महाभारत वन पर्व अध्याय 62 श्लोक 1-18

द्विषष्टितम (62) अध्‍याय: वन पर्व (नलोपाख्यान पर्व)

Prev.png

महाभारत: वन पर्व: द्विषष्टितम अध्याय: श्लोक 1-18 का हिन्दी अनुवाद


राजा नल की चिंता और दमयन्ती को अकेली सोती छोड़कर उनका अन्यत्र प्रस्थान

नल ने कहा- प्रिये! इसमें संदेह नहीं कि विदर्भ राज्य जैसे तुम्हारे पिता का है, वैसे मेरा भी है, तथापि आपत्ति में पड़ा हुआ मैं किसी तरह वहाँ नहीं जाऊंगा। एक दिन मैं भी समृद्धिशाली राजा था। उस अवस्था में वहाँ जाकर मैंने तुम्हारे हर्ष को बढ़ाया और आज उस राज्य से वंचित होकर केवल तुम्हारे शोक की वृद्धि कर रहा हूं, ऐसी दशा में वहाँ कैसे जाऊंगा?'

बृहदश्व मुनि कहते हैं- राजन्! आधे वस्त्र से ढकी हुई कल्याणमयी दमयन्ती से बार-बार ऐसा कहकर राजा नल ने उसे सान्त्वना दी; क्योंकि वे दोनों एक ही वस्त्र से अपने अंगों को ढक्कर इधर-उधर धूम रहे थे। भूख और प्यास से थके-मांदे वे दोनों दम्पति किसी सभाभवन (धर्मशाला) में जा पहुँचे। तब उस धर्मशाला में पहुँचकर निषध नरेश राजा नल वैदर्भी के साथ भूतल पर बैठे। वे वस्त्रहीन, चटाई आदि से रहित, मलिन एवं धूलिधूसरित हो रहे थे। दमयन्ती के साथ थककर भूमि पर ही सो गये। सुकुमारी तपस्विनी कल्याणमयी दमयन्ती भी सहसा दुःख में पड़ गयी थी। वहाँ आने पर उसे भी निंद्रा ने घेर लिया।

राजन्! राजा नल का चित्त शोक से मथा जा रहा था। वे दमयन्ती के सो जाने पर भी स्वयं पहले की भाँति सो न सके। राज्य अपहरण, सुहृदों का त्याग और वन में प्राप्त होने वाले नाना प्रकार के क्लेश पर विचार करते हुए वे चिन्ता को प्राप्त हो गये। वे सोचने लगे ‘ऐसा करने से मेरा क्या होगा और यह कार्य न करने से भी क्या होगा। मेरा मर जाना अच्छा है कि अपनी आत्मीया दमयन्ती को त्याग देना। यह मुझसे इस प्रकार अनुरक्त होकर मेरे ही लिये दुःख उठा रही है। यदि मुझसे अलग हो जाये तो यह कदाचित् अपने स्वजनों के पास जा सकती है। मेरे पास रहकर तो यह पतिव्रता नारी निश्चय ही केवल दुःख भागेगी। यद्यपि इसे त्याग देने पर एक संशय बना रहेगा तो भी यह सम्भव है कि इसे कभी सुख मिल जाये।'

राजन्! नल अनेक प्रकार से बार-बार विचार करके एक निश्चय पर पहुँच गये और दमयन्ती का परित्याग कर देने में ही उसकी भलाई मानने लगे। ‘यह महाभागा यशस्विनी दमयन्ती मेरी भक्त और पतिव्रता है। पातिव्रत-तेज के कारण मार्ग में कोई इसका सतीत्व नष्ट नहीं कर सकता। ऐसा सोचकर उनकी बुद्धि दमयन्ती को अपने साथ रखने के विचार से निवृत्त हो गयी। बल्कि दुष्ट स्वभाव वाले कलियुग से प्रभावित होने के कारण दमयन्ती को त्याग देने में ही उनकी बुद्धि प्रवृत्त हुई। तदनन्तर राजा ने अपनी वस्त्रहीनता और दमयन्ती की एकवस्त्रता का विचार करके उसके आधे वस्त्र को फाड़ लेना ही उचित समझा। फिर यह सोचकर कि ‘मैं कैसे वस्त्र को काटूं, जिससे मेरी प्रिय की नींद न टूटे।’ राजा नल धर्मशाला में (नंगे ही) इधर-उधर धूमने लगे। भारत! इधर-उधर दौड़-धूप करने पर राजा नल को उस सभाभवन में एक अच्छी-सी नंगी तलवार मिल गयी।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः