महाभारत शान्ति पर्व अध्याय 259 श्लोक 14-27

एकोनषष्‍टयधिकद्विशततम (259) अध्याय: शान्ति पर्व (मोक्षधर्म पर्व)

Prev.png

महाभारत: शान्ति पर्व: एकोनषष्‍टयधिकद्विशततम श्लोक 14-27 का हिन्दी अनुवाद

संसार में कोई भी न तो अत्‍यन्‍त बलवान् होते हैं और न बहुत सुखी ही। इसलिये तुम्‍हें अपनी बुद्धि में कभी कुटिलता का विचार नहीं लाना चाहिये। जो किसी का कुछ बिगाड़ता नहीं है, उसे दुष्टों, चोरों अथवा राजा से भय नहीं होता। शुद्ध आचार-विचार वाला पुरुष सदा निर्भय रहता है। गाँवों में आये हुए हिरण की भाँति चोर सबसे डरता रहता है। वह अनेकों बार दूसरों के साथ जैसा पापाचार कर चुका है, दूसरों को भी वैसा ही पापाचारी समझता है। जिसका आचार-विचार शुद्ध है, उसे कहीं से कोई खटका नहीं होता। वह सदा प्रसन्‍न एवं सब ओर से निर्भय बना रहता है तथा वह अपना कोई दुष्‍कर्म दूसरों में नहीं देखता है।

समस्‍त प्राणियों के हित में तत्‍पर रहने वाले महात्‍माओं ने ‘दान करना चाहिये’ ऐसा कहकर इसे धर्म बताया है; परंतु बहुत-से धनवान् उसे दरिद्रों का चलाया हुआ धर्म समझते हैं। परंतु यदि भाग्‍यवश वे भी निर्धन या दर-दर के भिखारी हो जाते हैं, उस समय उनको भी यह धर्म उत्तम जान पड़ता है; क्‍योंकि कोई भी न तो अत्‍यन्‍त धनवान् होते हैं और न अतिशय सुखी ही हुआ करते हैं। (अत: धन का अभिमान नहीं करना चाहिये) मनुष्‍य दूसरों द्वारा किये हुए जिस व्‍यवहार को अपने लिये वांछनीय नहीं मानता, दूसरों के प्रति भी वह वैसा बर्ताव न करे। उसे यह जानना चाहिये कि जो बर्ताव अपने लिये अप्रिय है, वह दूसरों के लिये भी प्रिय नहीं हो सकता। जो स्‍वयं दूसरे के घर में उपपति (जार) बनकर जाता है- परायी स्त्री के साथ व्‍यभिचार करता है, वह दूसरे को वैसा ही कर्म करते देख किससे क्‍या कह सकता है?

यदि दूसरे की उसी प्रवृत्ति के कारण वह निन्‍दा करे तो वह पुरुष उसकी निन्‍दा को नहीं सह सकता –ऐसा मेरा विश्‍वास है। जो स्‍वयं जीवित रहना चाहता हो, वह दूसरों के प्राण कैसे ले सकता है? मनुष्‍य अपने लिये जो-जो सुख-सुविधा चाहे, वही दूसरे के लिये भी सुलभ कराने की बात सोचे। जो अपनी आवश्‍यकता से अधिक हो, उन भोग पदार्थों को दूसरे दीन-दुखियों के लिये बाँट दे। इसीलिये विधाता ने सूद पर धन देने की वृत्ति चलायी है। जिस सन्‍मार्ग पर मर्यादा पर देवता स्थित होते हैं, उसी पर मनुष्‍य को भी स्थिर रहना चाहिये अथवा धन-लाभ के समय धर्म में स्थित रहना भी अच्‍छा है। युधिष्ठिर! सबके साथ प्रेमपूर्ण बर्ताव करने से जो कुछ प्राप्‍त होता है, वह सब धर्म है, ऐसा मनीषी पुरुषों का कथन है तथा जो इसके विपरीत है, वह अधर्म है। तुम धर्म और अधर्म का संक्षेप से यही लक्षण समझो। विधाता ने पूर्वकाल में सत्‍पुरुषों के जिस उत्तम आचरण का विधान किया है, वह विश्‍व के कल्‍याण की भावना से युक्‍त है और उससे धर्म एवं अर्थ के सूक्ष्‍म स्‍वरूप का ज्ञान होता है। कुरुश्रेष्ठ! यह मैंने तुमसे धर्म का लक्षण बताया है; अत: तुम्‍हें किसी तरह कुटिल मार्ग में अपनी बुद्धि को नहीं ले जाना चाहिये।

इस प्रकार श्रीमहाभारत शान्तिपर्व के अन्‍तर्गत मोक्षधर्मपर्व में धर्म का लक्षण विषयक दो सौ उनसठवॉ अध्‍याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः