा! शुकदेव मुनि ने जनक के राजमहल से विशाल वन की ओर जाते समय सब ओर से बंधनमुक्‍त हो क्‍या ही अच्‍छा कहा था ?

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. एक ताड़ के वृक्ष के नीचे एक बटोरी बैठा था। उसी वृक्ष के ऊपर एक काक भी आ बैठा। काक के आते ही एक ताड़ का एक पका हुआ फल नीचे आ गिरा। यद्यपि फल पककर आप से आप गिरा था, पर पथिक दोनों बातों को साथ होते देख, यही समक्ष गया कि कौवे के आने से ही ताड़का फल गिरा है; अत: जहाँ संयोगवश अचानक कोई घटना घटित हो जाय, वहाँ उसे काकतालीयन्याय घटित हुई बताया जाता है। यहाँ बछाड़ों का आना और ऊँट का रास्ते में बैठे रहना- ये बातें संयोगवश हो गयी थी।

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः