महाभारत शल्य पर्व अध्याय 63 श्लोक 41-58

त्रिषष्टितम (63) अध्याय: शल्य पर्व (गदा पर्व)

Prev.png

महाभारत: शल्य पर्व:त्रिषष्टितम अध्याय: श्लोक 41-58 का हिन्दी अनुवाद

भारत! समस्त पाण्डव सदा से ही आपकी इच्छा के अनुसार बर्ताव करने वाले हैं। उन्होंने बहुत प्रयत्न किया कि किसी तरह हमारे कुल का तथा क्षत्रिय समूह का विनाश न हो। धर्मवत्सल युधिष्ठिर ने अपने भाइयों के साथ नियत समय की प्रतीक्षा करते हुए सारा कष्ट चुपचाप सहन किया था। पाण्डव शुद्ध भाव से आपके पास आये थे तो भी उन्‍हें कपटपूर्वक जुएं में हराकर वनवास दिया गया। उन्होंने नाना प्रकार के वेशों में अपने को छिपाकर अज्ञातवास का कष्ट भोगा। इसके सिवा और भी बहुत-से क्लेश उन्हें असमर्थ पुरुषों के समान सदा सहन करने पड़े हैं। जब युद्ध का अवसर उपस्थित हुआ, उस समय मैंने स्वयं आकर शान्ति स्थापित करने के लिये सब लोगों के सामने आपसे केवल पांच गांव मांगे थे। परंतु काल से प्रेरित हो आपने लोभवश वे पांच गांव भी नहीं दिये। नरेश्वर! आपके अपराध से समस्त क्षत्रियों का विनाश हो गया। भीष्म, सोमदत्त, बाह्लीक, कृपाचार्य, द्रोणाचार्य, अश्वत्थामा और बुद्धिमान विदुर जी ने भी सदा आपसे शान्ति के लिये याचना की थी; परंतु आपने यह कार्य नहीं किया। भारत! जिनका चित्त काल के प्रभाव से दूषित हो जाता है, वे सब लोग मोह में पड़ जाते हैं। जैसे कि पहले युद्ध की तैयारी के समय आपकी भी बुद्धि मोहित हो गयी थी। इसे कालयोग के सिवा और क्या कहा जा सकता है? भाग्य ही सबसे बड़ा आश्रय है। महाप्राज्ञ! आप पाण्डवों पर दोषारोपण न कीजियेगा।

परंतप! धर्म, न्याय और स्नेह की दृष्टि से महात्मा पाण्डवों का इसमें थोड़ा-सा भी अपराध नहीं है। यह सब अपने ही अपराधों का फल है, ऐसा जानकर आपको पाण्डवों के प्रति दोषदृष्टि नहीं करनी चाहिए। अब तो आपका कुल और वंश पाण्डवों से ही चलने वाला है। नाथ! आपको और गांधारी देवी को पिण्डा-पानी तथा पुत्र से प्राप्त होने वाला सारा फल पाण्डवों से ही मिलने वाला है। उन्हीं पर यह सब कुछ अवलम्बित है। कुरुप्रवर! पुरुषसिंह! आप और यशस्वी गांधारी देवी कभी पाण्डवों की बुराई करने की बात न सोचें। भरतश्रेष्ठ! इन सब बातों तथा अपने अपराधों का चिन्तन करके आप पाण्डवों के प्रति कल्याण-भावना रखते हुए उनकी रक्षा करें। आपको नमस्कार है। महाबाहो! भरतवंश के सिंह! आप जानते हैं कि धर्मराज युधिष्ठिर के मन में आपके प्रति कितनी भक्ति और कितना स्वाभाविक स्नेह है। अपने अपराधी शत्रुओं का ही यह संहार करके वे दिन-रात शोक की आग में जलते हैं, कभी चैन नहीं पाते हैं। पुरुषसिंह! आप और यशस्विनी गांधारी देवी के लिये निरन्तर शोक करते हुए नरश्रेष्ठ युधिष्ठिर को शान्ति नहीं मिल रही है। आप पुत्र शोक से सर्वथा संतप्त है। आपकी बुद्धि और इन्द्रियां शोक से व्याकुल हैं। ऐसी दशा में वे अत्यन्त लज्जित होने के कारण आपके सामने नहीं आ रहे हैं। महाराज! यदुश्रेष्ठ श्रीकृष्ण राजा धृतराष्ट्र से ऐसा कहकर शोक से दुर्बल हुई गांधारी देवी से यह उत्तम वचन बोले-

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः