त्रिपन्चाशत्तम (53) अध्याय: शल्य पर्व (गदा पर्व)
महाभारत: शल्य पर्व: त्रिपन्चाशत्तम अध्याय: श्लोक 1-21 का हिन्दी अनुवाद
यह सुनकर देवताओं ने सहस्र नेत्रधारी इन्द्र से कहा- ‘शक्र! यदि सम्भव हो तो राजर्षि कुरु को वर देकर अपने अनुकूल किया जाय। यदि यहाँ मरे हुए मानव यज्ञों द्वारा हमारा पूजन किये बिना ही स्वर्गलोक में चले जायंगे, तब तो हम लोगों का भाग सर्वथा नष्ट हो जायगा’। तब इन्द्र ने वहाँ से आकर राजर्षि कुरु से कहा- ‘नरेश्वर! आप व्यर्थ कष्ट क्यों उठाते हैं? मेरी बात मान लीजिये। महामते! राजेन्द्र! जो मनुष्य और पशु-पक्षी यहाँ निराहार रहकर देह त्याग करेंगे अथवा युद्ध में मारे जायंगे, वे स्वर्गलोक के भागी होंगे’। तब राजा कुरु ने इन्द्र से कहा- ‘देवराज! ऐसा ही हो’ तदनन्तर कुरु से विदा ले बलसूदन इन्द्र फिर शीघ्र ही प्रसन्न चित्त से स्वर्गलोक में चले गये। यदुश्रेष्ठ! इस प्रकार प्राचीन काल में राजर्षि कुरु ने इस क्षेत्र को जोता और इन्द्र तथा ब्रह्मा आदि देवताओं ने इसे वर देकर अनुगृहीत किया। भूतल का कोई भी स्थान इससे बढ़कर पुण्यदायक नहीं होगा। जो मनुष्य यहाँ रहकर बड़ी भारी तपस्या करेंगे, वे सब लोग देहत्याग के पश्चात ब्रह्मलोक में जायंगे। जो पुण्यात्मा मानव वहाँ दान देंगे, उनका वह दान शीघ्र ही सहस्रगुना हो जायगा। जो मानव शुभ की इच्छा रखकर यहाँ नित्य निवास करेंगे, उन्हें कभी यम का राज्य नहीं देखना पड़ेगा। जो नरेश्वर यहाँ बड़े-बड़े यज्ञों का अनुष्ठान करेंगे, वे जब तक यह पृथ्वी रहेगी, तब तक स्वर्गलोक में निवास करेंगे। हलायुध! स्वयं देवराज इन्द्र ने कुरुक्षेत्र के सम्बन्ध में यहाँ जो गाथा गायी है, उसे आप सुनिये। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज