महाभारत अनुशासन पर्व अध्याय 69 श्लोक 1-16

एकोनसप्ततितम (69) अध्‍याय: अनुशासन पर्व (दानधर्म पर्व)

Prev.png

महाभारत: अनुशासन पर्व: एकोनसप्ततितम अध्याय: श्लोक 1-16 का हिन्दी अनुवाद


गोदान की महिमा तथा गौओं और ब्राह्मणों की रक्षा से पुण्‍य की प्राप्ति

युधिष्ठिर ने कहा- महाप्रज्ञ कुरुश्रेष्ठ! आप दान की उत्तम विधि का फिर से वर्णन कीजिये। विशेषतः भूमिदान का महत्त्व बताइये। केवल क्षत्रिय राजा ही यज्ञ करने वाले ब्राह्मण को पृथ्वी का दान कर सकता है और उसी से ब्राह्मण विधिपूर्वक भूमि का प्रतिग्रह ले सकता है। दूसरा कोई यह दान नहीं कर सकता। दान के फल की इच्छा रखने वाले सभी वर्णों के लोग जो दान कर सकें तथा वेद में जिस दान का वर्णन हो, उसकी मेरे समक्ष व्याख्या कीजिये।

भीष्म जी बोले- युधिष्ठिर! गाय, भूमि और सरस्वती- ये तीनों समान नाम वाली हैं। इन तीनों वस्तुओं का दान करना चाहिए। ये तीनों वस्तऐं मनुष्यों की सम्पूर्ण कामनाऐं पूर्ण करने वाली हैं। जो ब्राह्मण अपने शिष्य को धर्मानुकूल ब्राह्मी सरस्वती (वेदवाणी) का उपदेश करता है, वह भूमिदान तथा गोदान के समान फल का भागी होता है। इस प्रकार गोदान की प्रशंसा की गई है। उससे बढ़कर कोई दान नहीं है। युधिष्ठिर! गोदान का फल निकट भविष्य में मिलता है तथा वे गौएँ शीघ्र अभीष्ट अर्थ की सिद्धि करती हैं। गौएँ सम्पूर्ण प्राणियों की माताऐं कहलाती हैं। वे सब को सुख देने वाली हैं। जो अपने अभ्युदय की इच्छा रखता हो, उसे गौओं को सदा दाहिने करके चलना चाहिये। गौआों को लात न मारें। उनके बीच से होकर न निकलें। वे मंगल की आधारभूत देवियाँ है, अतः उनकी सदा ही पूजा करनी चाहिये।

देवताओं ने भी यज्ञ के लिये भूमि जोतते समय बैलों को डंडे आदि से हाँका था। अतः पहले यज्ञ के लिये बैलों को जोतना या हाँकना श्रेयस्कर माना गया है। उससे भिन्न कर्म के लिये बैलों को जोतना या डंडे आदि से हाँकना निन्दनीय है। विद्वान पुरुष को चाहिये कि जब गौएँ स्वछन्दतापूर्वक विचर रही हों अथवा किसी उपद्रवशून्य स्थान में बैठी हों तो उन्हें उद्वेग में न डालें। जब गौएँ प्यास से पीड़ित हो जल की इच्छा से अपने स्वामी की ओर देखती हैं (और वह उन्हें पानी नहीं पिलाता है), तब वे दोषपूर्ण दृष्टि से बन्धू-वान्धवों सहित उसका नाश कर देती हैं। जिनके गोबर से लीपने पर देवताओं के मन्दिर और पितरों के श्राद्ध स्थान पवित्र होते हैं, उनसे बढ़कर पावन और क्या हो सकता है? जो एक वर्ष तक प्रतिदिन स्‍वयं भोजन से पहले दूसरे की गाय को एक मुट्ठी घास खिलाता है, उसका वह व्रत समस्त कामनाओं का पूर्ण करने वाला होता है। वह अपने लिये पुत्र, यश, धन और सम्पत्ति प्राप्त करता है तथा अशुभ कर्म और दुःस्वप्न का नाश कर देता है।

युधिष्ठिर ने पूछा- पितामह! किन लक्षणों वाली गौओं का दान करना चाहिये और किन का दान नहीं करना चाहिये? कैसे ब्राह्मण को गाय देनी चाहिये और कैसे ब्राह्मण को गाय नहीं देनी चाहिये?

भीष्म जी ने कहा- राजन! दुराचरी, पापी, लोभी, असत्यवादी तथा देवयज्ञ और श्राद्ध कर्म न करने वाले ब्राह्मण को किसी तरह गौ नहीं देनी चाहिये। जिसके बहुत से पुत्र हों, जो श्रोत्रिय (वेदवेत्ता) और अग्निहोत्री ब्राह्मण हो और गौओं के लिये याचना कर रहा हो, ऐसे पुरुष को दस गौओं का दान करना वाला दाता उत्तम लोकों को पाता है।

Next.png

टीका टिप्पणी और संदर्भ

संबंधित लेख

वर्णमाला क्रमानुसार लेख खोज

                                 अं                                                                                                       क्ष    त्र    ज्ञ             श्र    अः