महाभारत वन पर्व अध्याय 82 श्लोक 1-19

द्वयशीतितम (82) अध्‍याय: वन पर्व (तीर्थयात्रा पर्व)

Prev.png

महाभारत: वन पर्व: द्वयशीतितम अध्याय: श्लोक 1-19 का हिन्दी अनुवाद


भीष्म जी के पूछने पर पुलस्त्य जी का उन्हें विभिन्न तीथों की यात्रा का माहात्म्य बताना

पुलस्त्य जी ने कहा- 'धर्मज्ञ! उत्तम व्रत का पालन करने वाले महाभाग! तुम्हारे इस विनय, इन्द्रियसंयम और सत्यपालन से मैं बहुत संतुष्ट हूँ। निष्पाप वत्स! तुम्हारे द्वारा पितृभक्ति के आश्रित हो ऐसे उत्तम धर्म का पालन हो रहा है, इसी के प्रभाव से तुम मेरा दर्शन कर रहे हो और तुम पर मेरा बहुत प्रेम हो गया है। निष्पाप कुरुश्रेष्ठ भीष्म! मेरा दर्शन अमोघ है। बोलो, मैं तुम्हारे किस मनोरथ की पूर्ति करूं? तुम जो मांगोगे, वहीं दूंगा।'

भीष्म जी ने कहा- महाभाग! आप सम्पूर्ण लोकों द्वारा पूजित हैं। आपके प्रसन्न हो जाने पर मुझे क्या नहीं मिला? आप जैसे शक्तिशाली महर्षि का मुझे दर्शन हुआ, इतने ही से मैं अपने को कृतकृत्य मानता हूँ। धर्मात्माओं में श्रेष्ठ महर्षे! यदि मैं आपकी कृपा का पात्र हूँ तो मैं आपके सामने अपना संशय रखता हूँ। आप उसका निवारण करें। मेरे मन में तीर्थों से होने वाले धर्म के विषय में कुछ संशय हो गया है, मैं उसी का समाधान सुनना चाहता हूं; आप बताने की कृपा करें। देवतुल्य ब्रह्मर्षे! जो (तीर्थों के उद्देश्य से) सारी पृथ्वी की परिक्रमा करता है, उसे क्या फल मिलता है? यह निश्चित करके मुझे बताइये।'

पुलस्त्य जी ने कहा- 'वत्स! तीर्थयात्रा ऋर्षियों के लिये बहुत बड़ा आश्रय है। मैं इसके विषय में तुम्हें बताऊंगा। तीर्थों के सेवन से जो फल होता है, उसे एकाग्र होकर सुनो। जिसके हाथ, पैर और मन अपने काबू में हों तथा जो विद्या, तप और कीर्ति से सम्पन्न हो, वही तीर्थसेवन का फल पाता है। जो प्रतिग्रह से दूर रहे तथा जो कुछ अपने पास हो, उसी से संतुष्ट रहे और जिस में अहंकार का भाव न हो, वही तीर्थ का फल पाता है। जो दम्भ आदि दोषों से दूर, कर्तृत्व के अहंकार से शून्य, अल्पाहारी और जितेन्द्रिय हो, वह सब पापों से विमुक्त हो तीर्थ के वास्तविक फल का भागी होता है। ऋषियों ने देवताओं के उद्देश्य से यथायोग्य यज्ञ बताये हैं और उन यज्ञों का यथावत फल भी बताया है, जो इहलोक और परलोक में भी सर्वथा प्राप्त होता है। परंतु भूपाल! दरिद्र मनुष्य उन यज्ञों का अनुष्ठान नहीं कर सकते; क्योंकि उनमें बहुत सी सामग्रियों की आवश्यकता होती है। नाना प्रकार के साधनों का संग्रह होने से उनमें विस्तार बहुत बढ़ जाता है। अतः राजा लोग अथवा कहीं-कहीं कुछ समृद्धिशाली मनुष्य ही यज्ञों का अनुष्ठान कर सकते हैं। जिनके पास धन की कमी और सहायकों का अभाव होता है, जो अकेले और साधनशून्य हैं, उनके द्वारा यज्ञों का अनुष्ठान नहीं हो सकता।

योद्धाओं में श्रेष्ठ नरेश्वर! जो सत्कर्म दरिद्र लोग भी कर सकें और जो अपने पुण्यों द्वारा यज्ञों के समान फलप्रद हो सके, उसे बताता हूं, सुनो। भरतश्रेष्ठ! यह ऋषियों का परम गोपनीय रहस्य है। तीर्थयात्रा बड़ा पवित्र सत्कर्म है। वह यज्ञों से भी बढ़कर है। मनुष्य इसीलिये दरिद्र होता है कि वह (तीथों में) तीन रात तक उपवास नहीं करता, तीर्थों की यात्रा नहीं करता और सुवर्ण-दान और गोदान नहीं करता। मनुष्य तीर्थयात्रा में जिस फल को पाता है, उसे प्रचुर दक्षिणा वाले अग्निष्टोम आदि यज्ञों द्वारा यजन करके भी नहीं पा सकता।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः