महाभारत अनुशासन पर्व अध्याय 77 श्लोक 1-18

सप्तसप्ततितम (77) अध्‍याय: अनुशासन पर्व (दानधर्म पर्व)

Prev.png

महाभारत: अनुशासन पर्व: सप्तसप्ततितम अध्याय: श्लोक 1-18 का हिन्दी अनुवाद


कपिला गौओं की उत्‍पत्ति और महिमा का वर्णन

वैशम्पायन जी कहते हैं- जनमेजय! तदन्तर राजा युधिष्ठिर ने पुनः शान्तनुनन्दन भीष्म से गोदान की विस्तृत विधि तथा तत्सम्बन्धी धर्मों के विषय में विनयपर्वूक जिज्ञासा की।

युधिष्ठिर बाले- भारत! आप गोदान के उत्तम गुणों का भलीभाँति पुनः मुझसे वर्णन कीजिये। वीर ऐसा अमृतमय उपदेश सुनकर मैं तृप्त नहीं हो रहा हूँ।

वैशम्पायन जी कहते हैं- राजन! धर्मराज युधिष्ठिर के ऐसा कहने पर उस समय शान्तनुनन्दन भीष्म केवल गोदान-सम्बन्धी गुणों का भलीभाँति (विधिवत) वर्णन करने लगे।

भीष्म जी ने कहा- बेटा! वात्सल्य भाव से युक्त, गुणवती और जवान गाय को वस्त्र उढ़ाकर उसका दान करें। ब्राह्मण को ऐसी गाय का दान करके मनुष्य सब पापों से मुक्त हो जाता है। असुर्य नाम के जो अन्धकारमय लोक (नरक) हैं, उनमें गोदान करने वाले पुरुष को नहीं जाना पड़ता, जिसका घास खाना और पानी पीना प्रायः समाप्त हो चुका हो, जिसका दूध नष्ट हो गया है, जिसकी इन्द्रियाँ काम न दे सकती हों, जो बुढ़ापा और रोग से आक्रान्त होने के कारण शरीर से जीर्ण-शीर्ण हो बिना पानी की बावड़ी समान व्यर्थ हो गयी हो, ऐसी गौ का दान करके मनुष्य ब्राह्मण को व्यर्थ कष्ट में डालता है और स्वयं भी घोर नरक में पड़ता है। जो क्रोध करने वाली दुष्टा, रोगिनी और दुबली-पतली हो तथा जिसका दाम न चुकाया गया हो, ऐसी गौ का दान करना कदापि उचित नहीं है। जो इस तरह की गाय देकर ब्राह्मण को व्यर्थ कष्ट में डालता है, उसे निर्वल और निष्फल लोक ही प्राप्त होते हैं। हुष्ट-पुष्ट, सुलक्षणा, जवान तथा उत्तम गंध वाली गाय की सभी लोग प्रशंसा करते हैं। जैसे नदियों में गंगा श्रेष्ठ है, वैसे ही गौओं में कपिला गौ उत्तम मानी गयी है।

युधिष्ठिर ने पूछा- पितामह! किसी भी रंग की गाय का दान किया जाये, गोदान तो एक-सा ही होगा? फिर सत्पुरुषों ने कपिला गौ की ही अधिक प्रशंसा क्यों की है? मैं कपिला के महान प्रभाव को विशेष रूप से सुनना चाहता हूँ। मैं सुनने में समर्थ हूँ और आप कहने में।

भीष्म जी ने कहा- बेटा! मैंने बड़े-बूढ़ों के मुंह से रोहिणी (कपिला) की उत्पत्ति का जो प्राचीन वृत्तान्त सुना है, वह सब तुम्हें बता रहा हूँ। सृष्टि के प्रारंभ में स्वयम्भू ब्रह्मा जी ने प्रजापति दक्ष को यह आज्ञा दी 'तुम प्रजा की सृष्टि करो', किंतु प्रजापति दक्ष ने प्रजा के हित की इच्छा से सर्वप्रथम उनकी आजीविका का ही निर्माण किया। प्रभु! जैसे देवता अमृत का आश्रय लेकर जीवन-निर्वाह करते हैं, उसी प्रकार समस्त प्रजा आजीविका के सहारे जीवन धारण करती है। स्थावर प्राणियों से जंगम प्राणी सदा श्रेष्ठ हैं। उनमें भी मनुष्य और मनुष्यों में भी ब्राह्मण श्रेष्ठ है; क्योंकि उन्हीं में यज्ञ प्रतिष्ठित है। यज्ञ से सोम की प्राप्ति होती है और वह यज्ञ गौओं में प्रतिष्ठित है, जिससे देवता आनंदित होते हैं। अतः पहले आजीविका है फिर प्रजा।

समस्त प्राणी उत्पन्न होते ही जीविका के लिये कोलाहल करने लगे। जैसे भूखे-प्यासे बालक अपने मां-बाप के पास जाते हैं, उसी प्रकार समस्त जीव जीविकादाता दक्ष के पास गये। प्रजाजनों की इस स्थिति पर मन-ही-मन विचार करके भगवान प्रजापति ने प्रजावर्ग की आजीविका के लिये उस समय अमृत का पान किया। अमृत पीकर जब वे पूर्ण तृप्त हो गये, तब उनके मुख से सुरभि (मनोहर) गंध निकलने लगी। सुरभि गंध के निकलने के साथ ही ‘सुरभि’ नामक गौ प्रकट हो गयी, जिसे प्रजापति ने अपने मुख से प्रकट हुई पुत्री के रूप में देखा। उस सुरभि ने बहुत-सी ‘सौरभेयी' नाम वाली गौओं को उत्पन्न किया, जो सम्पूर्ण जगत के लिये माता समान थीं। उन सब का रंग सुवर्ण के समान उद्दीप्त हो रहा था। वे कपिला गौएँ प्रजाजनों के लिये आजीविकारूप दूध देने वाली थीं।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः