महाभारत कर्ण पर्व अध्याय 49 श्लोक 50-69

एकोनपंचाशत्तम (49) अध्याय: कर्ण पर्व

Prev.png

महाभारत: कर्ण पर्व: एकोनपंचाशत्तम अध्याय: श्लोक 50-69 का हिन्दी अनुवाद

उस समय राधापुत्र कर्ण पाण्डु नन्दन युधिष्ठिर का पीछा करके वज्र, छत्र, अंकुश, मत्स्य, ध्वज, कर्म और कमल आदि शुभ लक्षणों से सम्प‍न्न गोरे हाथ से उनका कंधा छूकर, मानो अपने आपको पवित्र करने के लिये उन्हें बलपूर्वक पकड़ने की इच्छा करने लगा। उसी समय उसे कुन्ती देवी को दिये हुए अपने वचन का स्मरण हो आया। उस समय राजा शल्य ने कहा 'कर्ण! इन नृपश्रेष्ठ युधिष्ठिर को हाथ न लगाना, अन्यथा वे पकड़ते ही तुम्हारा वध करके अपनी क्रोधाग्नि से तुम्हें भस्म कर डालेंगे।

राजन! तब कर्ण जोर-जोर से हंस पड़ा और पाण्डुपुत्र युधिष्ठिर की निन्दा सा करता हुआ बोला ‘युधिष्ठिर! जो क्षत्रिय कुल में उत्पन्न हो, क्षत्रिय धर्म में तत्पर रहता हो, वह महासमर में प्राणों की रक्षा के लिये भयभीत हो युद्ध छोड़कर भाग कैसे सकता है मेरा तो ऐसा विश्वास है कि तुम क्षत्रिय धर्म में निपुण नहीं हो। ‘कुन्ती कुमार! तुम ब्राह्मबल, स्वाध्याय एवं यज्ञ-कर्म में ही कुशल हो; अत: न तो युद्ध किया करो और न वीरों के सामने ही जाओ। ‘माननीय नरेश! न इन वीरों से कभी अप्रिय वचन बोलो और न महान युद्ध में पैर ही रखो। यदि अप्रिय वचन बोलना ही हो तो दूसरों से बोलना; मेरे जैसे वीरों से नहीं। ‘युद्ध में मेरे जैसे लोगों से अप्रिय वचन बोलने पर तुम्हें यही तथा दूसरा कुफल भी भोगना पड़ेगा। अत: कुन्ती नन्दन! अपने घर चले जाओ अथवा जहाँ श्रीकृष्ण और अर्जुन हों वही पधारो। राजन! कर्ण समरांगण में किसी तरह भी तुम्हारा वध नहीं करेगा।

महाबली कर्ण ने युधिष्ठिर से ऐसा कहकर फिर उन्हें छोड़ दिया और जैसे वज्रधारी इन्द्र असुर सेना का संहार करते हैं, उसी प्रकार पाण्डव सेना का विनाश आरम्भ कर दिया। राजन! तब राजा युधिष्ठिर लजाते हुए से तुरंत रणभूमि से भाग गये। राजा को रणक्षेत्र से हटा हुआ जानकर चेदि, पाण्डव और पांचाल वीर, महारथी सात्यकि, द्रौपदी के शूरवीर पुत्र तथा पाण्डु नन्दन माद्रीकुमार नकुल-सहदेव भी धर्म मर्यादा से कभी च्युत न होने वाले युधिष्ठिर के पीछे-पीछे चल दिये। तदनन्तर युधिष्ठिर सेना को युद्ध से विमुख हुई देख हर्ष में भरे हुए वीर कर्ण ने कौरव सैनिकों को साथ लेकर कुछ दूर तक उसका पीछा किया। उस समय भेर, शखं, मृदंग और धनुषों की ध्वनि सब ओर फैल रही थी तथा दुर्योधन के सैनिक सिंह के समान दहाड़ रहे थे।

कुरुवंशी महाराज! युधिष्ठिर के घोड़े थक गये थे; अत: उन्होंने तुरंत ही श्रुतकीर्ति के रथ पर आरुढ़ हो कर्ण के पराक्रम को देखा। अपनी सेना को खदेड़ी जाती हुई देख धर्मराज युधिष्ठिर ने कुपित हो अपने पक्ष के योद्धाओं से कहा ‘अरे! क्यों चुप बैठे हो इन शत्रुओं को मार डालो’। राजा की यह आज्ञा पाते ही भीमसेन आदि समस्त पाण्डव महारथी आपके पुत्रों पर टूट पड़े। भारत! फिर तो वहाँ इधर-उधर सब ओर रथी, हाथी सवार, घुड़सवार और पैदल योद्धाओं एवं अस्त्र शस्त्रों का भयंकर शब्द गूंजने लगा। 'उठो, मारो, आगे बढ़ो, टूट पड़ो' इत्यादि वाक्य बोलते हुए सब योद्धा उस महासमर में एक दूसरे को मारने लगे। उस समय वहाँ अस्त्रों से आवृत हो परस्पर करने वाले नरश्रेष्ठ वीरों के चलाये हुए बाणों की वृष्ठि से आकाश में मेघों की छाया-सी छा रही थी।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः