महाभारत उद्योग पर्व अध्याय 71 श्लोक 1-7

एकसप्ततितम (71) अध्‍याय: उद्योग पर्व (संजययान पर्व)

Prev.png

महाभारत: उद्योग पर्व: एकसप्ततितम अध्याय: श्लोक 1-7 का हिन्दी अनुवाद

धृतराष्‍ट्र के द्वारा भगवद्नगुणगान

  • धृतराष्‍ट्र बोले- संजय! जो लोग परम उत्तम श्री अंगों से सुशोभित तथा दिशा-विदिशाओं को प्रकाशित करते हुए वसुदेवनन्दन भगवान श्रीकृष्‍ण को निकट से दर्शन करेंगे, उन सफल नेत्रों वाले मनुष्‍यों के सौभाग्य को पाने की मैं भी अभिलाषा रखता हूँ। (1)
  • भगवान अत्यन्त मनोहर वाणी में जो प्रवचन करेंगे, वह भरतवंशियों तथा सृंजयों के लिये कल्याणकारी तथा आदरणीय होगा। ऐश्वर्य की इच्छा रखने वाले पुरुषों के लिये भगवान की वह वाणी अनिन्द्य और शिरोधार्य होगी; परंतु जो मृत्यु के नि‍कट पहुँच चुके हैं, उन्हें वह अग्राह्य प्रतीत होगी। (2)
  • संसार के अद्वितीय वीर, सात्वतकुल के श्रेष्‍ठ पुरुष, यदुवंशियों के माननीय नेता, शत्रुपक्ष के योद्धाओं को क्षुब्ध करके उनका संहार करने वाले तथा वैरियों के यश को बलपूर्वक छीन लेने वाले वे भगवान श्रीकृष्‍ण यहाँ उदित होंगे और नेत्र वाले लोग उनका दर्शन करके धन्य हो जायंगे। (3)
  • महात्मा, शत्रुहन्ता तथा सबके वरण करने योग्य वे वृष्णि-कुलभूषण श्रीकृष्‍ण यहाँ आकर कृपापूर्ण कोमल वाक्य बोलेंगे और हमारे पक्षवर्ती राजाओं को मोहित करेंगे; इस अवस्था में समस्त कौरव उन्हें देखेंगे। (4)
  • जो अत्यन्त सनातन ऋषि, ज्ञानी, वाणी के समुद्र और प्रयत्नशील-साधकों को कलश के जल की भाँति सुलभ होने वाले हैं, जिनके चरण समस्त विघ्‍नों का निवारण करने वाले हैं, सुन्दर पंखों से युक्त गरुड़ जिनके स्वरूप हैं, जो प्रजाजनों के पाप-ताप हर लेने वाले तथा जगत के आश्रय हैं, जिनके सहस्रों मस्तक हैं, जो पुराणपुरुष हैं, जिनका आदि, मध्‍य और अन्त नहीं है, जो अक्षय कीर्ति से सुशोभित, बीज एवं वीर्य को धारण करने वाले, अजन्मा, नित्य तथा परात्पर परमेश्वर हैं, उन भगवान श्रीकृष्‍ण की मैं शरण लेता हूँ। (5-6)
  • जो तीनों लोकों का निर्माण करने वाले हैं, जिन्होंने देवताओं, असुरों, नागों तथा राक्षसों को भी जन्म दिया है तथा जो ज्ञानी नरेशों के प्रधान हैं, इन्द्र के छोटे भाई वामन-स्वरूप उन भगवान श्रीकृष्‍ण की मैं शरण ग्रहण करता हूँ। (7)

इस प्रकार श्रीमहाभारत उद्योगपर्व के अन्तर्गत यानसंधिपर्व में धृतराष्‍ट्रवाक्यविषयक इकहत्तरवां अध्‍याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः