महाभारत आदि पर्व अध्याय 8 श्लोक 1-13

अष्टम (8) अध्‍याय: आदि पर्व (पौलोम पर्व)

Prev.png

महाभारत: आदि पर्व: अष्टम अध्याय: श्लोक 1-13 का हिन्दी अनुवाद
प्रमद्वरा का जन्म, रुरु के साथ उसका वाक्यदान तथा विवाह के पहले ही साँप के काटने से प्रमद्वरा की मृत्यु

उग्रश्रवा जी कहते हैं- ब्रह्मन! भृगुपुत्र च्यवन ने अपनी पत्नी सुकन्या के गर्भ से एक पुत्र को जन्म दिया, जिसका नाम प्रमति था। महात्मा प्रमति बड़े तेजस्वी थे। फिर प्रमति ने घृताची अप्सरा से रुरु नामक पुत्र उत्पन्न किया तथा रुरु के द्वारा प्रमद्वरा के गर्भ से शुनक का जन्म हुआ। महाभाग शौनक जी! आप शुनक के ही पुत्र होने के कारण ‘शौनक’ कहलाते हैं। शुनक महान सत्त्वगुण से सम्पन्न तथा सम्पूर्ण भृगुवंश का आनन्द बढ़ाने वाले थे। वे जन्म लेते ही तीव्र तपस्या में संलग्न हो गये। इससे उनका अविचल यश सब और फैल गया। ब्रह्मन! मैं महातेजस्वी रुरु के सम्पूर्ण चरित्र का विस्तारपूर्वक वर्णन करूँगा। वह सब का सब आप सुनिये। पूर्वकाल में स्थूलकेश नाम से विख्यात एक तप और विद्या से सम्पन्न महर्षि थे; जो समस्त प्राणियों के हित में लगे रहते थे। विप्रर्षे! इन्हीं महर्षि के समय की बात है- गन्धर्वराज विश्वावसु ने मेनका के गर्भ से एक सन्तान उत्पन्न की।

भृगुनन्दन! मेनका अप्सरा गन्धर्वराज द्वारा स्थापित किये हुए उस गर्भ को समय पूरा होने पर स्थूलकेश मुनि के आश्रम के निकट जन्म दिया। ब्रह्मन! निर्दय और निर्लज्ज मेनका अप्सरा उस नवजात गर्भ को वहीं नदी के तट पर छोड़कर चली गयी। तदनन्तर तेजस्वी महर्षि स्थूलकेश ने एकान्त स्थान में त्यागी हुई उस बन्धुहीन कन्या को देखा, जो देवताओं की बालिका के समान दिव्य शोभा से प्रकाशित हो रही थी। उस समय उस कन्या को वैसी दशा में देखकर द्विज श्रेष्ठ मुनिवर स्थूलकेश के मन में बड़ी दया आयी; अतः वे उसे उठा लाये और उसका पालन-पोषण करने लगे। वह सुन्दरी कन्या उनके शुभ आश्रम पर दिनों दिन बढ़ने लगी। महाभाग महर्षि स्थूलकेश ने क्रमशः उस बालिका के जात कर्मादि सब संस्कार विधिपूर्वक सम्‍पन्न किये। वह बुद्धि, रूप और सब उत्तम गुणों से सुशोभित हो संसार की समस्त प्रमदाओं (सुन्दरी स्त्रियों) से श्रेष्ठ जान पड़ती थी; इसलिये महर्षि ने उसका नाम ‘प्रमद्वरा’ रख दिया।

Next.png


टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः