महाभारत शान्ति पर्व अध्याय 29 श्लोक 1-19

एकोनत्रिंश (29) अध्याय: शान्ति पर्व (राजधर्मानुशासन पर्व)

Prev.png

महाभारत: शान्ति पर्व: एकोनत्रिंश अध्याय: श्लोक 1-19 का हिन्दी अनुवाद


श्रीकृष्ण के द्वारा नारद-सृंजय-संवाद के रूप में सोलह राजाओं का उपाख्यान संक्षेप में सुनाकर युधिष्ठिर के शोक निवारण का प्रयत्न
शोकाकुल युधिष्ठिर को श्रीकृष्ण समझाते हुए

वैशम्पायन जी कहते हैं- जनमेजय! सबके समझाने बुझाने पर भी जब धर्मपुत्र महाराज युधिष्ठिर मौन ही रह गये, तब पाण्डुपुत्र अर्जुन ने भगवान श्रीकृष्ण से कहा।

अर्जुन बोले- माधव! शत्रुओं को संताप देने वाले ये धर्मपुत्र युधिष्ठिर स्वयं भाई-बन्धुओं के शोक से संतप्त हो शोक के समुद्र में डूब गये हैं, आप इन्हें धीर न बँधाइये। महाबाहु जनार्दन! हम सब लोग पुन: महान् संशय में पड़ गये हैं। आप इनके शोक का नाश कीजिये।

वैशम्पायन जी कहते हैं- राजन्! महामना अर्जुन के ऐसा कहने पर अपनी महिमा से कभी च्युत न होने वाले कमलनयन भगवान गोविन्द राजा युधिष्ठिर की ओर घूमे- उनके सम्मुख हुए। धर्मराज युधिष्ठिर भगवान श्रीकृष्ण की आज्ञा का कभी उल्लंघन नहीं कर सकते थे; क्योंकि श्रीकृष्ण बाल्यावस्था से ही उन्हें अर्जुन से भी अधिक प्रिय थे। महाबाहु गोविन्द ने युधिष्ठिर की पत्थर के बने हुए खम्भे जैसी चन्दनचर्चित भुजा को हाथ में लेकर उनका मनोरंजन करते हुए इस प्रकार बोलना आरम्भ किया। उस समय सुन्दर दाँतों और मनोहर नेत्रों से युक्त उनका मुखारविन्द सूर्यादय के समय पूर्णतः विकसित हुए कमल के समान शोभा पा रहा था।

भगवान श्रीकृष्ण बोले- पुरुषसिंह! तुम शोक न करो। शोक तो शरीर को सुखा देने वाला होता है। इस संग्राम में जो वीर मारे गये हैं, वे फिर सहज ही मिल सकें, यह सम्भव नहीं है। राजन्! जैसे सपने में मिले हुए धन जगने पर मिथ्या हो जाते हैं, उसी प्रकार जो क्षत्रिय महासमर में नष्ट हो गये हैं, उनका दर्शन अब दुर्लभ है। संग्राम में शोभा पाने वाले वे सभी शूरवीर शत्रु का सामना करते हुए पराजित हुए हैं। उनमें से कोई भी पीठ पर चोट खाकर या भागता हुआ नहीं मारा गया है। सभी वीर महायुद्ध में जूझते हुए अपने प्राणों का परित्याग करके अस्त्र-शस्त्रों से पवित्र हो स्वर्गलोक में गये हैं, अतः तुम्हें उनके लिये शोक नहीं करना चाहिये। क्षत्रिय-धर्म में तत्पर रहने वाले, वेद-वेदाताओं के पारंगत वे शूरवीर नरेश पुण्यमयी वीर-गति को प्राप्त हुए हैं। पहले के मरे हुए महानुभाव भूपतियों का चरित्र सुनकर तुम्हें अपने उन बन्धुओं के लिये भी शेाक नहीं करना चाहिये। इस विषय में एक प्राचीन इतिहास का उदाहरण दिया जाता है, जैसा कि इन देवर्षि नारद जी ने पुत्र शोक से पीड़ित हुए राजा सृंजन से कहा था।

'सृंजय! मैं, तुम और ये समस्त प्रजावर्ग के लोग कोई भी सुख और दुःखों के बन्धन से मुक्त नहीं हुए हैं एक दिन हम सब लोग मरेंगे भी। फिर इसके लिये शोक क्या करना है? नरेश्वर! मैं पूर्ववर्ती राजाओं के महान् सौभाग्य का वर्णन करता हूँ। सुनो और सावधान हो जाओ। इससे तुम्हारा दुःख दूर हो जायगा। मरे हुए महानुभाव भूपतियों का नाम सुनकर ही तुम अपने मानसिक संताप को शान्त कर लो और मुझसे विस्तारपूर्वक उन सबका परिचय सुनो। उन पूर्ववर्ती राजाओं का श्रवण करने योग्य मनोहर वृत्तान्त बहुत ही उत्तम, क्रूर ग्रहों को शान्त करने वाला और आयु को बढ़ाने वाला है। सृंजय! हमने सुना है कि अविक्षित् के पुत्र वे राजा मरुत्त भी मर गये, जिन महात्मा नरेश के यज्ञ में इन्द्र तथा वरुण सहित सम्पूर्ण देवता और प्रजापतिगण बृहस्पति को आगे करके पधारे थे।'

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः