महाभारत शान्ति पर्व अध्याय 260 श्लोक 1-14

षष्‍टयधिकद्विशततम (260) अध्याय: शान्ति पर्व (मोक्षधर्म पर्व)

Prev.png

महाभारत: शान्ति पर्व: षष्‍टयधिकद्विशततम श्लोक 1-14 का हिन्दी अनुवाद

युधिष्ठिर का धर्म की प्रामाणिकता पर संदेह उपस्थित करना

युधिष्ठिर ने कहा- पितामह! आपने धर्म का सूक्ष्‍म एवं सुन्‍दर लक्षण बताया है; परंतु मुझे कुछ और ही स्‍फुरित हो रहा है। अत: मैं उसके सम्‍बन्‍ध में अनुमान से ही कुछ कहॅूगा। मेरे हृदय में जो बहुत से प्रश्‍न उठे थे, उन सबका निराकरण आपने कर दिया। महाराज! अब मैं यह दूसरा प्रश्‍न उपस्थित कर रहा हॅू। इसमें जिज्ञासा ही कारण है, दुराग्रह नहीं। भरतनन्‍दन! धर्म ही इन प्राणियों की सृष्टि करते हैं। धर्म ही उनके जीव धारण और उद्धार में कारण होते हैं; परंतु धर्म को केवल वेदों के पाठमात्र से नहीं जाना जा सकता। जो मनुष्‍य अच्‍छी स्थिति में है, उसका धर्म दूसरा है और जो संकट में पड़ा हुआ है, उसका धर्म दूसरा ही है। केवल वेदों के पाठ से आपद्धर्म का ज्ञान कैसे हो सकता है? आपके कथनानुसार सत्‍पुरुषों का आचरण धर्म माना गया है और जिनमें धर्माचरण लक्षित होता है, वे ही सत्‍पुरुष हैं।

ऐसी दशा में अन्‍योन्‍याश्रय दोष पड़ने के कारण साध्‍य और असाध्‍य का विवेक कैसे हो सकता है ? ऐसी दशा में सदाचार धर्म का लक्षण नहीं हो सकता। इस लोक में देखा जाता है कि कितने ही प्राकृत मनुष्‍य धर्म से दिखायी देने वाले अधर्म का आचरण करते हैं और कितने ही अप्राकृत (शिष्ट) पुरुष अधर्म प्रतीत होने वाले धर्म का अनुष्ठान करते हैं (अत: केवल आचार से धर्माधर्म का निर्णय नहीं हो सकता)। शास्त्रज्ञ पुरुषों ने धर्म में वेद को ही प्रमाण बताया है; किंतु हमने सुना है कि युग-युग में वेदों का ह्रास होता है अर्थात् धर्म के सम्‍बन्‍ध में जो वेदों का निश्‍चय है, वह प्रत्‍येक युग में बदलता रहता है। सत्‍ययुग के धर्म कुछ और हैं, त्रेता और द्वापर के धर्म कुछ और ही हैं और कलियुग के धर्म कुछ और ही बताये गये हैं। मानो मुनियों ने लोगों की शक्ति के अनुसार ही धर्म की व्‍यवस्‍था की है। वेदों का वचन सत्‍य है, यह कथन लोकरंजन मात्र है। वेदों से ही सर्वतोमुखी स्‍मृतियों का प्रचार और प्रसार हुआ है। य‍दि सम्‍पूर्ण वेद प्रामाणिक हैं तो स्‍मृतियाँ भी प्रामाणिक हो सकती हैं; परंतु जब (युग-युग में धर्म के विषय में विभिन्‍न प्रकार की बात कहने से) प्रमाणभूत वेद भी अप्रामाणिक हो तो वेदमूलक स्‍मृतियाँ भी प्रामाणिक नहीं रहेगी।

य‍दि स्‍मृति का श्रुति के साथ विरोध हो तो उसमें शास्त्रत्‍व कैसे रह सकता है? जब धर्म का अनुष्ठान हो रहा हो, उस समय बलवान् दुरात्‍माओं द्वारा उसमें जो-जो विकृति उत्‍पन्‍न की जाती है, उसके कारण उस धर्म मर्यादा का ही लोप हो जाता है। हम धर्म को जानते हों या न जानते हों, धर्मस्‍वरूप जाना जा सकता हो या नहीं; इतना तो हम समझते ही हैं कि धर्म छूरे की धार से भी सूक्ष्‍म और पर्वत से भी अधिक विशाल एवं भारी है। धर्म के विषय में जब आलोचना की जाती है, तब पहले तो वह गन्‍धर्व नगर के समान दिखायी देता है; फिर विद्वानों द्वारा विशेष रूप से विचार करने पर यह प्रतीत होता है कि वह अदृश्‍य हो गया। भरतनन्‍दन! जैसे बहुत-सी गौओं को पानी पिलाने से निपान (क्षुद्र जलाशय) सूख जाते हैं तथा जैसे अधिक खेतों की सिंचाई करने से नहरों का पानी निपट जाता है, उसी प्रकार सनातन वैदिक धर्म अथवा स्‍मृति शास्‍त्र धीरे-धीरे क्षीण होकर कलियुग के अन्तिम भाग में दिखायी ही नहीं देता है।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः