एकोनशततम (99) अध्याय: भीष्म पर्व (भीष्मवध पर्व)
महाभारत: भीष्म पर्व: एकोनशततम अध्याय: श्लोक 1-22 का हिन्दी अनुवाद
उधर राजा युधिष्ठिर, पाण्डुकुमार भीमसेन, माद्रां के दोनों पुत्र नकुल और सहदेव सब सेनाओं तथा व्यूह के अग्र भाग में कवच बाँधकर खड़े हुए। धृष्टद्युम्न, राजा विराट और महारथी सात्यकि- ये शत्रु सेना का विनाश करने वाले वीर भी विशाल सेना के साथ व्यूह में यथास्थान स्थित थे। महाराज! शिखण्डी, अर्जुन, राक्षस घटोत्कच, महाबाहु चेकितान तथा पराक्रमी कुन्तिभोज - ये विशाल सेना से घिरे हुए वीर युद्धभूमि में यथायोग्य स्थान पर खड़े थे। महाधनुर्धर अभिमन्यु, महाबली द्रुपद, विशाल धनुष धारण करने वाले युयुधान, पराक्रमी युधामन्यु और पाँचों भाई केकय राजकुमार - ये कवच धारण करके युद्ध के लिये तैयार खड़े थे। इस प्रकार शूरवीर पाण्डव भी समरांगण में अत्यन्त दुर्जय महाव्यूह की रचना करके कवच बाँध युद्ध के लिये तैयार थे। संजय कहते हैं- राजन्! आपकी सेना के नरेश अपनी-अपनी सेनाओं के साथ युद्ध के लिए उद्यत हो भीष्म को आगे करके पाण्डवों पर चढ़ आये। नरेश्वर! उसी प्रकार भीमसेन आदि पाण्डवों ने भी आपकी सेना पर आक्रमण किया। संग्राम में भीष्म के साथ युद्ध की इच्छा रखने वाले विजयाभिलाषी पाण्डव सिंहनाद, किल-किल शब्द, शंखध्वनि, क्रकच, गोश्रृंग, भेरी, मृदंग, पणव तथा पुष्कर आदि बाजों को बजाते तथा भैरव-गर्जना करते हुए कौरव सेना पर चढ़ आये। भेरी, मृदंग शंख और दुन्दुभियों की ध्वनि एवं उच्च स्वर से सिंहनाद करते तथा अनेक प्रकार से अपनी शेखी बघारते हुए हम लोगों ने भी बड़ी उतावली के साथ अत्यन्त क्रुद्ध हो सहसा उन पर आक्रमण किया और उनकी गर्जना का उत्तर हम भी अपनी गर्जना द्वारा ही देने लगे। उस समय उभय पक्ष के सैनिकों में महान् युद्ध होने लगा। दोनों पक्ष के योद्धा एक दूसरे पर धावा करते हुए अस्त्र-शस्त्रों का प्रहार करने लगे। उस समय जो महान् कोलाहल हुआ, उससे सारी पृथ्वी काँपने लगी। पक्षी अत्यन्त घोर शब्द करते हुए आकाश में चक्कर काटने लगे। सूर्य यद्यपि तेजस्वी रूप में उदित हुआ था, तथापि उस समय निस्तेज हो गया। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज