अष्टात्रिंश (38) अध्याय: सभा पर्व (अर्घाभिहरण पर्व)
महाभारत: सभा पर्व: अष्टात्रिंश अध्याय: भाग 2 का हिन्दी अनुवाद
श्रीकृष्ण हमारे ऋत्विक, गुरु, आचार्य, स्नातक, राजा और प्रिय मित्र सब कुछ हैं। इसलिये हमने इनकी अग्रपूजा की है। भगवान श्रीकृष्ण ही सम्पूर्ण जगत की उत्पत्ति और प्रलय के स्थान हैं। यह सारा चराचर विश्व इन्हीं के लिये प्रकट हुआ है। ये ही अव्यक्त प्रकृति, सनातन कर्ता तथा सम्पूर्ण भूतों से परे हैं, अत: भगवान अच्युत ही सबसे बढ़कर पूजनीय हैं। महतत्त्व, अहंकार, मनसहित ग्यारह इन्द्रियाँ, आकाश, वायु, तेज, जल, पृथ्वी तथा जरायुज, अण्डज, स्वेदज और उद्भिज्ज- ये चार प्रकार के प्राणी भगवान श्रीकृष्ण में ही प्रतिष्ठित हैं। सूर्य, चन्द्रमा, नक्षत्र, ग्रह, दिशा और विदिशा सब उन्हीं में स्थित हैं। जैसे वेदों में अग्निहोत्र कर्म, छन्दों में गायत्री, मनुष्यों में राजा, नदियों (जलाशयों) में समुद्र, नक्षत्रों में चन्द्रमा, तेजोमय पदार्थों में सूर्य, पर्वतों में मेरु और पक्षियों में गरुड़ श्रेष्ठ हैं, उसी प्रकार देवलोक सहित सम्पूर्ण लोकों में ऊपर-नीचे, दाँयें-बाँयें, जितने भी जगत के आश्रय हैं, उन सब में भगवान श्रीकृष्ण ही श्रेष्ठ हैं। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
|