महाभारत अनुशासन पर्व अध्याय 145 भाग-56

पंचचत्वारिंशदधिकशततम (145) अध्‍याय: अनुशासन पर्व (दानधर्म पर्व)

Prev.png

महाभारत: अनुशासन पर्व: पंचचत्वारिंशदधिकशततम अध्याय: भाग-56 का हिन्दी अनुवाद


मोक्ष धर्म की श्रेष्ठता का प्रतिपादन, मोक्ष साधक ज्ञान की प्राप्ति का उपाय और मोक्ष की प्राप्ति में वैराग्य की प्रधानता

उमा ने कहा- देवदेव! कालसूदन शंकर! आपको नमस्कार है। आपकी कृपा से मैंने अनेक प्रकार के धर्म सुने। अब यह बताइये कि सम्पूर्ण धर्मों से श्रेष्ठ, सनातन, अटल और अविनाशी धर्म क्या है?

नारद जी ने कहा- देवी पार्वती के इस प्रकार पूछने पर पिनाकधारी महादेव जी ने सूक्ष्म अध्यात्मभाव से युक्त मधुर वाणी में इस प्रकार कहा।

श्रीमहेश्वर बोले- महाभागे! तुमने न्यायतः सुनने की निश्चित इच्छा प्रकट की है, प्रिये! तुम मुझसे जो पूछती हो, यही तुम्हारा विशिष्ट गुण है। सर्वत्र स्वर्गलोकरूपी फल के आश्रयभूत धर्म का विधान किया गया है। धर्म के बहुत-से द्वार हैं और उसकी कोई क्रिया यहाँ निष्फल नहीं होती। शुचिस्मिते! जो-जो जिस-जिस विषय में निश्चय को प्राप्त होता है, वह-वह उसी-उसी को धर्म समझता है, दूसरे को नहीं।

देवि! अब तुम संक्षेप से परम उत्तम मोक्ष-द्वार का वर्णन सुनो। यही सब धर्मों में उत्तम, शुभ और अविनाशी है। देवि! मोक्ष से उत्तम कोई तत्त्व नहीं है और मोक्ष से श्रेष्ठ कोई गति नहीं है। ज्ञानी पुरुष मोक्ष को कभी निवृत्त न होने वाला, श्रेष्ठ एवं आत्यन्तिक सुख मानते हैं। देवि! इसमें जरा, मृत्यु, शोक अथवा दु:ख नहीं है। वह सर्वोत्तम अचिन्त्य परम सुख है। विद्वान पुरुष मोक्ष ज्ञान को सब ज्ञानों में उत्तम मानते हैं।

ऋषि ओर देवसमुदाय उसे परमपद कहते हैं। नित्य, अविनाशी, अक्षोभ्य, अजेय, शाश्वत और शिवस्वरूप वह मोक्षपद देवताओं और असुरों के लिये भी स्पृहणीय है। ज्ञानी पुरुष उसमें प्रवेश करते हैं। यह संसार आदि और अन्त में दु:खमय कहा गया है। यह शोक, व्याधि, जरा और मृत्यु के दोषों से युक्त है। जैसे आकाश में नक्षत्रगण बारंबार आते और निवृत्त हो जाते हैं, उसी प्रकार ये जीव लोक में बारंबार लौटते रहते हैं। शुभलक्षणे! उसके मोक्ष का यह मार्ग सुनो। ब्रह्मा जी से लेकर स्थावर वृक्षों तक जो संसार बताया गया है, इसमें सभी प्राणी बारंबार लौटते हैं। वहाँ संसार-चक्र का ज्ञान के द्वारा मोक्ष देखा जाता है। अध्यात्म तत्त्व को अच्छी तरह समझ लेना ही ज्ञान कहलाता है। प्रिये! उस ज्ञान को ग्रहण करने का जो उपाय है तथा ज्ञानी का जो आचार है, उसका मैं यथावत रूप से वर्णन करूँगा। तुम एकचित्त होकर इसे सुनो।

ब्राह्मण अथवा क्षत्रिय पहले घर में स्थित रहकर सब प्रकार के ऋणों से उऋण हो अन्त में उन घरों का परित्याग कर दे। इस तरह गार्हस्थ्य-आश्रम को त्याग कर वह निश्चित रूप से वन का आश्रय ले। वन में गुरु की आज्ञा ले विधिपूर्वक दीक्षा ग्रहण करे और दीक्षा पाकर यथोचित रीति से अपने सदाचार का पालन करे। तदनन्तर गुरु से मोक्ष ज्ञान को ग्रहण करे और अनिन्द्य आचरण से रहे। मोक्ष भी दो प्रकार का है- एक सांख्य-साध्य और दूसरा योग-साध्य। ऐसा शास्त्र का कथन है। पचीस तत्त्वों का ज्ञान सांख्य कहलाता है। अणिमा आदि ऐश्वर्य और देवताओं के समान रूप- यह योगशास्त्र का निर्णय है। इन दोनों में से किसी एक ज्ञान का शिष्यभाव से श्रवण करे। न तो असमय में, न गेरुआ वस्त्र धारण किये बिना, न एक वर्ष तक गुरु की सेवा में रहे बिना, न सांख्य या योग में से किसी को अपनाये बिना और न श्रद्धा के बिना ही गुरु का स्नेहपूर्वक उपदेश ग्रहण करे।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः