द्वादश (12) अध्याय: शल्य पर्व (ह्रदप्रवेश पर्व)
महाभारत: शल्य पर्व: द्वादश अध्याय: श्लोक 1-25 का हिन्दी अनुवाद
तपाये हुए उज्ज्वल सुवर्णमय पत्रों से जड़ी हुई शल्य की वह भयंकर गदा आग की ज्वालाओं से लिपटी हुई-सी प्रतीत होती थी। इसी प्रकार मण्डलाकार गति से विचित्र पैंतरों के साथ विचरते हुए महामनस्वी भीमसेन की गदा बिजलीसहित मेघ के समान सुशोभित होती थी। राजन! मद्रराज ने अपनी गदा से जब भीमसेन की गदा पर चोट की, तब वह प्रज्वलित-सी हो उठी और उससे आग की लपटें निकलने लगीं। इसी प्रकार भीमसेन की गदा से ताड़ित होकर शल्य की गदा भी अंगारे बरसाने लगी। वह अद्भुत-सा दृश्य हुआ। जैसे दो विशाल हाथी दाँतों से और दो बड़े-बड़े़ साँड़ सींगों से एक दूसरे पर चोट करते हैं, उसी प्रकार अंकुशों जैसी उन श्रेष्ठ गदाओं द्वारा वे दोनों वीर एक दूसरे पर आघात करने लगे। उन दोनों के अंगों में गदा की गहरी चोटों से घाव हो गये थे। अतः दोनों ही क्षणभर में खून से नहा गये। उस समय खिले हुए दो पलाश वृक्षों के समान वे दोनों वीर देखने ही योग्य जान पड़ते थे। मद्रराज की गदा से दायें-बायें अच्छी तरह चोट खाकर भी महाबाहु भीमसेन विचलित नहीं हुए। वे पर्वत के समान अविचल भाव से खडे़ रहे। इसी प्रकार भीमसेन की गदा के वेग से बारंबार आहत होने पर भी शल्य को उसी प्रकार व्यर्था नहीं हुई, जैसे दन्तार हाथी के आघात से महान पर्वत पीड़ित नहीं होता। उस समय उन दोनों पुरुषसिंहों की गदाओं के टकराने की आवाज सम्पूर्ण दिशाओं में दो वज्रों के आघात के समान सुनायी देती थी। महापराक्रमी भीमसेन और शल्य दोनों वीर अपनी विशाल गदाओं को ऊपर उठाये कभी पीछे लौट पड़ते, कभी मध्यम मार्ग में स्थित होते और कभी मण्डलाकार घूमने लगते थे। वे युद्ध करते-करते आठ कदम आगे बढ़ आये और लोहे के डंडे उठाकर एक दूसरे को मारने लगे। उनका पराक्रम अलौकिक था। उन दोनों में उस समय भयानक संघर्ष होने लगा। वे दोनों युद्धकला के विद्वान, एक दूसरे को कुचलते हुए मण्डलाकार विचरते और अपना-अपना विशेष कार्य कौशल प्रदर्शित करते थे। तदनन्तर वे पुनः अपनी भयंकर गदाएँ उठाकर शिखरयुक्त दो पर्वतों के समान परस्पर आघात करने और मण्डलाकार गति से विचरने लगे। युद्धविषयक का विशेष के ज्ञात वे दोनों वीर अविचलभाव से रणभूमि में डटे हुए थे। वे एक दूसरे पर क्रोधपूर्वक गदाओं का प्रहार करके अत्यन्त घायल हो गये और दो इन्द्र-ध्वजों के समान एक ही साथ पृथ्वी पर गिर पड़े। उस समय दोनों सेनाओं के वीर हाहाकार करने लगे। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज