महाभारत भीष्म पर्व अध्याय 51 श्लोक 1-30

एकपंचाशत्तम (51) अध्याय: भीष्म पर्व (भीष्‍मवध पर्व)

Prev.png

महाभारत: भीष्म पर्व: एकपंचाशत्तम अध्याय: श्लोक 1-30 का हिन्दी अनुवाद

कौरव-सेना की व्यूह रचना तथा दोनों दलों में शंख ध्वनि और सिंहनाद


संजय कहते हैं- महाराज! उस अत्यन्त भयंकर अभेद्य क्रौंचव्यूह को अमिततेजस्वी अर्जुन के द्वारा सुरक्षित देखकर आपका पुत्र दुर्योधन आचार्य द्रोण, कृप, शल्य, भूरिश्रवा, विकर्ण, अश्वत्थामा और दुःशासन आदि सब भाईयों तथा वीरो! आप सब लोग नाना प्रकार के अस्त्र-शस्त्रों के प्रहार में कुशल तथा युद्ध की कला में निपूर्ण हैं। आप सभी महारथी हैं। आपमें से प्रत्येक योद्धा रणक्षेत्र में सेनासहित पांडवों का वध करने में समर्थ है। फिर सब लोग मिलकर उन्हें परास्त कर दें, इसके लिये तो कहना ही क्या है। भीष्म पितामह के द्वारा सुरक्षित हमारी वह सेना सब प्रकार से अजेय है, परन्तु भीमसेन के द्वारा सुरक्षित इन पांडवों की यह सेना जीतने में सुगम है; अतः मेरी राय है कि संस्थान, शूरसेन, वेत्रिक, कुकुर, आरोचक, त्रिगर्त, मद्रक तथा यवन आदि देशों के लोग शत्रुंजय, दुःशासन, वीर विकर्ण, नन्द, उपनन्द, चित्रसेन तथा पारिभद्र के वीरों के साथ जाकर अपनी सेना को आगे रखते हुए भीष्म की ही रक्षा करेंं।

संजय कहते हैं- महाराज! दुर्योधन की यह बात सुनकर द्रोण आदि सभी महारथियों एवं राजाओं ने उस समय ‘तथास्तु’ कहकर उनकी बात मान ली। आर्य! तदनन्तर भीष्म, द्रोण तथा आपके पुत्रों ने मिलकर अपनी सेना का महान व्यूह बताया, जो पांडव-सैनिकों को बाधा पहुँचाने में समर्थ था। तदनन्तर बहुत बड़ी सेना द्वारा सब ओर से घिरे हुए भीष्म देवराज इन्द्र की भाँति विशालवाहिनी साथ लिये आगे-आगे चले। उनके पीछे प्रतापी वीर महाधनुर्धर द्रोणाचार्य ने युद्ध के लिये प्रस्थान किया। महाराज! उस समय कुन्तल, दशार्ण, मागध, विदर्भ, मेकल तथा कर्मप्रावरण आदि देशों के सैनिकों के साथ गान्धार, सिन्धु, सौवीर, शिवि तथा वसाति देशों के वीर क्षत्रिय युद्ध में शोभा पाने वाले भीष्म की रक्षा करने लगे। शकुनि ने अपनी सेना साथ लेकर द्रोणाचार्य को रक्षा में योग दिया। तत्पश्चात् अपने भाईयों सहित राजा दुर्योधन अत्यन्त हर्ष में भरकर अश्वातक, विकर्ण, अम्बष्ठ, कौसल, दरद, शक, क्षुद्रक तथा मालव आदि देशों के योद्धाओं के साथ सुबलपुत्र शकुनि की सेना का संरक्षण करने लगा।

भूरिश्रवा, शल, शल्य, आदरणीय राजा भगदत्त तथा अवंती के राजकुमार विन्द और अनुविन्द उस सारी सेना के वामभाव की रक्षा कर रहे थे। सोमदत्तपुत्र भूरि, त्रिगर्तराज सुशर्मा, काम्बोजराज सुदक्षिण, श्रतायु तथा अच्युतायु -ये दक्षिणभाग में स्थित होकर उस सेना की रक्षा कर रहे थे। अश्वत्थामा, कृपाचार्य तथा सात्वतवंशी कृतवर्मा अपनी विशाल सेना के साथ कौरव सेना के पृष्ठभाग में खड़े होकर उसका संरक्षण करते थे। केतुमान, वसुदान, काशिराज के पुत्र अभियू तथा अन्य अनेक देशों के नरेश सेना पृष्ठ के पोषक थे। भारत! तदनन्तर आपकी सेना के समस्त सैनिक हर्ष से उल्लसित हो प्रसन्नतापूर्वक शंख बजाने और सिंहनाद करने लगे। उनका हर्षनाद सुनकर कुरुकुल के वृद्ध पितामह प्रतापी भीष्म जोर-जोर से सिंहनाद करके अपना शंख बजाया। तदनन्तर शंख, भेरी, नाना प्रकार के पणव और आनक आदि अन्य बाजे सहसा बज उठे और उन सबका सम्मिलित शब्द सब ओर गूंज उठा।

तत्पश्चात श्वेत घोड़ों से जुते हुए विशाल रथ पर बैठे भगवान श्रीकृष्ण और अर्जुन अपने स्वर्णभूषित श्रेष्ठ शंखों को बजाने लगे। हृषीकेश ने पांचजन्य, अर्जुन ने देवदत्त तथा भयंकर कर्म करने वाले भीमसेन ने पौण्ड्र नामक महान शंख बजाया। कुन्तीपुत्र राजा युधिष्ठिर ने अनन्तविजय तथा नकुल-सहदेव ने सुघोष और मणिपुष्पक नामक शंख बजाया। काशिराज, शैव्य, महारथी शिखण्डी, धृष्टद्युम्न, विराट, महारथी सात्यकि, पांचालवीर, महाधुनर्धर द्रौपदी के पांचों पुत्र- ये सभी बड़े-बड़े शंखों को बजाने और सिंहनाद करने लगे। वहाँ उन वीरों द्वारा प्रकट किया हुआ वह महान तुमुल घोष पृथ्वी और आकाश को निनादित करने लगा। महाराज! इस प्रकार ये हर्ष में भरे हुए कौरव-पांडव एक दूसरे को संताप देते हुए पुनः युद्ध के लिये रणक्षेत्र में जा पहुँचे।


इस प्रकार श्रीमहाभारत भीष्म पर्व के अन्तर्गत भीष्मवध पर्व में कौरव-व्युहरचनाविषयक इक्यावनवां अध्याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः