महाभारत आदि पर्व अध्याय 13 श्लोक 1-19

त्रयोदश (13) अध्‍याय: आदि पर्व (आस्तीक पर्व)

Prev.png

महाभारत: आदि पर्व: त्रयोदश अध्याय: श्लोक 1-19 का हिन्दी अनुवाद

शौनक जी ने पूछा- सूत जी! राजाओं में श्रेष्ठ जनमेजय ने किसलिये सर्पसत्र द्वारा सर्पों का अन्त किया? यह प्रसंग मुझसे कहिये। सूतनन्दन! इस विषय की सब बातों का यथार्थ रूप से वर्णन कीजिये। जप-यज्ञ करने वाले पुरुषों में श्रेष्ठ विप्रवर आस्तीक ने किसलिये सर्पों को प्रज्वलित अग्नि में जलने से बचाया और वे राजा जनमेजय, जिन्होंने सर्पसत्र का आयोजन किया था, किसके पुत्र थे? तथा द्विजवंश शिरोमणि आस्तीक भी किसके पुत्र थे? यह मुझे बताइये।

उग्रश्रवा जी ने कहा- ब्रह्मन! आस्तीक का उपाख्यान बहुत बड़ा है। वक्ताओं में श्रेष्ठ! यह प्रसंग जैसे कहा जाता है, वह सब पूरा-पूरा सुनो। शौनक जी ने कहा- सूतनन्दन! पुरातन ऋषि एवं यशस्वी ब्राह्मण आस्तीक की इस मनोरम कथा को मैं पूर्णरूप से सुनना चाहता हूँ। उग्रश्रवा जी ने कहा- शौनक जी! ब्राह्मण लोग इस इतिहास को बहुत पुराना बताते हैं। पहले मेरे पिता लोमहर्षण जी ने, जो व्यास जी के मेधावी शिष्य थे, ऋषियों के पूछने पर साक्षात श्रीकृष्ण द्वैपायन (व्यास) के कहे हुए इस इतिहास का नैमिषारण्यवासी ब्राह्मणों के समुदाय में वर्णन किया था। उन्हीं के मुख से सुनकर मैं भी इसका यथावत वर्णन करता हूँ।

शौनक जी! यह आस्तीक मुनि का उपाख्यान सब पापों का नाश करने वाला है। आपके पूछने पर मैं इसका पूरा-पूरा वर्णन कर रहा हूँ। आस्तीक के पिता प्रजापति के समान प्रभावशाली थे। ब्रह्मचारी होने के साथ ही उन्होंने आहार पर भी संयम कर लिया था। वे सदा उग्र तपस्या में संलग्न रहते थे। उनका नाम था जरत्कारु। वे ऊर्ध्‍वरेता और महान ऋषि थे। यायावारों[1] में उनका स्थान सबसे ऊँचा था। वे धर्म के ज्ञाता थे। एक समय तपोबल से सम्पन्न उन महाभाग जरत्कारु ने यात्रा प्रारम्भ की। वे मुनिवृत्ति से रहते हुए जहाँ शाम होती वहीं डेरा डाल देते थे।

वे सब तीर्थों में स्नान करते हुए घुमते थे। उन महातेजस्वी मुनि ने कठोर व्रतों की ऐसी दीक्षा लेकर यात्रा प्रारम्भ की थी, जो अजितेन्द्रिय पुरुषों के लिये अत्यन्त दुःसाध्य थी। वे कभी वायु पीकर रहते और कभी भोजन का सर्वथा त्याग करके अपने शरीर को सुखाते रहते थे। उन महर्षि ने निंद्रा पर भी विजय प्राप्त कर ली थी, इसलिये उनकी पलक नहीं लगती थी। इधर-उधर विचरण करते हुए वे प्रज्वलित अग्नि के समान तेजस्वी जान पड़ते थे। घूमते-घूमते किसी समय उन्होंने अपने पितामहों को देखा जो ऊपर को पैर और नीचे को सिर किये एक विशाल गड्ढे में लटक रहे थे। उन्हें देखते ही जरत्कारु ने उनसे पूछा- ‘आप लोग कौन हैं, जो इस गड्ढे में नीचे को मुख किये लटक रहे हैं। आप जिस वीरणस्तम्ब (खस नाम तिनकों के समूह) को पकड़कर लटक रहे हैं, उसे इस गड्ढे़ में गुप्त रूप से नित्य-निवास करने वाले चूहे ने सब ओर से प्रायः खा लिया है।'[2] पितर बोले- ब्रह्मन! हम लोग कठोर व्रत का पालन करने वाले यायावर नामक मुनि हैं। अपनी सन्तान परम्परा का नाश होने से हम नीचे पृथ्वी पर गिरना चाहते हैं। हमारी एक संतति बच गयी है, जिसका नाम है जरत्कारू। हम भाग्यहीनों की वह अभागी सन्तान केवल तपस्या में ही संलग्न है।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

  1. यायावर का अर्थ है सदा विचरने वाला मुनि। मुनिवृत्ति से रहते हुए सदा इधर-उधर घूमते रहने वाले गृहस्थ ब्राह्मणों के एक समूह विशेष की यायावर संज्ञा है। ये लोग एक गाँव में एक रात से अधिक नहीं ठहरते और पक्ष में एक बार अग्निहोत्र करते हैं। पक्षहोम सम्प्रदाय की प्रवृत्ति इन्हीं से हुई है। इनके विषय में भारद्वाज का वचन इस प्रकर मिलता है- यायावरा नाम ब्राह्मणा आसंस्ते अर्धमासादग्निहोत्रभजुह्वन्। यायावर लोग घूमते-घूमते जहाँ संध्या हो जाती है वही ठहर जाते हैं।
  2. यहाँ भूलोक ही गड्ढा है। स्वर्गवासी पितरों को जो नीचे गिरने का भय लगा रहता है उसी को सूचित करने के लिये यह कहा गया है कि उनके पैर ऊपर थे और सिर नीचे। काल ही चूहा है और वंश परम्परा ही वीरणास्तम्ब (खस नामक तिनकों का समुदाय) है। उस वंश में केवल जरत्कारु बच गये थे और अन्य सब पुरुष काल के अधीन हो चुके थे। यही व्यक्त करने के लिये चूहे के द्वारा तिनकों के समुदाय को सब ओर से खाया हुआ बताया गया है। जरत्कारु के विवाह न करने से उस वंश का वह शेष अंश भी नष्ट होना चाहता था। इसीलिये पितर व्याकुल थे और जरत्कारु को इसका बोध कराने के लिये उन्होंने इस प्रकार दर्शन दिया था।

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः