अष्टाशीतितम (88) अध्याय: कर्ण पर्व
महाभारत: कर्ण पर्व: अष्टाशीतितम अध्याय: श्लोक 1-13 का हिन्दी अनुवाद
तदनन्तर कौरव और पाण्डव पक्ष के समस्त योद्धा बड़े हर्ष में भरकर वाद्य, शंखध्वनि, सिंहनाद और कोलाहल से रणभूमि एवं सम्पूर्ण दिशाओं को प्रतिध्वनित करते हुए समस्त शत्रुओं का संहार करने लगे। उस समय हाथी, अश्व, रथ और पैदल सैनिकों से भरा हुआ बाण, खड्ग, शक्ति और ऋष्टि आदि अस्त्र-शस्त्रों के प्रहार से दुःसह प्रतीत होने वाला एवं मृतकों के शरीर से व्याप्त हुआ वह वीर से वित समरांगण खून से लाल दिखायी देने लगा। जैसे पूर्वकाल में देवताओं का असुरों के साथ संग्राम हुआ था, उसी प्रकार पाण्डवों का कौरवों के साथ युद्ध होने लगा। अर्जुन और कर्ण के बाणों से वह अत्यन्त दारुण तुमुल युद्ध आरम्भ होने पर वे दोनों कवचधारी वीर अपने पैने बाणों से परस्पर सम्पूर्ण दिशाओं तथा सेना को आच्छादित करने लगे। तत्पश्चात आपके और शत्रुपक्ष के सैनिक जब बाणों से फैले हुए अन्धकार में कुछ भी देख न के, वह भय से आतुर हो उन दोनों प्रधान रथियों की शरण में आ गये। फिर तो चारों ओर अदभुत युद्ध होने लगा। तदनन्तर जैसे पूर्व और पश्चिम की हवाएँ एक दुसरी को दबाती हैं, उसी प्रकार वे दोनों वीर एक दूसरे के अस्त्रों को अपने अस्त्रों द्वारा नष्ट करके फैले हुए प्रगाढ़ अन्धकार में उदित हुए सूर्य और चन्द्रमा के समान अत्यन्त प्रकाशित होने लगे। किसी को युद्ध से मुँह मोड़कर भागना नहीं चाहिये इस नियम से प्रेरित होकर आपके और शत्रुपक्ष के सैनिक उन दोनों महारथियों को चारों ओर से घेरकर उसी प्रकार युद्ध में डटे रहे, जैसे पूर्वकाल में देवता और असुर, इन्द्र और शम्बरासुर को घेरकर खडे़ हुए थे। दोनों दलों में होती हुई मृदंग, भेरी, पणव और आनक आदि वाद्यों की ध्वनि के साथ वे दोनों नरश्रेष्ठ जोर-जोर से सिंहनाद कर रहे थे, उस समय वे दोनों पुरुषरत्न मेंघों की गम्भीर गर्जना के साथ उदित हुए चन्द्रमा और सूर्य के समान प्रकाशित हो रहे थे। रणभूमि में दोनों वीर चराचर जगत को दग्ध करने की इच्छा से प्रकट हुए प्रलयकाल के दो सूर्यों के समान शत्रुओं के लिये दुःसह हो रहे थे। कर्ण और अर्जुनरूप वे दोनों सूर्य अपने विशाल धनुषरूपी मण्डल के मध्य में प्रकाशित होते थे। सहस्रों बाण ही उनकी किरण थे और वे दोनों ही महान तेज से सम्पन्न दिखायी देते थे। दोनों ही अजेय और शत्रुओं का विनाश करने वाले थे। दोनों ही अस्त्र-शस्त्रों के विद्वान और एक दूसरे के वध की इच्छा रखने वाले थे। कर्ण और अर्जुन दोनों वीर इन्द्र और जम्भासुर के समान उस महासमर में निर्भय विचरते थे। नरेश्वर! वे महाधनुर्धर और महारथी वीर महान अस्त्रों का प्रयोग करते हुए अपने भयानक बाणों द्वारा असंख्य मनुष्यों, घोड़ों और हाथियों का संहार करते हुए आपस में भी एक दूसरे को चोट पहुँचाते थे। जैसे सिंह के द्वारा घायल किये हुए जंगली पशु सब ओर भागने लगते हैं, उसी प्रकार उन नरश्रेष्ठ वीरों के द्वारा बाणों से पीड़ित किये हुए कौरव तथा पाण्डव सैनिक हाथी, घोडे़, रथ और पैदलों सहित दसों दिशाओं में भाग खडे़ हुए। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज