चतुर्विंशत्यधिकशतकम (124) अध्याय: द्रोण पर्व (जयद्रथवध पर्व)
महाभारत: द्रोण पर्व: चतुर्विंशत्यधिकशतकम अध्याय: श्लोक 1-17 का हिन्दी अनुवाद
संजय ने कहा - राजन! रथ, हाथी, घोड़े और पैदलों से भरा हुआ आपका सेना सम्बन्धी उद्योग महान था। आपके सैनिकों का समाहार प्रलय काल के समान भयंकर जान पड़ता था। मानद! जब आपकी सेना के भिन्न-भिन्न समूह सब ओर से बुलाये गये, उस समय जो महान समुदाय एकत्र हुआ, इसके समान इस संसार में दूसरा कोई समूह नहीं था, ऐसा मेरा विश्वास है। वहाँ आये हुए देवता तथा चारण ऐसा कहते थे कि इस भूतल पर सारे समूहों की अन्तिम सीमा यही होगी। प्रजानाथ! जयद्रथ वध के समय उद्वेलित हुए समुद्रों के जल से जैसा भैरव गर्जन सुनायी देता है, उस रणक्षेत्र में एक दूसरे पर धावा करने वाले सैन्य-समूहों का कोलाहल भी वैसा ही भयंकर था। नरश्रेष्ठ! आपकी और पाण्डवों की सेनाओं में सब ओर से एकत्र हुए भूमिपालों के सैंकड़ों और हजारों दल थे। वे सभी प्रमुख वीर रोषावेष से परिपूर्ण हो समरभूमि में सुदृढ़ पराक्रम कर दिखाने वाले थे। वहाँ उन सबका महान एवं तुमुल कोलाहल रोंगटे खड़े कर देने वाला था। एक दूसरे के प्रति गर्जना करने वाले पाण्डवों तथा कौरवों के सिंहनाद और किल किलाहट के शब्द वहाँ सहस्रों बार प्रकट होते थे। भरतनन्दन! वहाँ नगाड़ों की भयानक गड़गड़ाहट, बाणों की सनसनाहट तथा परस्पर प्रहार करने वाले मनुष्यों की गर्जना के शब्द बड़े जोर से सुनाई दे रहे थे। माननीय नरेश! तदनन्तर भीमसेन, धृष्टद्युम्न, नकुल, सहदेव तथा पाण्डुपुत्र धर्मराज युधिष्ठिर ने अपने सैनिकों को पुकार कर कहा-वीरों! आओ, शत्रुओं पर प्रहार करो। बड़े वेग से इन पर टूट पड़ो; क्योंकि वीर सात्यकि और अर्जुन शत्रुओं की सेना में घुस गये हैं। ‘वे दोनों जयद्रथ का वध करने के लिये जैसे सुख पूर्वक आगे जा सकें, उसी प्रकार शीघ्रता पूर्वक प्रयत्न करो।’ इस तरह उन्होंने सारी सेनाओं को आदेश दिया। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज