महाभारत अनुशासन पर्व अध्याय 162 श्लोक 51-62

द्विषष्ट्यधिकशततम (162) अध्‍याय: अनुशासन पर्व (दानधर्म पर्व)

Prev.png

महाभारत: अनुशासनपर्व: द्विषष्ट्यधिकशततम अध्याय: श्लोक 51-62 का हिन्दी अनुवाद


मूँछ और दाढ़ी बनवाते समय मंगलसूचक शब्दों का उच्चारण करना चाहिये। छींकने वाले को (शतंजीव आदि कहकर) आशीर्वाद देना तथा रोग ग्रस्त पुरुषों का उनकी दीर्घायु होने की शुभ कामना करते हुए अभिनन्दन करना चाहिये।

युधिष्ठिर! तुम कभी बड़े-से-बड़े संकट पड़ने पर किसी श्रेष्ठ पुरुष के प्रति तुम का प्रयोग न करना। किसी को तुम कहकर पुकारना या उसका वध कर डालना- इन दोनों में विद्वान पुरुष कोई अन्तर नहीं मानते। जो अपने बराबर के हों, अपने से छोटे हों अथवा शिष्य हों, उनको ‘तुम’ कहने में कोई हर्ज नहीं है। पापकर्मी पुरुष का हृदय ही उसके पाप को प्रकट कर देता है। दुष्ट मनुष्य जान-बूझकर किये हुए पापकर्मों को दूसरों से छिपाने का प्रयत्न करते हैं, किन्तु महापुरुषों के सामने अपने किये हुए पापों को गुप्त रखने के कारण वे नष्ट हो जाते हैं।

‘मुझे पाप करते समय न मनुष्य देखते हैं और न देवता ही देख पाते हैं।’ ऐसा सोचकर पाप से आच्छादित हुआ पापात्मा पुरुष पापयोनि में जन्म लेता है। जैसे सूदखोर जितने ही दिन बीतते हैं, उतनी ही वृद्धि की प्रतीक्षा करता है। उसी प्रकार पाप बढ़ता है, परंतु यदि उस पाप को धर्म से दबा दिया जाये तो वह धर्म की वृद्धि करता है। जैसे नमक की डली जल में डालने से गल जाती है, उसी प्रकार प्रायश्चित करने से तत्काल पाप का नाश हो जाता है। इसलिये अपने पाप को न छिपाये। छिपाया हुआ पाप बढ़ता है। यदि कभी पाप बन गया हो तो उसे साधु पुरुषों से कह देना चाहिये। वे उसकी शांति कर देते हैं।

आशा से संचित किये हुए द्रव्य का काल ही उपभोग करता है। उस मनुष्य शरीर से वियोग होने पर उस धन को दूसरे लोग प्राप्त करते हैं। मनीषी पुरुष धर्म को समस्त प्राणियों का हृदय कहते हैं। अत: समस्त प्राणियों को धर्म का आश्रय लेना चाहिये। मनुष्य को चाहिये कि वह अकेला ही धर्म का आचरण करे। धर्मध्वज जी (धर्म का दिखावा करने वाला) न बने। जो धर्म को जीविका का साधन बनाते हैं, उसके नाम पर जीविका चलाते हैं, वे धर्म के व्‍यवसायी हैं। दम्भ का परित्याग करके देवताओं की पूजा करे। छल-कपट छोड़कर गुरुजनों की सेवा करे और परलोक की यात्रा के लिये दान नामक निधि का संग्रह करे, अर्थात पारलौकिक लाभ के लिये मुक्तहस्त होकर दान करे।


इस प्रकार श्रीमहाभारत अनुशासन पर्व के अंतर्गत दानधर्म पर्व में धर्म के प्रमाण का वर्णन विषयक एक सौ बासठवाँ अध्याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः