महाभारत अनुशासन पर्व अध्याय 113 श्लोक 1-11

त्रयोदशाधिकशततम (113) अध्याय: अनुशासनपर्व (दानधर्म पर्व)

Prev.png

महाभारत: अनुशासन पर्व: त्रयोदशाधिकशततम अध्याय: श्लोक 1-11 का हिन्दी अनुवाद


बृहस्‍पति जी का युधिष्ठिर को अहिंसा एवं धर्म की महिमा बताकर स्‍वर्गलोक को प्रस्‍थान

युधिष्ठिर ने पूछा- भगवान! अहिंसा, वेदोक्‍त कर्म, ध्‍यान, इन्द्रिय-संयम, तपस्या और गुरु-शुश्रूषा - इनमें से कौन-सा कर्म मनुष्‍य का (विशेष) कल्‍याण कर सकता है।

बृहस्‍पति‍ जी ने कहा- भरतश्रेष्‍ठ! ये छ: प्रकार के कर्म ही धर्मजनक हैं तथा सब भिन्‍न-भि‍न्न कारणों से प्रकट हुए हैं। मैं इन छहों का वर्णन करता हूँ, तुम सुनो।

अब मैं मनुष्‍य के लिये कल्‍याण के सर्वश्रेष्‍ठ उपाय का वर्णन करता हूँ। जो मनुष्‍य अहिंसायुक्‍त धर्म का पालन करता है, वह मोह, मद और मत्‍सरतारूप तीनों दोषों को अन्‍य समस्‍त प्राणियों में स्‍थापित करके एवं सदा काम-क्रोध का संयम करके सिद्धि को प्राप्‍त हो जाता है। जो मनुष्‍य अपने सुख की इच्‍छा रखकर अहिंसक प्राणियों को डंडे से मारता है, वह परलोक में सुखी नहीं होता है। जो मनुष्‍य सब भूतों को अपने समान समझता, किसी पर प्रहार नहीं करता (दण्‍ड को हमेशा के लिये त्‍याग देता है) और क्रोध को अपने काबू में रखता है, वह मृत्यु के पश्चात सुख भोगता है। जो सम्‍पूर्ण भूतों का आत्मा है, अर्थात सब की आत्‍मा को अपनी ही आत्‍मा समझता है तथा जो सब भूतों को समान भाव से देखता है, उस गमनागमन से रहित ज्ञानी का पता लगाते समय देवता भी मोह में पड़ जाते हैं।

जो बात अपने को अच्‍छी न लगे, वह दूसरों के प्रति भी नहीं करनी चाहिए। यही धर्म का संक्षिप्‍त लक्षण है। इससे भिन्‍न जो बर्ताव होता है, वह कामनामूलक है। माँगने पर देने और इनकार करने से, सुख और दु:ख पहुँचाने से तथा प्रिय और अप्रिय करने से पुरुष को स्‍वयं जैसे हर्ष-शोक का अनुभव होता है, उसी प्रकार दूसरों के लिये भी समझें।

जैसे एक मनुष्‍य दूसरों पर आक्रमण करता है, उसी प्रकार अवसर आने पर दूसरे भी उसके ऊपर आक्रमण करते हैं। इसी को तुम जगत में अपने लिये भी दृष्‍टांत समझो। अत: किसी पर आक्रमण नहीं करना चाहिये। इस प्रकार यहाँ कौशलपूर्वक धर्म का उपदेश किया है।

वैशम्‍पायन जी कहते हैं- जनमेजय! धर्मराज युधिष्ठिर से इस प्रकार कहकर परम बुद्धिमान देवगुरु बृहस्‍पति जी उस समय हम लागों के देखते-देखते स्वर्गलोक चले गये।


इस प्रकार श्रीमहाभारत अनुशासन पर्व के अंतर्गत दानधर्म पर्व में संसार चक्र की समाप्ति विषयक एक सौ तेरहवाँ अध्याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः