महाभारत आदि पर्व अध्याय 16 श्लोक 1-19

षोडश (16) अध्‍याय: आदि पर्व (आस्तीक पर्व)

Prev.png

महाभारत: आदि पर्व:षोडश अध्‍याय: श्लोक 1-19 का हिन्दी अनुवाद
कद्रू और विनता को कश्यप जी के वरदान से अभीष्ट पुत्रों की प्राप्ति

शौनक जी बोले- सूतनन्दन! आप ज्ञानी महात्मा आस्तीक की इस कथा को पुनः विस्तार के साथ कहिये। हमें उसे सुनने के लिये बड़ी उत्कण्ठा है। सौम्य! आप बड़ी मधुर कथा कहते हैं। उसका एक-एक अक्षर और एक-एक पद कोमल हैं। तात! इसे सुनकर हमें बड़ी प्रसन्नता होती है। आप अपने पिता लोमहर्षण की भाँति ही प्रवचन कर रहे हैं। आपके पिता सदा हम लोगों की सेवा में लगे रहते थे। उन्होंने इस उपाख्यान को जिस प्रकार कहा है, उसी रूप में आप भी कहिये।

उग्रश्रवा जी ने कहा- आयुष्मन! मैंने अपने कथावाचक पिता जी के मुख से यह आस्तीक की कथा, जिस रूप में सुनी है, उसी प्रकार आपसे कहता हूँ। ब्रह्मन! पहले सत्ययुग में दक्ष प्रजापति की दो शुभलक्षणा कन्याएँ थीं- कद्रू और विनता। वे दोनों बहिनें रूप-सौन्दर्य से सम्पन्न तथा अद्भुत थीं। अनघ! उन दोनों का विवाह महर्षि कश्यप जी के साथ हुआ था। एक दिन प्रजापति ब्रह्मा जी के समान शक्तिशाली पति महर्षि कश्यप ने अत्यन्त हर्ष में भरकर अपनी उन दोनों धर्मपत्नियों को प्रसन्नतापूर्वक वर देते हुए कहा- ‘तुममें से जिसकी जो इच्छा हो वर माँग लो।’ इस प्रकार कश्यप जी से उत्तम वरदान मिलने की बात सुनकर प्रसन्नता के कारण उन दोनों सुन्दरी स्त्रियों को अनुपम आनन्द प्राप्त हुआ। कद्रू ने समान तेजस्वी एक हजार नागों को पुत्र रूप में पाने का वर माँगा। विनता ने बल, तेज, शरीर तथा पराक्रम में कद्रू के पुत्रों से श्रेष्ठ केवल दो ही पुत्र माँगे। विनता को पति देव ने अत्यन्त अभीष्ट दो पुत्रों के होने का वरदान दे दिया। उस समय विनता ने कश्यप जी के ‘एवमस्तु’ कहकर उनके दिये हुए वर को शिरोधार्य किया।

अपनी प्रार्थना के अनुसार ठीक वर पाकर वह बहुत प्रसन्न हुई। कद्रू के पुत्रों से अधिक बलवान और पराक्रमी दो पुत्रों के होने का वर प्राप्त करके विनता अपने को कृतकृत्य मानने लगी। समाज तेजस्वी एक हजार पुत्र होने का वर पाकर कद्रू भी अपना मनोरथ सिद्ध हुआ समझने लगी। वरदान पाकर सन्तुष्ट हुई। अपनी उन धर्मपत्नियों से यह कहकर कि ‘तुम दोनों यत्नपूर्वक अपने अपने गर्भ की रक्षा करना।’ महातपस्वी कश्यप जी वन में चले गये। ब्रह्मन! तदनन्तर दीर्घकाल के पश्चात कद्रू ने एक हजार और विनता ने दो अण्डे दिेये। दासियों ने अत्यन्त प्रसन्न होकर दोनों के अण्डों को गरम वर्तनों में रख दिया। वे अण्डे पाँच सौ वर्षों तक उन्हीं वर्तनों में पड़े रहे। तत्पश्चात पाँच सौ वर्ष पूरे होने पर कद्रू के एक हजार पुत्र अण्डों को फोड़कर बाहर निकल आये, परन्तु विनता के अण्डों से उसके दो बच्चे निकलते नहीं दिखायी दिये। इससे पुत्रार्थिनी और तपस्विनी देवी विनता सौत के सामने लज्जित हो गयी। फिर उसने अपने हाथों से एक अण्डा फोड़ डाला। फूटने पर उस अण्डे में विनता ने अपने पुत्र को देखा, उसके शरीर का ऊपरी भाग पूर्णरूप से विकसित एवं पुष्ट था, किन्तु नीचे का आधा अंग अभी अधूरा रह गया था। सुना जाता है, उस पुत्र ने क्रोध के आवेश में आकर विनता को शाप दे दिया। ‘मा! तूने लोभ के वशीभूत होकर मुझे इस प्रकार अधूरे शरीर का बना दिया- मेरे समस्त अंगों को पूर्णतः विकसित एवं पुष्ट नहीं होने दिया; इसलिये जिस सौत के साथ तू लाग-डाँट रखती है, उसी की पाँच सौ वर्षों तक दासी बनी रहेगी।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः