महाभारत भीष्म पर्व अध्याय 5 श्लोक 1-18

पंचम (5) अध्याय: भीष्म पर्व (जम्बूखण्‍डविनिर्माण पर्व)

Prev.png

महाभारत: भीष्म पर्व: पंचम अध्याय: श्लोक 1-18 का हिन्दी अनुवाद

पंचमहाभूतों तथा सुदर्शनद्वीप का संक्षिप्त वर्णन

धृतराष्ट्र बोले- संजय! नदियां, पर्वतों तथा जनपदों के और दूसरे भी जो पदार्थ इस भूतल पर आश्रित हैं, उन सबके नाम बताओ। प्रमाणवेत्ता संजय! तुम सारी पृथ्‍वी का पूरा प्रमाण (लम्बाई-चौड़ाई का माप) मुझे बताओ। साथ ही यहाँ के वनों का भी वर्णन करो।

संजय बोले- महाराज! इस पृथ्‍वी पर रहने वाली जितनी भी वस्तुएं हैं, वे सब-की-सब संक्षेप से पंचमहाभूत-स्वरूप हैं। इसीलिये मनीषी पुरुष उन सबको ‘सम’[1] कहते हैं। आकाश, वायु, अग्नि, जल और भूमि- ये पंच महाभूत हैं। आकाश से लेकर भूमि तक जो पंचमहाभूतों का क्रम है, उसमें पूर्व की अपेक्षा उत्तरोत्तर सब भूतों में एक-एक गुण अधिक होते हैं। इन सब भूतों में भूमि की प्रधानता है। शब्द, स्पर्श, रूप, रस और गन्ध- इन पांचों को तत्त्ववेत्ता महर्षियों ने पृथ्‍वी का गुण बताया हैं। राजन्! जल में चार ही गुण हैं। उसमें गन्ध का अभाव है। तेज के शब्द, स्पर्श तथा रूप- ये तीन गुण हैं। वायु की शब्द और स्पर्श दो ही गुण हैं और आकाश का एक मात्र शब्द ही गुण हैं।

राजन्! ये पांच गुण सम्पूर्ण लोकों के आश्रयभूत पंचमहाभूतों में रहते हैं। जिनमें समस्त प्राणी प्रतिष्ठित हैं। ये पांचों गुण जब साम्यावस्था में रहते हैं, तब एक-दूसरे से संयुक्त नहीं होते हैं। जब ये विषमभाव को प्राप्त होते हैं, तब एक-दूसरे से मिल जाते हैं। उस समय ही देहधारी प्राणी अपने शरीरों से संयुक्त होते हैं, अन्यथा नहीं। ये सब भूत क्रम से नष्‍ट होते और क्रम से ही उत्पन्न होते हैं (पृथ्‍वी आदि के क्रम से इनका लय होता है और आकाश आदि के क्रम से इनका प्रादुर्भाव)। ये सब अ‍परिमेय हैं। इनका रूप ईश्‍वरकृत है। भिन्न-भिन्न लोकों में पाञ्चभौतिक धातु दृष्टिगोचर होते हैं। मनुष्‍य तर्क के द्वारा उनके प्रमाणों का प्रतिपादन करते हैं। परंतु जो अचिन्त्य भाव हैं, उन्हें तर्क से सिद्ध करने की चेष्‍टा नहीं करनी चा‍हिये। जो प्रकृति से परे है, वही अचिन्त्यस्वरूप है।

कुरुनन्दन! अब मैं सुदर्शन द्वीप का वर्णन करूंगा। महाराज! यह द्वीप चक्र की भाँति गोलाकार स्थित है। वह नाना प्रकार की नदियों के जल से आच्छादित, मेघ से समान उच्चतम पर्वतों से सुशोभित, भाँति-भाँति के नगरों, रमणीय जनपदों तथा फल-फूल से भरे हुए वृक्षों से विभूषित है। यह द्वीप भाँति-भाँति की सम्पदाओं तथा धन-धान्य से सम्पन्न हैं। उसे सब ओर से लवणसमुद्र ने घेर रखा है। जैसे पुरुष दर्पण में अपना मुंह देखता है, उसी प्रकार सुदर्शनद्वीप चन्द्रमण्‍डल में दिखायी देता है। इसके दो अंश में पिप्पल और दो अंश में महान् शश दृष्टिगोचर होता है। इनके सब ओर सम्पूर्ण ओषधियों का समुदाय फैला हुआ है। इन सबको छोड़कर शेष स्थान जलमय समझना चाहिये। इससे भिन्न संक्षिप्त भूमिखण्‍ड बताया गया है। उस खण्‍ड का मैं संक्षेप से वर्णन करता हूं, उसे सुनिये।

इस प्रकार श्रीमहाभारत भीष्‍मपर्व के अन्तर्गत जम्बूखण्‍डविनिर्माणपर्व में सुदर्शनद्वीप वर्णन-विषयक पांचवां अध्‍याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. एक समान

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः