महाभारत अनुशासन पर्व अध्याय 160 श्लोक 1-20

षष्‍टयधिकशततम (160) अध्‍याय: अनुशासन पर्व (दानधर्म पर्व)

Prev.png

महाभारत: अनुशासनपर्व: षष्‍टयधिकशततम अध्याय: श्लोक 1-20 का हिन्दी अनुवाद


श्रीकृष्‍ण द्वारा भगवान शंकर के माहात्‍म्‍य का वर्णन

युधिष्ठिर ने पूछा- मधुसूदन! उस समय दुर्वासा के प्रसाद से इहलोक में आपको जो विज्ञान प्राप्‍त हुआ, उसे विस्‍तारपूर्वक मुझे बताइये। बुद्धिमानों में श्रेष्‍ठ श्रीकृष्‍ण! उन महात्‍मा के महान सौभाग्‍य को ओर उनके नामों को मैं यथार्थ रूप से जानना चाहता हूँ। वह सब विस्‍तारपूर्वक बताइये।

भगवान श्रीकृष्‍ण ने कहा- राजन! मैं जटाजूटधारी भगवान शंकर को नमस्‍कार करके प्रसन्‍नतापूर्वक यह बता रहा हूँ कि मैंने कौन-सा श्रेय प्राप्‍त किया और किस यश का उपार्जन किया।

प्रजानाथ! मैं प्रतिदिन प्रात:काल उठकर मन और इन्द्रियों को संयम में रखते हुए हाथ जोड़कर जिस शतरुद्रिय का जप एवं पाठ करता हूँ, उसे बता रहा हूँ, सुनो।

तात! महातपस्‍वी प्रजापति ने तपस्या के अन्‍त में उस शतरुद्रिय की रचना की और शंकर जी ने समस्‍त चराचर प्राणियों की सृष्टि की। प्रजानाथ! तीनों लोकों में महादेव जी से बढ़कर दूसरा कोई श्रेष्‍ठ देवता नहीं है; क्‍योंकि वे समस्‍त भूतों की उत्‍पति के कारण हैं। उन महात्‍मा शंकर के सामने कोई भी बड़ा होने का साहस नहीं कर सकता। तीनों लोकों में कोई भी प्राणी उनकी समता करने वाला नहीं है। ग्राम में जब वे कुपित होते हैं, उस समय उनकी गन्‍ध से भी सारे शत्रु अचेत और मृतप्राय: होकर थर-थर काँपने एवं गिरने लगते हैं। संग्राम में मेघगर्जना के समान गम्भीर उनका घोर सिंहनाद सुनकर देवताओं का भी हृदय विदीर्ण हो सकता है। पिनाकधारी रुद्र कुपित होकर जिन्‍हें भयंकर रूप से देख लें, उनके भी हृदय के टुकड़े-टुकड़े हो जायें।

संसार में भगवान शंकर के कुपित हो जाने पर देवता, असुर, गन्धर्व और नाग यदि भागकर गुफ़ा में छिप जायें तो भी सुख से नहीं रह सकते। प्रजापति दक्ष जब यज्ञ कर रहे थे, उस समय उनका यज्ञ आरम्‍भ होने पर कुपित हुए भगवान शंकर ने निर्भय होकर उनके यज्ञ को अपने बाणों से बींध डाला और धनुष से बाण छोड़कर गम्‍भीर स्‍वर में सिंहनाद किया। इससे देवता बेचैन हो गये, फिर उन्‍हें शान्ति कैसे मिले। जब यज्ञ सहसा बाणों से बिंध गया और महेश्‍वर कुपित हो गये, तब बेचारे देवता विषाद में डूब गये। पार्थ! उनके धनुष की प्रत्‍यंचा के शब्‍द से समस्‍त लोक व्‍याकुल और विवश हो उठे और सभी देवता एवं असुर विषाद में मग्‍न हो गये। समुद्र आदि का जल क्षुब्‍ध हो उठा, पृथ्‍वी काँपने लगी, पर्वत पिघलने लगे और आकाश सब ओर से फटने-सा लगा। समस्‍त लोक घोर अन्‍धकार से आवृत्त होने के कारण प्रकाशित नहीं होते थे।

भारत! ग्रहों और नक्षत्रों का प्रकाश सूर्य के साथ ही नष्‍ट (अदृश्‍य) हो गया। सम्‍पूर्ण भूतों का और अपना भी हित चाहने वाले ऋषि अत्‍यन्‍त भयभीत हो शान्ति एवं स्‍वस्तिवाचन आदि कर्म करने लगे। तदनन्‍तर भयानक पराक्रमी रुद्र देवताओं की ओर दौड़े। उन्‍होंने क्रोधपूर्वक प्रहार करके भगदेवता के नेत्र नष्‍ट कर दिये। फिर उन्‍होंने रोष में भरकर पैदल ही पूषादेव का पीछा किया और पुरोडाश भक्षण करने वाले उनके दाँतों को तोड़ डाला। तब सब देवता काँपते हुए वहाँ भगवान शंकर को प्रणाम करने लगे। इधर रुद्रदेव ने पुन: एक प्रज्ज्वलित एवं तीखे बाण का संधान किया।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः