महाभारत भीष्म पर्व अध्याय 106 श्लोक 41-58

षडधिकशततम (106) अध्याय: भीष्म पर्व (भीष्‍मवध पर्व)

Prev.png

महाभारत: भीष्म पर्व: षडधिकशततम अध्याय: श्लोक 41-58 का हिन्दी अनुवाद


महाबाहु कुन्तीकुमार अर्जुन को भीष्म के साथ युद्ध करने के लिये उद्यत देख युधिष्ठिर की वह भागती हुई विशाल सेना पुनः लौट आयी। तब बार-बार सिंहनाद करते हुए कुरुश्रेष्ठ भीष्म ने धनंजय के रथ पर शीघ्र ही बाणों की वर्षा आरम्भ कर दी। भारत! एक ही क्षण में बाणों की उस भारी वर्षा के कारण सारथि और घोड़ोंसहित उनका वह रथ ऐसा अदृश्य हो गया कि उसका कुछ पता ही नहीं चलता था। भगवान श्रीकृष्ण बिना किसी घबराहट के धैर्य धारण कर भीष्म के सायकों से क्षत-विक्षत हुए उन घोड़ों को शीघ्रतापूर्वक हाँक रहे थे। तब कुन्तीकुमार ने मेघ के समान गंभीर घोष करने वाले अपने दिव्य धनुष को हाथ में लेकर तीखे बाणों द्वारा भीष्म के धनुष को काट गिराया।

धनुष कट जाने पर आपके ताऊ कुरुकुल रत्न भीष्म ने पुनः दूसरा धनुष हाथ में ले पलक मारते मारते उसके ऊपर प्रत्यंचा चढ़ा दी। तदनन्तर मेघों के समान गम्भीर नाद करने वाले उस धनुष को उन्होंने दोनों हाथों से खींचा। इतने ही कुपित हुए अर्जुन ने उनके उस धनुष को भी काट दिया। शत्रुदमन नरेश! उस समय शान्तनुकमार गंगानन्दन भीष्म ने धनुर्धरों में श्रेष्ठ कुन्तीपुत्र अर्जुन की उस फुर्ती के लिये उनकी भूरि-भूरि प्रशंसा की और इस प्रकार कहा- 'महाबाहो! कुन्तीकुमार! बहुत अच्छा, बहुत अच्छा, तुम्हें साधुवाद।' ऐसा कहकर भीष्म ने पुनः दूसरा सुन्दर धनुष लेकर समरांगण में अर्जुन के रथ की ओर बाणों की वर्षा आरम्भ कर दी।

भगवान श्रीकृष्ण ने घोड़ों के हाँकने की कला में अपनी अद्भुत शक्ति दिखायी। वे भाँति-भाँति के पैंतरे दिखाते हुए भीष्म के बाणों को व्यर्थ करते जा रहे थे। युद्धस्थल में भगवान श्रीकृष्ण कुशलतापूर्वक सारथ्यकर्म करते दिखायी दिये। राजेन्द्र! भीष्म अत्यन्त क्रोध में भरकर युद्ध में पार्थ के ऊपर बार बार बाणों की वर्षा करते रहे। यह अद्‌भुत सी बात थी। फिर शत्रुदमन अर्जुन ने भी क्रोध में भरकर युद्ध के लिये अपने सामने खड़े हुए भीष्म पर बाणों की वर्षा प्रारम्भ कर दी। वे दोनों रणदुर्जय वीर एक दूसरे से युद्ध कर रहे थे। उस समय पुरुषसिंह श्रीकृष्ण और अर्जुन दोनों ही भीष्म के बाणों से क्षत-विक्षत हो सींगों के आघात से घायल हुए दो रोष भरे साँड़ों के समान सुशोभित हो रहे थे। तत्पश्चात भीष्म ने भी रणक्षेत्र में अत्यन्त क्रुद्ध होकर अपने बाणों द्वारा बलपूर्वक अर्जुन के मस्तक पर आघात किया। उसके बाद वे बार बार सिंह के समान गर्जना करने लगे।

भगवान श्रीकृष्ण ने देखा कि अर्जुन मन लगाकर युद्ध नहीं कर रहे हैं। वे भीष्म के प्रति कोमलता दिखा रहे हैं और उधर भीष्म युद्ध में सेना के मध्यभाग में खड़े हो निरन्तर बाणों की वर्षा करते हुए दोपहर के सूर्य के समान तप रहे हैं। पाण्डव सेना के चुने हुए उत्तमोत्तम वीरों को मार रहे हैं और युधिष्ठिर की सेना में प्रलयकाल सा दृश्य उपस्थित कर रहे हैं। तब शत्रुवीरों का नाश करने वाले महाबाहु माधव को यह सहन नहीं हुआ। आर्य! वे योगेश्वर भगवान वासुदेव चाँदी के समान सफेद रंग वाले अर्जुन के घोड़ों को छोड़कर उस विशाल रथ से कूद पड़े और केवल भुआओं का ही आयुध लिये हाथों में चाबुक उठाये बार बार सिहंनाद करते हुए बलवान एवं तेजस्वी श्रीहरि भीष्म की ओर बड़े वेग से दौड़े। सम्पूर्ण जगत के स्वामी, अमित तेजस्वी भगवान श्रीकृष्ण क्रोध से लाल आँखें करके भीष्म को मार डालने की इच्छा लेकर पैरों की धमक से वसुधा को विदीर्ण सी कर रहे थे।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः