एकोननवतितम (89) अध्याय: भीष्म पर्व (भीष्मवध पर्व)
महाभारत: भीष्म पर्व: एकोननवतितम अध्याय: श्लोक 1-22 का हिन्दी अनुवाद
संजय ने कहा- प्रभो! उस समय आपने जो विदुर जी के कहे हुए उत्तम एवं हितकारक वचन को नहीं सुना (सुनकर भी उस पर ध्यान नहीं दिया), उसी का यह फल प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा था कि आप अपने पुत्रों को जूआ खेलने से रोकिये। पाण्डवों से द्रोह न कीजिये। आपका हित चाहने वाले अन्यान्य सुहृदों ने भी आपसे वे ही बातें कही थीं; परंतु जैसे मरणासन्न पुरुष को हितकारक औषधि अच्छी नहीं लगती, उसी प्रकार आप उन हितकर वचनों को सुनना भी नहीं चाहते थे। अतः श्रेष्ठ विदुर ने जैसा बताया था, वैसा ही परिणाम आपके सामने आया है। विदुर, द्रोण, भीष्म तथा अन्य हितैषियों के हितकर वचनों को न मानने के कारण इन कौरवों का विनाश हो रहा है। प्रजापालक नरेश! यह सब तो पहले से ही प्राप्त है। अब आप जिस प्रकार युद्ध हुआ, उसका यथावत् समाचार सुनिये। राजन्! उस दिन दोपहर होते-होते बड़ा भंयकर संग्राम होने लगा, जो सम्पूर्ण जगत के योद्धाओं का विनाश करने वाला था। वह सब मैं कह रहा हूँ सुनिये। तदनन्तर धर्मपुत्र युधिष्ठिर के आदेश से क्रोध में भरी हुई उनकी सारी सेनाएँ भीष्म पर ही टूट पडी। वे भीष्म को मार डालना चाहती थीं। महाराज! धृष्टद्युम्न, शिखण्डी तथा महारथी सात्यकि इन सबने अपनी सेनाओं के साथ भीष्म पर ही आक्रमण कर दिया। राजा विराट और सम्पूर्ण सोमकों सहित द्रुपद ने संग्राम में महारथी भीष्म पर ही चढ़ाई की। नरेश्वर! केकय, धृष्टकेतु और कवचधारी कुन्तिभोज इन सबने अपनी सेनाओं के साथ भीष्म पर ही धावा किया। अर्जुन, द्रौपदी के पाँचों पुत्र और पराक्रमी चेकितान ये दुर्योधन के भेजे हुए समस्त राजाओं पर चढ़ आये। शूरवीर अभिमन्यु, महारथी घटोत्कच तथा क्रोध में भरे हुए भीमसेन- इन सबने कौरवों पर धावा किया। राजन्! पाण्डवों ने तीन दलों में विभक्त होकर कौरवों का वध आरम्भ किया। इसी प्रकार कौरव भी रणभूमि में शत्रुओं का नाश करने लगे। द्रोणाचार्य ने श्रेष्ठ रथी सोमकों और सृंजयों को यमलोक भेजने के लिए क्रोधपूर्वक उनके ऊपर धावा बोल दिया। |
टीका टिप्पणी और संदर्भ
संबंधित लेख
वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज