महाभारत सौप्तिक पर्व अध्याय 1 श्लोक 1-13

प्रथम (1) अध्याय: सौप्तिक पर्व

Prev.png

महाभारत: सौप्तिक पर्व :प्रथम अध्याय: श्लोक 1-13 का हिन्दी अनुवाद


तीनों महारथियों का एक वन में विश्राम, कौओं पर उल्लू का आक्रमण देख अश्वत्थामा के मन में क्रूर संकल्‍पों का उदय तथा अपने दोनों साथियों से उसका सलाह पूछना

अन्तर्यामी नारायण भगवान श्रीकृष्ण; उनके नित्य सखा नरस्वरूप नरश्रेष्ठ अर्जुन; उनकी लीला प्रकट करने वाली भगवती सरस्वती और उनकी लीलाओं का संकलन करने वाले महर्षि वेदव्यास को नमस्कार करके जय महाभारत का पाठ करना चाहिये।

संजय कहते हैं- राजन! दुर्योधन की आज्ञा के अनुसार कृपाचार्य के द्वारा अश्वत्थामा का सेनापति के पद पर अभिषेक हो जाने के अनन्तर वे तीनों वीर अश्वत्थामा, कृपाचार्य और कृतवर्मा एक साथ दक्षिण दिशा की ओर चले और सूर्यास्त के समय सेना की छावनी के निकट जा पहुँचे। शत्रुओं को पता न लग जाय इस भय से वे सब-के-सब डरे हुए थे अत: बड़ी उतावली के साथ वन के गहन प्रदेश में जाकर उन्होंने घोड़ों को खोल दिया और छिपकर एक स्थान पर वे जा बैठे। जहाँ सेना की छावनी थी। उस स्थान के पास थोड़ी ही दूर पर वे तीनों विश्राम करने लगे। उनके शरीर तीखें शस्त्रों के आघात से घायल हो गये थे। वे सब ओर से क्षत-विक्षत हो रहे थे। वे गरम-गरम लंबी सांस खींचते हुए पाण्डवों की ही चिन्ता करने लगे। इतने ही में विजयाभिलाषी पाण्‍डवों की भयंकर गर्जना सुनकर उन्हें यह भय हुआ कि पाण्‍डव कहीं हमारा पीछा न करने लगे। अत: वे पुन: घोड़ों को रथ में जोतकर पूर्व दिशा की ओर भाग चले। दो ही घड़ी में उस स्‍थान से कुछ दूर जाकर क्रोध और अमर्ष के वशीभूत हुए। वे महाधनुर्धर योद्धा प्यास से पीड़ित हो गये। उनके घोडे़ भी थक गये। उनके लिये यह अवस्था असह्य हो उठी थी। वे राजा दुर्योधन के मारे जाने से बहुत दुखी हो एक मुहूर्त तक वहाँ चुपचाप खड़े रहे।

धृतराष्ट्र बोले- संजय! मेरे पुत्र दुर्योधन में दस हजार हाथियों का बल था तो भी उसे भीमसेन ने मार गिराया। उनके द्वारा जो यह कार्य किया गया है इस पर सहसा विश्वास नहीं होता। संजय! मेरा पुत्र नवयुवक था। उसका शरीर वज्र के समान कठोर था और इसीलिये वह सम्‍पूर्ण प्राणियों के लिये अवध्या था तथापि पाण्‍डवों ने समरांगण में उसका वध कर डाला। गवल्गमणकुमार! कुन्ती के पुत्रों ने मिलकर रणभूमि में जो मेरे पुत्र को धराशायी कर दिया है इससे जान पड़ता है कि कोई भी मनुष्य दैव के विधान का उल्लंघन नहीं कर सकता। संजय! निश्चय ही मेरा हृदय पत्थर के सार तत्त्व का बना हुआ है, जो अपने सौ पुत्रों के मारे जाने का समाचार सुनकर भी इसके सहस्रों टुकड़े नहीं हो गये। हाय! अब हम दोनों बूढ़े पति-पत्नी अपने पुत्रों के मारे जाने से कैसे जीवित रहेंगे मैं पाण्डुकुमार युधिष्ठिर के राज्‍य में नहीं रह सकता। संजय! मैं राजा का पिता और स्‍वयं भी राजा ही था। अब पाण्डुपुत्र युधिष्ठिर की आज्ञा के अधीन हो दास की भाँति कैसे जीवन निर्वाह करूँगा। संजय! पहले समस्त भूमण्डल पर मेरी आज्ञा चलती थी और मैं सबका सिरमौर था; ऐसा होकर अब मैं दूसरों का दास बनकर कैसे रहूँगा। मैंने स्‍वयं ही अपने जीवन की अन्तिम अवस्था को दुखमय बना दिया है।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः