महाभारत आदि पर्व अध्याय 33 श्लोक 1-18

त्रयस्त्रिंश (33) अध्‍याय: आदि पर्व (आस्तीक पर्व)

Prev.png

महाभारत: आदि पर्व: त्रयस्त्रिंश अध्‍याय: श्लोक 1-18 का हिन्दी अनुवाद
गरुड़ का अमृत लेकर लौटना, मार्ग में भगवान विष्णु से वर पाना एवं उन पर इंद्र के द्वारा वज्र-प्रहार

उग्रश्रवा जी कहते हैं- तदनन्तर जैसे जल का वेग समुद्र में प्रवेश करता है, उसी प्रकार पक्षिराज गरुड़ सूर्य की किरणों के समान प्रकाशमान सुवर्णमय स्वरूप धारण करके बलपूर्वक, जहाँ अमृत था, उस स्थान में घुस गये। उन्होंने देखा, अमृत के निकट एक लोहे का चक्र घूम रहा है। उसके चारों ओर छुरे लगे हुए हैं। वह निरन्तर चलता रहता है और उसकी धार बड़ी तीखी है। वह घोर चक्र अग्नि और सूर्य के समान जाज्वल्यमान था। देवताओं ने उस अत्यन्त भयंकर यन्त्र का निर्माण इसलिये किया था कि वह अमृत चुराने के लिये आये हुए चोरों के टुकड़े-टुकड़े कर डाले। पक्षी गरुड़ उसके भीतर का छिद्र- उसमें घुसने का मार्ग देखते हुए खड़े रहे। फिर एक क्षण में ही वे अपने शरीर को संकुचित करके उस चक्र के अरों के बीच से होकर भीतर घुस गये। वहाँ चक्र के नीचे अमृत की रक्षा के लिये ही दो श्रेष्ठ सर्प नियुक्त किये गये थे। उनकी कान्ति प्रज्वलित अग्नि के समान जान पड़ती थी। बिजली के समान उनकी लपलपाती हुई जीभें, देदीप्यमान मुख और चमकती हुई आँखें थीं। वे दोनों सर्प बड़े पराक्रमी थे। उनके नेत्रों में ही विषभरा था। वे बड़े भयंकर, नित्य क्रोधी और अत्यन्त वेगशाली थे। गरुड़ ने उन दोनों को देखा। उनके नेत्रों में सदा क्रोध भरा रहता था। वे निरन्तर एकटक दृष्टि से देखा करते थे (उनकी आँखें कभी बन्द नहीं होती थीं)। उनमें से एक भी जिसे देख ले, वह तत्काल भस्म हो सकता था। सुन्दर पंख वाले गरुड़ जी ने सहसा धूल झोंक कर उनकी आँखें बन्द कर दी और उनसे अदृश्य रहकर ही वे सब ओर से उन्हें मारने और कुचलने लगे।

आकाश में विचरने वाले महापराक्रमी विनताकुमार ने वेगपूर्वक आक्रमण करके उन दोनों सर्पों के शरीर को बीच से काट डाला; फिर वे अमृत की ओर झपटे और चक्र को तोड़ फोड़कर अमृत के पात्र को उठाकर बड़ी तेजी के साथ वहाँ से उड़ चले। उन्होंने स्वयं अमृत को नहीं पीया, केवल उसे लेकर शीघ्रतापूर्वक वहाँ से निकल गये और सूर्य की प्रभा का तिरस्कार करते हुए बिना थकावट के चले आये। उस समय आकाश में विनतानन्दन गरुड़ की भगवान विष्णु से भेंट हो गयी। भगवान नारायण गरुड़ के लोलुपतारहित पराक्रम से बहुत संतुष्ट हुए थे। अतः उन अविनाशी भगवान विष्णु ने आकाशचारी गरुड़ से कहा- ‘मैं तुम्हें वर देना चाहता हूँ।’ अन्तरिक्ष में विचरने वाले गरुड़ ने यह वर माँगा- ‘प्रभो! मैं आपके ऊपर (ध्वज में) स्थित होऊँ।' इतना कहकर वे भगवान नारायण से फिर यों बोले- ‘भगवन! मैं अमृत पीये बिना ही अजर-अमर हो जाऊँ’। तब भगवान विष्णु ने विनतानन्दन गरुड़ से कहा- ‘एवमस्तु-ऐसा ही हो।’ वे दोनों वर ग्रहण करके गरुड़ ने भगवान विष्णु से कहा- ‘देव! मैं भी आपको वर देना चाहता हूँ। भगवान भी कोई वर माँगें।’ तब श्रीहरि ने महाबली गरुत्मान से अपना वाहन होने का वर माँगा। भगवान विष्णु ने गरुड़ को अपना ध्वज बना लिया- उन्हें ध्वज के ऊपर स्थान दिया और कहा- ‘इस प्रकार तुम मेरे ऊपर रहोगे।’ तदनन्तर उन भगवान नारायण से ‘एवमस्तु’ कहकर पक्षी गरुड़ वहाँ से वेगपूर्वक चले गये। महान वेगशाली गरुड़ उस समय वायु से होड़ लगाते चल रहे थे। पक्षियों के सरदार उन खगश्रेष्ठ गरुड़ को अमृत का अपहरण करके लिये जाते देख इन्द्र ने रोष में भरकर उनके ऊपर वज्र से आघात किया।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः