महाभारत वन पर्व अध्याय 188 श्लोक 1-21

अष्टाशीत्यधिकशततम (188) अध्‍याय: वन पर्व (मार्कण्डेयसमस्या पर्व)

Prev.png

महाभारत: वन पर्व: अष्टाशीत्यधिकशततम अध्‍याय: श्लोक 1-21 का हिन्दी अनुवाद


चारों युगों की वर्ष-संख्या एवं कलियुग के प्रभाव का वर्णन, प्रलयकाल का दृश्य और मार्कण्डेय जी को बालमुकुन्द जी के दर्शन, मार्कण्डेय जी का भगवान् के उदर में प्रवेश कर ब्रह्माण्डदर्शन करना और फिर बाहर निकलकर उनसे वार्तालाप करना

वैशम्पायन जी कहते हैं- जनमेजय! तदनन्तर विनयशील धर्मराज युधिष्ठिर ने यशस्वी मार्कण्डेय मुनि से पुनः इस प्रकार प्रश्न किया। महामुने! आपने हजार-हजार युगों के अन्त में होने वाले अनेक महाप्रलय के दृश्य देखे हैं। इस संसार में आपके समान बड़ी आयु वाला दूसरा कोई पुरुष नहीं दिखायी देता। ब्रह्मवेत्ताओं में श्रेष्ठ महर्षें! परमेष्ठी महात्मा ब्रह्माजी को छोड़कर दूसरा कोई आपके समान दीर्घायु नहीं है। ब्रह्मन्! जब यह संसार देवता, दानव तथा अन्तरिक्ष आदि लोकों से शून्य हो जाता है, उस प्रलयकाल में केवल आप ही ब्रह्माजी के पास रहकर उनकी उपासना करते हैं। ब्रह्मर्षे! फिर प्रलयकाल व्यतीत होने पर जब पितामह ब्रह्मा जागते हैं, तब सम्पूर्ण दिशाओं में वायु को फैलाकर उसके द्वारा समस्त जलराशि को इधर-उधर छितराकर (सूखे स्थानों में) ब्रह्माजी के द्वारा जो जरायुज, अण्डज, स्वेदज और उद्भिज्ज नामक चार प्रकार के प्राणी रचे जाते हैं, उन्हें एकमात्र आप ही (सबसे पहले) अच्छी तरह देख पाते हैं।

द्विजश्रेष्ठ! आपने तत्परतापूर्वक चित्तवृत्तियों का निरोध करके सम्पूर्ण लोकों के पितामह साक्षात् लोकगुरु ब्रह्माजी की आराधना की है। विप्रवर! आपने अनेक बार इस जगत् की प्रारम्भिक सृष्टि को प्रत्यक्ष किया है और घोर तपस्या द्वारा (मरीचि आदि) प्रजापतियों को भी जीत लिया है। आप भगवान् नारायण के समीप रहने वाले भक्तों में सबसे श्रेष्ठ हैं। परलोक में आपकी महिमा का सर्वत्र गान होता है। आपने पहले स्वेच्छा से प्रकट होने वाले सर्वव्यापक ब्रह्मा की उपलब्धि के स्थानभूत हृदयकमल की कर्णिका का (योग की कला से) अलौकिक उद्घाटन कर वैराग्य और अभ्यास से प्राप्त हुई दिव्य दृष्टि द्वारा विश्वरचयिता भगवान् का अनेक बार साक्षात्कार किया है। इसीलिये सबको मारने वाली मृत्यु तथा शरीर को जर्जर बना देने वाली जरा आपका स्पर्श नहीं करती है। ब्रह्मार्षें! इसमें भगवान् परमेष्ठी का कृपाप्रसाद ही कारण है।

(महाप्रलय के समय) जब सूर्य, अग्नि, वायु, चन्द्रमा, अन्तरिक्ष और पृथ्वी आदि में से कोई भी शेष नहीं रह जाता, समस्त चराचर जगत् उस एकार्णव के जल में डूबकर अदृश्य हो जाता है, देवता और असुर नष्ट हो जाते हैं तथा बड़े-बड़े नागों का संहार हो जाता है, उस समय कमल और उत्पल में निवास तथा शयन करने वाले सर्वभूतेश्वर अमितात्मा ब्रह्माजी के पास रहकर केवल आप ही उनकी उपासना करते हैं। द्विजोत्तम! यह सारा पुरातन इतिहास आपका प्रत्यक्ष देखा हुआ है। इसलिये मैं आपके मुख से सबके हेतुभूत काल का निरूपण करने वाली कथा सुनना चाहता हूँ। विप्रवर! केवल आपने ही अनेक कल्पों की श्रेष्ठ रचना का बहुत बार अनुभव किया है। सम्पूर्ण लोकों में कभी कोई ऐसी वस्तु नहीं है, जो आपको ज्ञात न हो।'

मार्कण्डेय जी बोले- राजन्! मैं स्वयं प्रकट होने वाले सनातन, अविनाशी, अव्यक्त, सूक्ष्म, निर्गुण एवं गुणस्वरूप पुराणपुरुष को नमस्कार करके तुम्हें वह कथा अभी सुनाता हूँ। पुरुषसिंह! ये जो हम लोगों के पास बैठे हुए पीताम्बरधारी भगवान् जनार्दन हैं, ये ही संसार की सृष्टि और संहार करने वाले हैं। ये ही भगवान् समस्त प्राणियों के अन्तर्यामी आत्मा और उनके रचियता हैं। ये पवित्र, अचिन्त्य एवं महान्-आश्चर्यमय तत्त्व कहे जाते हैं। इनका न आदि हैं, न अन्त! ये सर्वभूतस्वरूप, अव्यय और अक्षय हैं। ये ही सबके कर्ता हैं, इनका कोई कर्ता नहीं है। पुरुषार्थ की प्राप्ति में भी ये ही कारण हैं। ये अन्तर्यामी आत्मा होने से सबको जानते हैं, परंतु इन्हें वेद भी नहीं जानते हैं। नृपशिरोमणे! नरश्रेष्ठ! सम्पूर्ण जगत् का प्रलय होने के पश्चात् इन आदिभूत परमेश्वर से ही यह सम्पूर्ण आश्चर्यमय जगत् पुनः उत्पन्न हो जाता है।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः