महाभारत अनुशासनपर्व अध्याय 92 श्लोक 1-23

द्विनवतितम (92) अध्याय :अनुशासनपर्व (दानधर्म पर्व)

Prev.png

महाभारत: अनुशासनपर्व: द्विनवतितम अध्याय: श्लोक 1-23 का हिन्दी अनुवाद


पितर और देवताओं का श्राद्धान्न से अजीर्ण होकर बह्मा जी के पास जाना और अग्नि के द्वारा अजीर्ण का निवारण, श्राद्ध से तृप्त हुए पितरों का आशीर्वाद

भीष्म जी ने कहा- युधिष्ठिर! इस प्रकार जब महर्षि निमि पहले-पहल श्राद्ध में प्रवृत्त हुए, उसके बाद सभी महर्षि शास्त्रविधि के अनुसार पितृयज्ञ का अनुष्ठान करने लगे। सदा धर्म में तत्पर रहने वाले और नियमपूर्वक व्रत धारण करने वाले महर्षि पिण्डदान करने के पश्चात तीर्थ के जल से पितरों का तर्पण भी करते थे। भारत! धीरे-धीरे चारों वर्णों के लोग श्राद्ध में देवताओं और पितरों को अन्न देने लगे। लगातार श्राद्ध में भोजन करते-करते वे देवता और पितर पूर्ण तृप्त हो गये। अब वे अन्न पचाने के प्रयत्न में लगे। अजीर्ण से उन्हें विशेष कष्ट होने लगा। तब वे सोम देवता के पास गये। सोम के पास जाकर वे अजीर्ण से पीड़ित पितर इस प्रकार बोले- 'देव! हम श्राद्धदान से बहुत कष्ट पा रहे हैं। अब आप हमारा कल्याण कीजिये।' तब सोम ने उनसे कहा- 'देवताओ! यदि आप कल्याण चाहते हैं तो ब्रह्मा जी की शरण में जाइये, वही आप लोगों का कल्याण करेंगे।'

भरतनन्दन! सोम के कहने से वे पितरों सहित मेरु पर्वत के शिखर पर विराजमान ब्रह्मा जी के पास गये। पितरों ने कहा- 'भगवन! निरन्तर श्राद्ध का अन्न खाने से हम अजीर्णतावश अत्यन्त कष्ट पा रहे हैं। देव! हम लोगों पर कृपा कीजिये और हमें कल्याण का भागी बनाइये।' पितरों की यह बात सुनकर स्वयंभू ब्रह्मा जी ने इस प्रकार कहा- 'देवगण! मेरे निकट ये अग्निदेव विराजमान हैं। ये ही तुम्हारे कल्याण की बात बतायेंगे।' अग्नि बोले- 'देवताओं और पितरों! अब से श्राद्ध का अवसर उपस्थित होने पर हम लोग साथ ही भोजन किया करेंगे। मेरे साथ रहने से आप लोग उस अन्न को पचा सकेंगे, इसमें संशय नहीं है।'

नरेश्‍वर! अग्नि की यह बात सुनकर वे पितर निश्चिंत हो गये; इसलिये श्राद्ध में पहले अग्नि को ही भाग अर्पित किया जाता है। पुरुषप्रवर! अग्नि में हवन करने के बाद जो पितरों के निमित्त पिण्डदान दिया जाता है, उसे ब्रह्मराक्षस दूषित नहीं करते हैं। अग्निदेव के विराजमान रहने पर राक्षस वहाँ से भाग जाते हैं। सबसे पहले पिता को पिण्ड देना चाहिये, फिर पितामह को। तदनन्तर प्रपितामह को पिण्ड देना चाहिये। यह श्राद्ध की विधि बताई गयी है। श्राद्ध में एकाग्रचित्त हो प्रत्येक पिण्ड देते समय गायत्री मंत्र का उच्चारण करना चाहिये। पिण्डदान के आरंभ में पहले अग्नि और सोम के लिये जो दो भाग दिये जाते हैं, उनके मंत्र कृमश: इस प्रकार हैं-

अग्नेय कव्यवाहनाय स्वाहा’, ‘सोमाय पितृमते स्वाहा।

जो स्त्री रजस्वला हो अथवा जिसके दोनों कान बहरे हों, उसको श्राद्ध में नहीं ठहरना चाहिये। दूसरे वंश की स्त्री को भी श्राद्ध कर्म में नहीं लेना चाहिये। जल को तैरते समय पितामहों (के नामों) का कीर्तन करें। किसी नदी के तट पर जाने के बाद वहाँ पितरों के लिये पिण्डदान और तर्पण करना चाहिये। पहले अपने वंश में उत्पन्न पितरों का जल के द्वारा तर्पण करके तत्पश्चात सुहृदय और सम्बन्धियों के समुदाय को जलांजलि देनी चाहिये। जो चितकबरे रंग के बैलों से जुती गाड़ी पर बैठकर नदी के जल को पार कर रहा हो, उसके पितर इस समय मानो नाव पर बैठकर उससे जलांजलि पाने की इच्छा रखते हैं। अतः जो इस बात को जानते हैं, वे एकाग्रचित्त हो नाव पर बैठने पर सदा ही पितरों के लिये जल दिया करते हैं। महीने का आधा समय बीत जाने पर कृष्ण पक्ष की अमावस्या तिथि को अवश्‍य श्राद्ध करना चाहिये। पितरों की भक्ति से पुष्टि, आयु, वीर्य और लक्ष्मी की प्राप्ति होती है।

कुरुकुलश्रेष्ठ! ब्रह्मा, पुलस्त्य, वसिष्ठ, पुलह, अंगिरा, क्रतु और महिर्ष कश्‍यप- ये सात ऋषि महान योगेश्वर और पितर माने गये हैं। राजन! इस प्रकार यह श्राद्ध की उत्तम विधि बतायी गयी है। प्रेत (मरे हुए पिता आदि) पिण्ड के सम्बन्ध से प्रेतत्त्व के कष्ट से छुटकारा पा जाते हैं।

पुरुषश्रेष्ठ! यह मैंने शास्त्र के अनुसार तुम्हें पूर्व में बताये गये श्राद्ध की उत्पत्ति का प्रसंग विस्तारपूर्वक बताया है। अब दान के विषय में बताऊंगा।


इस प्रकार श्रीमहाभारत अनुशासन पर्व के अन्‍तर्गत दानधर्म पर्व में श्राद्धकल्प विषयक बानबेवाँ अध्‍याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः