महाभारत शल्य पर्व अध्याय 54 श्लोक 1-20

चतुष्पन्चाशत्तम (54) अध्याय: शल्य पर्व (गदा पर्व)

Prev.png

महाभारत: शल्य पर्व: चतुष्पन्चाशत्तम अध्याय: श्लोक 1-20 का हिन्दी अनुवाद


प्लक्षप्रस्त्रवण आदि तीर्थों तथा सरस्वती की महिमा एवं नारद जी से कौरवों के विनाश और भीम तथा दुर्योधन के युद्ध का समाचार सुनकर बलराम जी का उसे देखने के लिये जाना


वैशम्पायन जी कहते हैं- जनमेजय! सात्वतवंशी बलराम जी कुरुक्षेत्र का दर्शन कर वहाँ बहुत सा धन दान करके उस स्थान से एक महान एवं दिव्य आश्रम में गये। महुआ और आम के वन उस आश्रम की शोभा बढ़ा रहे थे। पाकड़ और बरगद के वृक्ष वहाँ अपनी छाया फैला रहे थे। चिलबिल, कटहल और अर्जुन (समूह) के पेड़ चारों ओर भरे हुए थे। पुण्यदायक लक्षणों से युक्त उस पुण्यमय श्रेष्ठ आश्रम का दर्शन करके यादव श्रेष्ठ बलराम जी ने उन समस्त ऋषियों से पूछा कि ‘यह सुन्दर आश्रम किसका है?’

राजन! तब वे सभी ऋषि महात्मा हलधर से बोले- ‘बलराम जी! पहले यह आश्रम जिसके अधिकार में था, उसकी कथा विस्तारपूर्वक सुनिये- ‘प्राचीनकाल में यहाँ भगवान विष्णु ने उत्तम तपस्या की है, यहीं उनके सभी सनातन यज्ञ विधिपूर्वक सम्पन्न हुए हैं। ‘यहीं कुमारावस्था से ब्रह्मचर्य का पालन करने वाली एक सिद्ध ब्राह्मणी रहती थी, जो तपःसिद्ध तपस्विनी थी। वह योगयुक्त होकर स्वर्गलोक में चली गयी। ‘राजन! नियमपूर्वक व्रतधारण और ब्रह्मचर्य पालन करने वाली वह तेजस्विनी साध्वी महात्मा शाण्डिल्य की सुपुत्री थी। ‘स्त्रियों के लिये जो अत्यन्त दुष्कर था, ऐसा घोर तप करके देवताओं और ब्राह्मणों द्वारा सम्मानित हुई वह महान सौभाग्यशालिनी देवी स्वर्गलोक को चली गयी थी’।

ऋषियों का वचन सुनकर अपनी महिमा से कभी च्युत न होने वाले बलराम जी उस आश्रम में गये। वहाँ हिमालय के पाश्व भाग में उन ऋषियों को प्रणाम करके संध्या-वन्दन आदि सब कार्य करने के अनन्तर वे हिमालय पर चढ़ने लगे। जिनकी ध्वजा पर ताल का चिह्न सुशोभित होता है, वे बलराम जी उस पर्वत पर थोड़ी ही दूर गये थे कि उनकी दृष्टि एक पुण्यमय उत्तम तीर्थ पर पड़ी। वह सरस्वती की उत्पत्ति का स्थान प्लक्षप्रस्त्रवण नामक तीर्थ था। उसका दर्शन करके बलराम जी को बड़ा आश्चर्य हुआ। फिर वे कारपवन नामक उत्तम तीर्थ में गये। महाबली हलधर ने वहाँ के निर्मल, पवित्र और अत्यन्त शीतल पुण्यदायक जल में गोता लगाकर ब्राह्मणों को दान दे देवताओं और पितरों का तर्पण किया। तत्पश्चात रणदुर्मद बलराम जी यतियों और ब्राह्मणों के साथ वहाँ एक रात रहकर मित्रावरुण के पवित्र आश्रम पर गये। जहाँ पूर्वकाल में इन्द्र, अग्नि और अर्यमा ने बड़ी प्रसन्नता प्राप्त की थी, वह स्थान यमुना के तट पर है। कारपवन से उस तीर्थ में जाकर महाबली धर्मात्मा बलराम ने स्नान करके बड़ा हर्ष प्राप्त किया। फिर वे यदुपुंग व बलभद्र ऋषियों और सिद्धों के साथ बैठकर उत्तम कथाएं सुनने लगे।

इस प्रकार वे लोग वहीं ठहरे हुए थे, तब तक देवर्षि भगवान नारद भी उनके पास उसी स्थान पर आ पहुँचे, जहाँ बलराम जी विराजमान थे। राजन! महातपस्वी नारद जटामण्डल से मण्डित हो सुनहरा चीर धारण किये हुए थे। उन्होंने कमण्डलु, सोने का दण्ड तथा सुखदायक शब्द करने वाली कच्छपी नामक मनोरम वीणा भी ले रखी थी। वे नृत्य-गीत में कुशल, देवताओं तथा ब्राह्मणों से सम्मानित, कलह कराने वाले तथा सदैव कलह के प्रेमी हैं।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः