महाभारत शान्ति पर्व अध्याय 11 श्लोक 1-12

एकादश (11) अध्याय: शान्ति पर्व (राजधर्मानुशासन पर्व)

Prev.png

महाभारत: शान्ति पर्व: एकादश अध्याय: श्लोक 1-12 का हिन्दी अनुवाद


अर्जुन का पक्षिरूपधारी इन्द्र और ऋषि बालकों के संवाद का उल्लेखपूर्वक गृहस्थ-धर्म के पालन पर जोर देना

अर्जुन ने कहा- भरतश्रेष्ठ! इसी विषय में जानकार लोग तापसों के साथ जो इन्द्र का संवाद हुआ था, उस प्राचीन इतिहास का उदाहरण दिया करते हैं। एक समय कुछ मन्दबुद्धि कुलीन ब्राह्मण बालक घर को छोड़कर वन में चले आये। अभी उन्हें मूँछ-दाढ़ी तक नहीं आयी थी, उसी अवस्था में उन्होंने घर त्याग दिया। यद्यपि वे सब-के-सब धनी थे, तथापि भाई-बन्धु और माता-पिता को छोड़कर इसी को धर्म मानते हुए वन में आकर ब्रह्मचर्य का पालन करने लगे। एक दिन इन्द्रदेव ने उन पर कृपा की। भगवान् इन्द्र सुवर्णमय पक्षी का रूप धारण करके वहाँ आये और उनसे इस प्रकार कहने लगे- 'यज्ञशिष्ट अन्न भोजन करने वाले श्रेष्ठ पुरुषों ने जो कर्म किया है, वह दूसरों से होना अत्यन्त कठिन है। उनका यह कर्म बड़ा पवित्र और जीवन बहुत उत्तम कठिन है। वे धर्मपरायण पुरुष सफल मनोरथ हो श्रेष्ठ गति को प्राप्त हुए हैं’।

ऋषि बोले- अहो! यह पक्षी तो विघसाशी (यज्ञशेष अन्न भोजन करने वाले) पुरुषों की प्रशंसा करता है। निश्चय ही यह हम लोगों की बड़ाई करता है; क्योंकि यहाँ हम लोग ही विघसाशी हैं।

उस पक्षी ने कहा- अरे! देह में कीचड़ लपेटे और धूल पोते हुए जूठन खाने वाले तुम- जैसे मूर्खों की मैं प्रशंसा नहीं कर रहा हूँ। विघसाशी तो दूसरे ही होते हैं।

ऋषि बोले- पक्षी! यही श्रेष्ठ एवं कल्याणकारी साधन है, ऐसा समझकर ही हम इस मार्ग पर चल रहे हैं। तुम्हारी दृष्टि में जो श्रेष्ठ धर्म हो, उसे तुम्हीं बताओ। हम तुम्हारी बात पर अधिक श्रद्धा करते हैं।

पक्षी ने कहा- यदि आप लोग मुझ पर संदेह न करें तो मैं स्वयं ही अपने आपको वक्ता के रूप में विभक्त करके आप लोगों को यथावत् रूप से हित की बात बताऊँगा।

ऋषि बोले- तात! हम तुम्हारी बात सुनेंगे। तुम्हें सब मार्ग विदित हैं। धर्मात्मन्। हम तुम्हारी आज्ञा के अधीन रहना चाहते हैं। तुम हमें उपदेश दो।

पक्षी ने कहा- चौपायों में गौ श्रेष्ठ हैं, धातुओं में सोना उत्तम है, शब्दों में मन्त्र उत्कृष्ट है और मनुष्यों में ब्राह्मण प्रधान है। ब्राह्मणों के लिये मन्त्रयुक्त जातकर्म आदि संस्कार का विधान है। वह जब तक जीवित रहे, समय-समय पर उसके आवश्यक संस्कार होते रहने चाहिये, मरने पर भी यथासमय श्मशान भूमि में अन्त्येष्टि संस्कार तथा घर पर श्राद्ध आदि वैदिक विधि के अनुसार सम्पन्न होने चाहिये।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः