महाभारत शान्ति पर्व अध्याय 212 श्लोक 18-33

द्वादशाधिकद्विशततम (212) अध्याय: शान्ति पर्व (मोक्षधर्म पर्व)

Prev.png

महाभारत: शान्ति पर्व: द्वादशाधिकद्विशततम अध्याय: श्लोक 18-33 का हिन्दी अनुवाद

अत: विवेकी पुरुष को चाहिये कि वह अज्ञानजनित दोषों की भली-भाँति परीक्षा करे तथा उस अज्ञान से उत्‍पन्‍न हुए दु:ख और अहंकार को त्‍याग दे। पंचमहाभूत इन्द्रियाँ, शब्‍द आदि गुण, सत्‍व, रज और तम तथा लोकपालों सहित तीनों लोक यह सब कुछ अहंकार में ही प्रतिष्ठित है। जैसे इस जगत में नियत काल यथासमय ऋतु सम्‍बन्‍धी गुणों को प्रकट कर दिखाता है, उसी प्रकार समस्‍त प्राणियोंमें अहंकार को ही उनके कर्मों का प्रवर्तक जानना चाहिये। अहंकार सात्त्विक, राजस और तामस तीन प्रकार का होता है। तमोगुण मोह में डालने वाला तथा अन्‍धकार के समान काला है। उसे अज्ञान से उत्‍पन्‍न हुआ समझना चाहिये।

प्रीति उत्‍पन्‍न करने वाले भाव सात्त्विक है और दु:ख देने वाले राजस। इस प्रकार इन समस्‍त त्रिविध गुणों का स्‍वरूप जानना चाहिये। अब मैं तुम्‍हें सत्‍तगुण, रजोगुण और तमोगुण के कार्य बताता हूँ, सुनो। प्रसन्‍नता, हर्षजनित प्रीति, संदेह का अभाव, धैर्य और स्‍मृति– इन सबको सत्‍वगुण के कार्य समझो। काम, क्रोध, प्रमाद, लोभ, मोह, भय, क्‍लान्ति, विषाद, शोक, अप्रसन्‍नता, मान, दर्प और अनार्यता– इन्‍हें रजोगुण और तमोगुण के कार्य समझना चाहिये। इनके तथा ऐसे ही दूसरे दोषों के बड़े-छोटे का विचार करके फिर इस बात की परीक्षा करे कि इनमें से एक-एक दोष मुझमें है या नहीं। यदि है तो कितनी मात्रा में है (इस तरह विचार करते हुए सभी दोषों से छूटने का प्रयत्‍न करें।

युधिष्ठिर ने पूछा– पितामह! पूर्वकाल के मुमुक्षुओं ने किन-किन दोषों का मन के द्वारा त्‍याग किया है और किन्‍हें बुद्धि के द्वारा शिथिल किया है? कौन दोष बांरबार आते हैं और कौन मोहवश फल देने में असमर्थ से प्रतीत होते है? विद्वान पुरुष अपनी बुद्धि तथा युक्तियों द्वारा किन दोषों के बलाबल का विचार करे। तात! पितामह! यह मेरा संशय है। आप मुझसे इसका विवेचन कीजिये।

भीष्‍म जी ने कहा- राजन! इन दोषों का मूल कारण है अज्ञान। अत: मूल सहित इन दोषों का नाश हो जाने पर मनुष्‍य का अन्‍त:करण विशुद्ध हो जाता है। जैसे लोहे की बनी हुई छेनी की धार लोहमयी सॉकल को काटकर स्‍वयं भी नष्‍ट हो जाती है, उसी प्रकार शुद्ध हुई बुद्धि तमोगुणजनित सहज दोषों को नष्‍ट करके उनके साथ ही स्‍वयं भी शान्‍त हो जाती है। यद्यपि रजोगुण, तमोगुण तथा काम, मोह आदि दोषों से रहित शुद्ध सत्‍वगुण– ये तीनों ही देहधारियों की देह की उत्‍पत्ति के मूल कारण हैं, तथापि जिसने अपने मन को वश में कर लिया है, उस पुरुष के लिये सत्‍वगुण ही समता का साधन है। अत: जितात्‍मा पुरुष को रजोगुण और तमोगुण का त्‍याग ही करना चाहिये।

इन दोनों से छूट जाने पर बुद्धि निर्मल हो जाती है। अथवा बुद्धि को वश में करने के लिये शास्‍त्रविहित मन्‍त्रयुक्‍त यज्ञादि कर्म को कुछ लोग दोष युक्‍त बताते है; परंतु वह मन्‍त्रयुक्‍त यज्ञादि धर्म भी निष्‍कामभाव से किये जाने पर वैराग्‍य का हेतु है। तथा शुद्ध धर्म–शम, दम आदि के निरन्‍तर पालन में भी वही निमित्त बनता है। मनुष्‍य रजोगुण के अधीन होने पर उसके द्वारा भाँति-भाँति के अधर्मयुक्‍त एवं अर्थयुक्‍त कर्म करने लगता है, तथा वह सम्‍पूर्ण भोगों का अत्‍यन्‍त आसक्तिपूर्वक सेवन करता है। तमोगुण द्वारा मनुष्‍य क्रोध और क्रोधजनित कर्मों का सेवन करता हैं, हिंसात्‍मक कर्मों में उसकी विशेष आसक्ति हो जाती है, तथा वह हर समय निद्रा-तन्‍द्रा से घिरा रहता है। सत्‍वगुण में स्थित हुआ पुरुष शुद्ध सात्त्विक भावों को ही देखता और उन्‍हीं का आश्रय लेता है। वह अत्‍यन्‍त निर्मल और कान्तिमान होता है। उसमें श्रद्धा और विद्या की प्रधानता होती है।

इस प्रकार श्रीमहाभारत शान्तिपर्व के अन्‍तर्गत मोक्षधर्मपर्वमें श्रीकृष्‍ण सम्‍बन्‍धी अध्‍यात्‍म कथन विषयक दो सौ बारहवाँ अध्‍याय पूरा हुआ।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः