महाभारत भीष्म पर्व अध्याय 88 श्लोक 1-20

अष्टाशीतितम (88) अध्याय: भीष्म पर्व (भीष्‍मवध पर्व)

Prev.png

महाभारत: भीष्म पर्व: अष्टाsशीतितम अध्याय: श्लोक 1-20 का हिन्दी अनुवाद


भीष्म का पराक्रम, भीमसेन के द्वारा धृतराष्ट्र के आठ पुत्रों का वध तथा दुर्योधन और भीष्म की युद्धविषयक बातचीत

संजय कहते हैं- राजन्! जैसे तपते हुए सूर्य की ओर देखना कठिन होता है, उसी प्रकार जब भीष्म उस समर में कुपित हो सब ओर अपना प्रताप प्रकट करने लगे, उस समय पाण्डव सैनिक उनकी ओर देख न सके। तदनन्तर धर्मपुत्र युधिष्ठिर की आज्ञा से समस्त सेनाएं गंगानन्दन भीष्म पर टूट पड़ीं, जो अपने तीखे बाणों से पाण्डव सेना का मर्दन कर रहे थे। युद्ध की स्पृहा रखने वाले भीष्म अपने बाणों के द्वारा सोमक, सृंजय और पाञ्चाल महाधनुर्धरों को रणभूमि में गिराने लगे। भीष्म के द्वारा घायल किये जाते हुए वे सोमक (सृंजय) और पाञ्चाल भी मृत्यु का भय छोड़कर तुरंत भीष्म पर ही टूट पड़े। राजन्! वीर शान्तनुनन्दन भीष्म उस युद्ध के मैदान में सहसा उन रथियों की भुजाओं और मस्तकों को काट-काटकर गिराने लगे। आपके ताऊ देवव्रत ने बहुत-से रथियों को रथहीन कर दिया। घोड़ों से घुड़सवारों के मस्तक कट-कटकर गिरने लगे।

महाराज! हमने देखा, भीष्म के अस्त्र से मूर्च्छित हो बहुत-से पर्वताकार गजराज रणभूमि में पड़े हैं और उनके पास कोई मनुष्य नहीं है। प्रजानाथ! उस समय वहाँ रथियों में श्रेष्ठ महाबली भीमसेन के सिवा पाण्डव पक्ष का कोई भी वीर भीष्म के सामने नहीं ठहर सका। वे ही युद्ध में भीष्म का सामना करते हुए उन पर अपने बाणों का प्रहार कर रहे थे। भीष्म और भीमसेन में युद्ध होते समय सम्पूर्ण सेनाओं में भयंकर कोलाहल मच गया और पाण्डव हर्ष में भरकर जोर-जोर से सिंहनाद करने लगे। जिस समय युद्ध में वह जनसंहार हो रहा था, उसी समय राजा दुर्योधन अपने भाइयों से घिरा हुआ वहाँ आ पहुँचा और भीष्म की रक्षा करने लगा। इसी समय रथियों में श्रेष्ठ भीमसेन ने भीष्म के सारथि को मार डाला। फिर तो उनके घोडे़ उस रथ को लेकर रणभूमि में चारों ओर दौड़ लगाने लगे।

राजेन्द्र! भयंकर पराक्रमी भीमसेन युद्ध में सब ओर विचरने लगे। उस समय आपके पुत्र सुनाभ ने भीमसेन पर धावा किया और उन्हें सात तीखे बाणों से बींध डाला। भारत! तब भीमसेन ने भी अत्यन्त कुपित होकर झुकी हुई गांठ वाले क्षुरप्र नामक बाण से शीघ्र ही सुनाभ का सिर काट दिया। उस तीखे क्षुरप्र से मारा जाकर वह पृथ्वी पर गिर पड़ा। महाराज! आपके उस महारथी पुत्र के मारे जाने पर उसके सात रणवीर भाई, जो वहीं मौजूद थे, भीमसेन का यह अपराध सहन न कर सके। आदित्यकेतु, बह्वाशी, कुण्डधार, महोदर, अपराजित, पण्डितक और अत्यन्त दुर्जय वीर विशालाक्ष- ये सातों शत्रुमर्दन भाई विचित्र वेशभूषा से सुसज्जित हो विचित्र कवच और ध्वज धारण किये संग्रामभूमि में युद्ध की इच्छा से पाण्डुपुत्र भीमसेन पर टूट पड़े। जैसे वृत्रविनाशक इन्द्र ने नमुचि नामक दैत्य पर प्रहार किया था, उसी प्रकार महोदर ने समरभूमि में अपने वज्र सरीखे नौ बाणों से भीमसेन को घायल कर दिया। महाराज! आदित्यकेतु ने सत्तर, बह्वाशी ने पांच, कुण्डसधार ने नब्बे, विशालाक्ष ने पांच और अपराजित ने महा‍रथी महाबली भीमसेन को पराजित करने के लिये उन्हें बहुत-से बाणों द्वारा पीड़ित किया। पण्डितक ने उस युद्ध में तीन बाणों से भीमसेन को घायल कर दिया। तब भीम उस रणक्षेत्र में शत्रुओं द्वारा किये हुए प्रहार को सहन न कर सके।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः