महाभारत द्रोण पर्व अध्याय 87 श्लोक 1-15

सप्ताशीतितम (87) अध्याय: द्रोण पर्व (जयद्रथवध पर्व)

Prev.png

महाभारत: द्रोण पर्व: सप्ताशीतितम अध्याय: श्लोक 1-15 का हिन्दी अनुवाद


कौरव-सैनिकों का उत्साह तथा आचार्य द्रोण के द्वारा चक्रशकटव्यूह का निर्माण

  • संजय कहते हैं- राजन! वह रात बीतने पर प्रातःकाल शस्त्रधारियों में श्रेष्‍ठ द्रोणाचार्य ने अपनी सारी सेनाओं का व्यूह बनाना आरम्भ किया। (1)
  • राजन उस समय अत्यन्त क्रोध में भरकर एक-दूसरे के वध की इच्छा से गर्जना करने वाले अमर्शशील शूरवीरों की विचित्र बातें सुनायी देती थीं। (2)
  • कोई धनुष खींचकर और कोई प्रत्याचं पर हाथ फेरकर रोषपूर्ण उच्छ्वास लेते हुए चिल्ला-चिल्लाकर कहते थे कि इस समय अर्जुन कहाँ है? (3)
  • कितने ही योद्धा आकाश के समान निर्मल पानीदार,संभाल कर रखी हुई, सुन्दर मूठ और तेज धार वाली तलवार को म्यान से निकालकर चलाने लगे। (4)
  • मन में संग्राम के लिए पूर्ण उत्साह रखने वाले सहस्रों शूरवीर अपनी शिक्षा के अनुसार खड्गयुद्ध और धनुर्युद्ध के मार्गों (पैतरों) का प्रदर्शन करते दिखायी देते थे। (5)
  • दूसरे बहुत-से योद्धा घंटानाद से युक्त, चन्दनचर्चित तथा सुर्वण एवं हीरों से विभूषित गदाएँ ऊपर उठाकर पूछते थे कि पाण्डुपुत्र अर्जुन कहाँ है? (6)
  • अपनी भुजाओं से सुशोभित होने वाले कितने योद्धा अपने बल के मध्य से उन्मक्त हो ऊँचे फहराते हुए इन्द्रध्वज के समान उठे हुए परिघों से सम्पूर्ण आकाश को व्याप्त कर रहे थे। (7)
  • दूसरे शूरवीर योद्धा विचित्र मालाओं से अंलकृत हो नाना प्रकार के अस्त्र-शस्त्र लिये मन में युद्ध के लिये उत्साहित होकर जहाँ तहाँ खड़े थे। (8)
  • वे उस समय रणक्षेत्र में शत्रुओं को ललकारते हुए इस प्रकार कहते थे, कहाँ है अर्जुन? कहाँ हैं श्रीकृष्ण कहाँ है घमण्डी भीमसेन? और कहाँ हैं उनके सारे सुहृद? (9)
  • तदनन्तर द्रोणाचार्य शंख बजाकर स्वयं ही अपने घोड़ों को उतावली के साथ हाँकते और उन सैनिकों का व्यूह-निर्माण करते हुए इधर-उधर बड़े वेग से विचर रहे थे। (10)
  • महाराज! युद्ध से प्रसन्न होने वाले उन समस्त सैनिकों के व्युहबद्ध हो जाने पर द्रोणाचार्य ने जयद्रथ से कहा। (11)
  • 'राजन! तुम, भूरिश्रवा, महारथी कर्ण ,अश्वत्थामा, शल्य, वृषसेन तथा कृपाचार्य, एक लाख घुड़सवार, साठ हजार रथ, चौदह हजार मदस्त्रावी गजराज तथा इक्कीस हजार कवचधारी पैदल सैनिकों को साथ लेकर मुझसे छः कोस की दूरी पर जाकर डटे रहो।' (12-14)
  • 'सिंधुराज! वहाँ रहने पर इन्द्र आदि सम्पूर्ण देवता भी तुम्हारा सामना नहीं कर सकते, तो समस्त पाण्डव तो कर ही कैसे सकते हैं? अतः तुम धैर्य धारण करो।' (15)


Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः